Tuesday, 23 June 2026

आजमगढ़ निजामाबाद फरिहा पोखरे में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत घर के बाहर खेलते समय पैर फिसलने से पोखरे में गिरा कक्षा एक का छात्र, पूरे गांव में शोक की लहर


 आजमगढ़ निजामाबाद फरिहा पोखरे में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत


घर के बाहर खेलते समय पैर फिसलने से पोखरे में गिरा कक्षा एक का छात्र, पूरे गांव में शोक की लहर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा फरिहा के सवाई मोहल्ला में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार फरिहा के सवाई मोहल्ला निवासी अशफाक अहमद का छह वर्षीय पुत्र मोहम्मद युसुफ मंगलवार सुबह घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। सुबह करीब नौ बजे खेलते-खेलते वह घर के पास स्थित पोखरे के किनारे पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। मासूम के पोखरे में गिरते ही साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने युसुफ को पोखरे से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद युसुफ कक्षा एक का छात्र था। वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। वहीं गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पोखरों और जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

आजमगढ़ जीयनपुर गैंगस्टर आरोपी ने बगीचे में खुद को मारी गोली, मौके पर मौत प्रधान चुनाव लड़ने की कर रहा था तैयारी, 9 एमएम पिस्टल के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस


 आजमगढ़ जीयनपुर गैंगस्टर आरोपी ने बगीचे में खुद को मारी गोली, मौके पर मौत



प्रधान चुनाव लड़ने की कर रहा था तैयारी, 9 एमएम पिस्टल के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर गांव निवासी गैंगस्टर आरोपी नागेंद्र यादव (27) ने मंगलवार सुबह खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।


 जानकारी के अनुसार, नागेंद्र यादव मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव से लगभग 200 मीटर दक्षिण दिशा में स्थित मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जमुआं गांव के एक बगीचे में पहुंचा। वहां उसने 9 एमएम पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर जीयनपुर कोतवाल विनय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा तथा मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि नागेंद्र यादव आगामी ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। 


पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके विरुद्ध गैंगस्टर, चोरी, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में जीयनपुर कोतवाली और अन्य थानों में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इस संबंध में जीयनपुर कोतवाल विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक के पास 9 एमएम पिस्टल कहां से आई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।