Monday 25 December 2023

कन्नौज पूर्व प्रधान के पति ने सिपाही को मारी गोली, हालत गंभीर कुर्की का वारंट लेकर पहुंची थी पुलिस, बुलडोजर संग पहुंचे एसपी


 कन्नौज पूर्व प्रधान के पति ने सिपाही को मारी गोली, हालत गंभीर


कुर्की का वारंट लेकर पहुंची थी पुलिस, बुलडोजर संग पहुंचे एसपी



उत्तर प्रदेश कन्नौज में सोमवार की शाम बेहद दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहां अदालत के आदेश पर कुर्की का वारंट लेकर पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गया है। सिपाही को अस्पताल भेजा गया है। वहां से कानपुर रेफर कर दिया गया है।


 गोली चलते ही हड़कंप मच गया। अधिकारियों तक मामला पहुंचा तो बुलडोजर के साथ पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है। मामला बिशुनगढ़ थाने के धमनीधरपुर नगरिया गांव का है। बाताया जाता है कि कोतवाली पुलिस पर पूर्व प्रधान के पति ने घर के अंदर से फायरिंग की गई है। पुलिस ने आरोपी का घर चारों तरफ से घेर लिया है। अंदर से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। पुलिस फोर्स के साथ एसपी भी मौके पर पहुंच गए हैं। बताया जाता है कि बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के धमनी धरपुर नगरिया निवासी पूर्व प्रधान श्यामा देवी के पति अशोक कुमार यादव उर्फ मुन्नालाल यादव के खिलाफ कुर्की वारंट कोर्ट से जारी हुआ था।


 सोमवार शाम बिशनगढ़ थाना अध्यक्ष पारूल चौधरी और छिबरामऊ कोतवाली पुलिस जैसे ही उसके गांव पहुंची तो आरोपी के घर से फायरिंग शुरू हो गई। इससे पहले कि पुलिस खुद को बचा पाती गोली लगने से बिशनगढ़ थाने में तैनात सिपाही सचिन राठी घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया है। तत्काल ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर बुला ली गई। पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार उर्फ मुन्ना यादव के मकान को चारों तरफ से घेर लिया है। फिर भी घर से रुक रुक कर फायरिंग जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह, क्षेत्राधिकार सदर डॉ. प्रियंका बाजपेई समेत कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद भी मौके पर पहुंच चुके हैं। बुलडोजर मशीन को भी मौके पर बुला लिया गया है। माना जा रहा है कि फायरिंग नहीं रुकी या फायरिंग करने वालों ने सरेंडर नहीं किया तो मकान पर बुलडोजर चलाया जा सकता है।

आजमगढ़ कप्तानगंज ट्रेलर की चपेट में आकर बच्ची की मौत, महिला घायल टॉफी खरीदने गई थी 4 साल की मासूम


 आजमगढ़ कप्तानगंज ट्रेलर की चपेट में आकर बच्ची की मौत, महिला घायल


टॉफी खरीदने गई थी 4 साल की मासूम



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ कप्तानगंज थाना क्षेत्र के आजमगढ़-फैजाबाद मार्ग पर सोमवार को ट्रेलर की चपेट में आने से चार साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में बच्ची के साथ मौजूद अधेड़ महिला घायल हो गई। बताया गया की घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले को शांत कराया।


कप्तानगंज थाना क्षेत्र के जेहरा पिपरी निवासी जितेंद्र राजभर की पुत्री चार वर्षीय जान्हवी एक निजी विद्यालय में पढ़ती थी। सोमवार को क्रिसमस का अवकाश था। जिसके कारण वह विद्यालय नहीं गई थी। कस्बा स्थित एक गुमटी पर वह टॉफी लेने के लिए गई थी। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आ गई। बच्ची को चपेट में लेते हुए ट्रेलर ने गुमटी के बगल में चारपाई पर सो रही महिला को भी रौंद दिया। हादसे में जान्हवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चारपाई पर सो रही महिला घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।


 इसकी जानकारी होते ही कप्तानगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना पर सीओ सगड़ी, एएसपी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर लगभग दो घंटे बाद जाम को समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका दो बहनों में बड़ी थी। छोटी का नाम जन्या है। पिता जन सेवा केंद्र का संचालन करते हैं। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

आजमगढ़ दीदारगंज शबनम हत्याकाण्ड का इनामिया आरोपी नवनीत सिंह मुठभेड़ में घायल अभियुक्त के पास से तमंचा, कारतूस व मोबाइल बरामद दिन दहाड़े युवती की गला रेतकर की गई थी हत्या


 आजमगढ़ दीदारगंज शबनम हत्याकाण्ड का इनामिया आरोपी नवनीत सिंह मुठभेड़ में घायल



अभियुक्त के पास से तमंचा, कारतूस व मोबाइल बरामद


दिन दहाड़े युवती की गला रेतकर की गई थी हत्या




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दीदारगंज थाना क्षेत्र में दिन दहाड़े गला रेत कर की गई युवती की हत्या मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया नवनीत सिंह को पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। उसके बायें पैर में गोली लगी है। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से तमंचा, कारतूस, मोबाइल बरामद किया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार बता दें कि उक्त हत्या काण्ड में शामिल शुभम गौतम को कल 24 दिसम्बर 2023 की दोपहर में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।

बताते चलें कि पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुरहन गांव में युवती की दिन दहाड़े हुई हत्या काण्ड को काफी गंभीरता से लेते हुए मामले का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया था। बीती 24 दिसम्बर 2023 की रात प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार अपने हमराहियों के साथ फरार नवनीत सिंह की गिरफ्तारी की तलाश में पल्थी बाजार में मौजूद थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि सुरहन में हत्या की घटना को अंजाम देने वाला अभियुक्त नवनीत सिंह बिहटा मोड़ से कहीं भागने की फिराक में है। 


सूचना पर थाना प्रभारी दीदारगंज अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गये। मुखबिर ने नवनीत सिंह उर्फ गांगुली की पहचान कराई। पुलिस बिहटा मोड़ के पास जैसे ही नवनीत सिंह के करीब पहुंची, नवनीत सिंह द्वारा पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी गयी। पुलिस द्वारा की कई जवाबी कार्यवाही में उसके बायें पैर में गोली लग गयी। पुलिस ने उसे लगभग 11.40 बजे हिरासत में ले लिया। उसके पास से तमंचा, कारतूस बरामद हुए है।


बताते चलें कि 23 दिसम्बर 2023 को आशा देवी पत्नी जैतून राजभर ग्राम सुरहन थाना दीदारगंज ने थाना पर लिखित तहरीर दिया था कि उसकी पुत्री शबनम को नवनीत उर्फ गागुंली पुत्र पुरन सिंह, शुभम गौतम पुत्र जीतू राम समस्त निवासी ग्राम सुरहन थाना दीदारगंज ने चाकू से मार कर उसकी पुत्री शबनम की हत्या कर दिया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा हत्या के मुख्य आरोपी नवनीत सिंह उर्फ गांगुली के खिलाफ 25 हजार रु का इनाम घोषित किया गया था।