Monday, 15 December 2025

आजमगढ़ माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह की कोर्ट में हुई पेशी, पुलिस फोर्स रही तैनात


 आजमगढ़ माफिया ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह की कोर्ट में हुई पेशी, पुलिस फोर्स रही तैनात



उत्तर प्रदेश आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के कुख्यात माफिया ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आजमगढ़ कोर्ट में पेश किया गया। कुंटू सिंह पर गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह वर्तमान में विभिन्न हत्या एवं अपराधों में सजा काट रहे हैं।


 सूत्रों के अनुसार, शहर कोतवाली थाने में दर्ज एक मुकदमे की सुनवाई के सिलसिले में कुंटू सिंह को जेल से कोर्ट लाया गया था। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच कोर्ट परिसर में उन्हें पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान कुंटू सिंह ने लगाए गए आरोपों का विरोध किया और अपनी सफाई में दलीलें पेश कीं। कोर्ट में सुनवाई पूरी होने के बाद कुंटू सिंह को वापस जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कोर्ट परिसर में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए थे।

आजमगढ़ अहरौला भीषण सड़क हादसे में बुझ गया घर का इकलौता चिराग पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, आधा दर्जन यात्री घायल


 आजमगढ़ अहरौला भीषण सड़क हादसे में बुझ गया घर का इकलौता चिराग



पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, आधा दर्जन यात्री घायल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 207 के पास समशाबाद गांव के निकट सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी थी कि बस डिवाइडर से टकराते हुए करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। इस हादसे में बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के लाडो गांव निवासी दीपक चौहान (17) पुत्र रामसूरत चौहान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि हादसे के समय दीपक बस से उतरकर लघुशंका कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


 दीपक तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके असमय निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन सदमे में हैं।हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपनी सुपुर्दगी में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जबकि घायलों को तत्काल सीएचसी अहरौला में प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बस राजस्थान से यात्रियों को लेकर बलिया की ओर जा रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आजमगढ़ अतरौलिया पति-पत्नी ने एक दूसरे को मारा चाकू गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल में करवाया गया भर्ती घरेलू विवाद बना घटना का कारण


 आजमगढ़ अतरौलिया पति-पत्नी ने एक दूसरे को मारा चाकू



गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल में करवाया गया भर्ती


घरेलू विवाद बना घटना का कारण



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के देहुला सल्तनत गांव में रविवार देर शाम घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली बात को लेकर हुए विवाद में पति-पत्नी ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सिराजुद्दीन (50) और उनकी पत्नी शबनम निशा (45) के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया ले गए। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया।


 जिला अस्पताल में उपचाराधीन दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं घायल दंपति के पुत्र इस्तेखार ने बताया कि उनके माता-पिता के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों पर विवाद होता रहता था, लेकिन इस बार विवाद ने उग्र रूप ले लिया और चाकूबाजी की घटना हो गई। पुलिस मामले की जानकारी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।