Sunday, 12 April 2026

आजमगढ़ रानी की सराय टोल प्लाजा के पास दो पक्षों में खूनी झड़प, वीडियो वायरल दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप; एक की एफआईआर दर्ज, दूसरे की शिकायत पर जांच जारी


 आजमगढ़ रानी की सराय टोल प्लाजा के पास दो पक्षों में खूनी झड़प, वीडियो वायरल


दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप; एक की एफआईआर दर्ज, दूसरे की शिकायत पर जांच जारी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में चकनवा पेट्रोल पंप और कोटिला टोल प्लाजा के पास दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने फिलहाल एक पक्ष की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि दूसरा पक्ष अपनी तहरीर पर कार्रवाई के लिए थाने के चक्कर लगा रहा है। 


गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अमौड़ा मोहीउद्दीनपुर गांव निवासी मो. सैफ और मो. सलीम का आरोप है कि शनिवार शाम कोटिला बाजार से सब्जी खरीदकर लौटते समय चकनवा पेट्रोल पंप के पास ट्रक गैराज संचालक मो. सलीम निवासी डुगडुगवां और अन्य लोगों ने उन पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में वे घायल हो गए और आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं दूसरे पक्ष के रानी की सराय थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव निवासी सूर्यप्रकाश सिंह ने आरोप लगाया कि अमौड़ा के कुछ लोग उनकी मोटर पार्ट्स की दुकान में घुस आए और हॉकी-डंडों से हमला कर उन्हें बेहोश कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर दुकान में रखे 47,600 रुपये लूटकर फरार हो गए। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह के अनुसार, मो. सैफ की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष की शिकायत की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ मेंहनगर चचेरे भाइयों के विवाद ने लिया खूनी रूप, चाकू मारकर की हत्या बारजा निकालने को लेकर हुआ था झगड़ा, आरोपी फरार, पुलिस टीमें दबिश में जुटीं


 आजमगढ़ मेंहनगर चचेरे भाइयों के विवाद ने लिया खूनी रूप, चाकू मारकर की हत्या



बारजा निकालने को लेकर हुआ था झगड़ा, आरोपी फरार, पुलिस टीमें दबिश में जुटीं



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र स्थित चक कटात गांव में बारजा निकालने को लेकर चला आ रहा विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद चचेरे भाइयों के बीच हुई झड़प ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की जान चली गई।


 जानकारी के मुताबिक, मोहन राम पुत्र पलटन राम और उसके पटीदारों के बीच लंबे समय से बारजा निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार शाम इसी मुद्दे पर मोहन राम और उसके चचेरे भाई विजेंद्र राम पुत्र लौटन राम के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर मोहन राम ने विजेंद्र पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल है।


 सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पाण्डेय और मेंहनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी इसी मुद्दे को लेकर विवाद हो चुका था, जिसे उस समय सुलझा लिया गया था, लेकिन पुरानी रंजिश एक बार फिर भड़क उठी और इस बार उसने जानलेवा रूप ले लिया।