Saturday, 27 December 2025

आजमगढ़ पुलिस ने नववर्ष जश्न के लिए जारी की सख्त गाइडलाइंस पार्टियां रात्रि 1 बजे तक सीमित, हुड़दंग और नशे में ड्राइविंग पर जीरो टॉलरेंस मॉल, होटल और पब पर कड़ी निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स

आजमगढ़ पुलिस ने नववर्ष जश्न के लिए जारी की सख्त गाइडलाइंस


पार्टियां रात्रि 1 बजे तक सीमित, हुड़दंग और नशे में ड्राइविंग पर जीरो टॉलरेंस


मॉल, होटल और पब पर कड़ी निगरानी, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में नववर्ष 2026 के स्वागत में उत्साह के बीच शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आजमगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने विशेष दिशा-निर्देश जारी कर स्पष्ट किया है कि न्यू ईयर पार्टियों की अनुमति केवल रात्रि 1 बजे तक ही मान्य होगी। इसके बाद किसी भी प्रकार की पार्टी या आयोजन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले के मॉल, होटल, पब, क्लब, बार और बैंक्वेट हॉल पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।


 मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों तथा प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यह व्यवस्था 30 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी। जश्न की आड़ में हुड़दंग, बाइक स्टंट, तेज रफ्तार या नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई होगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब के नशे में पकड़े जाने या स्टंट करने पर गिरफ्तारी, वाहन जब्ती और जरूरत पड़ने पर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि शराब पीकर वाहन चलाना दुर्घटना को आमंत्रण देता है, इसलिए नियम उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नववर्ष का उत्सव शालीनता, अनुशासन और कानून के दायरे में रहकर मनाएं, ताकि सभी सुरक्षित और खुशी से नया साल मना सकें।


 

आजमगढ़ निजामाबाद पुलिस मुठभेड़ में अन्तर्जनपदीय टप्पेबाज को लगी गोली, गिरफ्तार पूजा-पाठ के बहाने महिलाओं से करता था ठगी ₹1.25 लाख के जेवरात व ₹25 हजार नगद सहित अवैध तमंचा बरामद


 आजमगढ़ निजामाबाद पुलिस मुठभेड़ में अन्तर्जनपदीय टप्पेबाज को लगी गोली, गिरफ्तार


पूजा-पाठ के बहाने महिलाओं से करता था ठगी


₹1.25 लाख के जेवरात व ₹25 हजार नगद सहित अवैध तमंचा बरामद



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के कुशल पर्यवेक्षण में थाना निजामाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अन्तर्जनपदीय टप्पेबाज को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिन्टू, पुत्र राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा, निवासी सोनारी थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से लगभग ₹1.25 लाख मूल्य के ठगी किए गए सोने के जेवरात, ₹25 हजार नगद, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिन्दा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


 पुलिस के अनुसार दिनांक 27 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त बड़ागांव नहर पुलिया के पास जेवरात बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा आत्मसमर्पण के लिए कहे जाने पर अभियुक्त ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में गोली अभियुक्त के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय भेजा गया।


 जांच में सामने आया है कि अभियुक्त पूजा-पाठ के बहाने ग्रामीण महिलाओं को भय दिखाकर उनके सोने के जेवरात ठग लेता था और बाद में उन्हें बेचकर फरार हो जाता था। इस संबंध में थाना निजामाबाद में विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित थाना निजामाबाद के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।