Thursday, 1 October 2026

आजमगढ़ अहरौला शम्भूपुर घटना के तीनों पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता राशि की घोषणा महेन्द्र पाठक व अखिलेश मिश्रा के परिजनों को 5-5 लाख, 2 बच्चियों को 2.50-2.50 लाख रुपये मिलेंगे


 आजमगढ़ अहरौला शम्भूपुर घटना के तीनों पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता राशि की घोषणा



महेन्द्र पाठक व अखिलेश मिश्रा के परिजनों को 5-5 लाख, 2 बच्चियों को 2.50-2.50 लाख रुपये मिलेंगे


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना अहरौला क्षेत्र के ग्राम शम्भूपुर, तहसील बूढ़नपुर में 21 सितंबर 2026 को हुई घटना में मृतकों के तीनों पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहायता राशि घोषित की है। शासन की घोषणा के अनुसार स्वर्गीय महेन्द्र पाठक एवं स्वर्गीय अखिलेश मिश्रा के पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं, तीसरे परिवार में माता-पिता एवं भाई की मृत्यु के बाद बची दो छोटी बच्चियों के लिए 2.50-2.50 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। घटना के बाद जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ ने तीनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और शोक संवेदना व्यक्त की। जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों के पात्र सदस्यों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।


 प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम सहित अन्य योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन की अपील पर समाज के एक गणमान्य व्यक्ति द्वारा भी तीनों पीड़ित परिवारों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं सहायता का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।