Sunday 26 February 2023

आजमगढ़ पवई प्रधान और सेक्रेटरी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा वित्तीय अनियमितता व शासकीय धन गबन का आरोप


 आजमगढ़ पवई प्रधान और सेक्रेटरी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा


वित्तीय अनियमितता व शासकीय धन गबन का आरोप


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पवई विकास खंड की ग्राम सभा रज्जाकपुर के प्रधान और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ वित्तीय अनियमितता के साथ ही साथ शासकीय धन के गबन मामले में मुकदमा दर्ज किया है। खंड विकास अधिकारी पवई विनोद कुमार बिंद द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे से क्षेत्र में खलबली मच गई है। दिसंबर 2022 में ग्राम सभा रज्जाकपुर निवासी प्रदीप यादव द्वारा आयुक्त ग्राम विकास लखनऊ को यह शिकायती पत्र दिया गया था कि प्रधान शीला देवी द्वारा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी लालजीत और तकनीकी सहायक भोलाराम की मिलीभगत से बुद्धू के नलकूप से निजामपुर गांव की सरहद तक 125 मीटर तटबंध का कार्य मनरेगा मजदूरों से न कराकर जेसीबी मशीन द्वारा कराया गया है। 


आयुक्त ग्राम विकास के आदेश के तहत मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आजमगढ़ और सहायक अभियंता डीआरडीए की संयुक्त जांच में यह आरोप सही पाया गया। आरोप सही पाए जाने के उपरांत खंड विकास अधिकारी पवई विनोद कुमार बिंद द्वारा प्रधान, सेक्रेटरी के साथ ही साथ तकनीकी सहायक पर मनरेगा योजना में अनियमितता और शासकीय धन के गबन के संबंध में पवई पुलिस को तहरीर दी गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दिया है।

आजमगढ़ रौनापार बिजली के खंभे से लटका मिला युवक का शव नानी के घर आया था, प्रेम प्रपंच में हत्या की आशंका


 आजमगढ़ रौनापार बिजली के खंभे से लटका मिला युवक का शव


नानी के घर आया था, प्रेम प्रपंच में हत्या की आशंका


आजमगढ़ जिले के बघावर गांव में रविवार सुबह बिजली के खंभे पर एक युवक का शव रस्सी के सहारे लटकता मिला। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक के भाई ने प्रेम प्रपंच में हत्या कर शव खंभे पर टांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

जिले के बिलरियागंज थाना के महुलिया गांव निवासी अभिषेक (27) पुत्र जगधारी शनिवार रात अपने ननिहाल रौनापार थाना के बघवार गांव आया था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव बिजली के खंभे से रस्सी के सहारे लटकता देखा। शव मिलने की सूचना पर काफी संख्या में लोगो की भीड़ जुट गई।


सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को खंभे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अभिषेक के भाई प्रशांत ने प्रेम प्रपंच में हत्या कर शव को पोल पर टांग दिए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।

उत्तर प्रदेश में 2 आईएएस अफसरों के तबादले


 उत्तर प्रदेश में 2 आईएएस अफसरों के तबादले



लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार ने दो आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। सुनील चौधरी विशेष सचिव नगर विकास को हटाकर प्रतीक्षारत कर दिया गया है। अपर आवास आयुक्त उदय भान त्रिपाठी को विशेष सचिव नगर विकास बनाया गया है।


इसके पहले पांच आईएएस अफसरों के तबादले हुए थे। आईएएस यशु रुस्तगी को विशेष सचिव, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग पर तैनाती दी गई है। इसके अलावा, आईएएस गौरव सिंह सोगरवाल को गोरखपुर नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। वह अभी तक महाराजगंज के मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे।


आईएएस आकांक्षा राना को मुख्य विकास अधिकारी, अलीगढ़ नियुक्त किया गया है। वह अभी तक मुख्य विकास अधिकारी हरदोई के पद पर जिम्मेदारियां संभाल रही थीं।

इसी तरह आईएएस सौम्य गुरूरानी को मुख्य विकास अधिकारी, हरदोई के पद पर नियुक्ति दी गई है। वह ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रयागराज के पद पर तैनात थीं। अभी तक मुख्य विकास अधिकारी प्रयागराज के पद पर तैनात रहीं शिपू गिरी को वाराणसी नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।

आजमगढ़ मेहनाजपुर बाइक सवार 8 लुटेरे गिरफ्तार 4 बाइक व असलहे बरामद


 आजमगढ़ मेहनाजपुर बाइक सवार 8 लुटेरे गिरफ्तार 


4 बाइक व असलहे बरामद 


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मेहनाजपुर थाना पुलिस ने शनिवार को दिन में लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में रहे बाइक सवार पांच बाल अपचारी सहित आठ शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पुलिस ने अवैध असलहे भी बरामद किए हैं।


मेहनाजपुर थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य बाइक पर सवार होकर मौधा बाजार से इटैली की ओर आ रहे हैं। पुलिस जब तक इटैली तिराहे पर पहुंचती सभी बदमाश सिधौना की ओर चल दिए। पुलिस ने पीछा जारी रखते हुए देवगांव कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। देवगांव पुलिस क्षेत्र में खुंभा देवरी मोड़ पर चेकिंग शुरू कर दी। तभी सामने पुलिस देख बदमाश वापस भागने के लिए बाइक मोड़े और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ीं। सभी को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। 


तलाशी के दौरान पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से दो बाइक,आठ मोबाइल फोन तथा दो तमंचा मय कारतूस बरामद किया गया।उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मौधा गांव से दो अन्य बाइक भी बरामद कर लिया।


 पकड़े गए आरोपियों में विपिन यादव पुत्र स्वामीनाथ ग्राम जमुई, अभिषेक उर्फ शिवांश सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह ग्राम लहुंआकला, रोशन यादव पुत्र रामचन्द्र यादव ग्राम रसूलपुर थाना तरवां तथा 5 अन्य बाल अपचारी बताए गए हैं। इन अपराधियों ने लूट की कई घटनाओं को अंजाम देने का जुर्म कबूल किया है।