Friday 30 September 2022

आजमगढ़ सरायमीर किशोरी संग दुष्कर्म के मामले में 2 आरोपित गिरफ्तार


 आजमगढ़ सरायमीर किशोरी संग दुष्कर्म के मामले में 2 आरोपित गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने के मामले में आरोपित दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।


सूत्रो के अनुसार सरायमीर थाना क्षेत्र के खानपुर ग्राम निवासी अरविंद यादव पुत्र हनुमान व अरविंद कुमार यादव पुत्र स्व० राजदेव के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया है।


 शुक्रवार को दिन में उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह को सूचना मिली कि उक्त दोनों आरोपी क्षेत्र के नंदावं मोड़ पर मौजूद हैं। बताए गए स्थान पर दबिश देकर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।


ब्यूरो रिपोर्ट आजमगढ़ 

आजमगढ़ सरायमीर गैंगस्टर एक्ट में वांछित पिता-पुत्र गिरफ्तार


 आजमगढ़ सरायमीर गैंगस्टर एक्ट में वांछित पिता-पुत्र गिरफ्तार 



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी पिता-पुत्र बताए गए हैं।


सूत्रो के मुताबिक पुलिस द्वारा भेजी गई आख्या रिपोर्ट के बाद जिला प्रशासन द्वारा सरायमीर क्षेत्र के शेरवां ग्राम निवासी मशरूफ अहमद पुत्र अब्दुल गनी व उसके पुत्र मुहम्मद अब्दुल्ला को गिरोहबंद अधिनियम के तहत पाबंद किया गया था। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने शेरवां ग्राम स्थित आरोपी पिता- पुत्र के घर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।


ब्यूरो रिपोर्ट आजमगढ़ 

कानपुर हॉस्टल का केयर टेकर मनोज पाण्डेय और वार्डन गिरफ्तार हॉस्टल की लड़कियों का नहाते हुए वीडियो बनाने का मामला


 कानपुर हॉस्टल का केयर टेकर मनोज पाण्डेय और वार्डन गिरफ्तार


हॉस्टल की लड़कियों का नहाते हुए वीडियो बनाने का मामला



उत्तर प्रदेश कानपुर में हॉस्टल की लड़कियों का नहाते हुए वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने हॉस्टल के केयर टेकर मनोज पांडेय और वार्डन सीमा पाल को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी रिषि की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। केस के सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।


 बता दें कि बीते दिनों चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में हुए एमएमएस कांड की तरह कानपुर में भी काकादेव कोचिंग मंडी के एक गर्ल्स हॉस्टल में एमएमएस कांड हुआ है। हॉस्टल के एक कर्मचारी को गुरुवार को छात्राओं ने एक छात्रा का नहाते हुए वीडियो बनाते रंगेहाथ पकड़ा। छात्राओं ने उसको पीटा और पुलिस को सौंप दिया। घटना से आहत आक्रोशित छात्राओं ने थाने में जमकर हंगामा किया था। रावतपुर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल जब्त कर लिया है। वहीं, छात्राओं ने पुलिसकर्मी पर वीडियो डिलीट करने का आरोप लगाया था।


इस भवन का मालिकाना हक सोमानी परिवार के पास है जिनसे हॉस्टल के संचालक मनोज पांडेस ने उक्त परिसर किराए पर अनुबंध के साथ लिया था। यहां वो छात्रावास का संचालन कर रहा था। बता दें कि गर्ल्स हॉस्टल के बाहर एसपी की नेम प्लेट लगी है। पुलिस ने इस तथ्य की भी जांच पड़ताल शुरू की है। पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण दिखने के लिए सोमानी परिवार द्वारा अपने परिचित पुलिस अधिकारी की नेम प्लेट को गलत तरीके से लगाया गया था, जो कि नियमों के विपरीत एवं संबंधों का दुरुपयोग है। इस संबंध में संबंधित पुलिस अधिकारी से बात की जा रही है। यदि कोई शिकायत उनके द्वारा दी जाती है, तो उस पर भी पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।  संबंधित प्रकरण में सभी पहलुओं की जांच करते हुए पुलिस कार्रवाई कर रही है 

आजमगढ़ पत्रकार के परिजनों की सहायता को पत्रकार संगठनों ने सांसद से सौंपा ज्ञापन वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने स्व0 विमल सिंह के परिजनों की आर्थिक स्थिति से सांसद को कराया अवगत


 आजमगढ़ पत्रकार के परिजनों की सहायता को पत्रकार संगठनों ने सांसद से सौंपा ज्ञापन


वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने स्व0 विमल सिंह के परिजनों की आर्थिक स्थिति से सांसद को कराया अवगत


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ एक मार्ग दुर्घटना में 1 वर्ष पूर्व हुई आंचलिक पत्रकारिता से दो दशक से अधिक समय तक जुड़े रहे पत्रकार स्वर्गीय विमल कुमार सिंह की मौत पर परिजनों को मुख्यमंत्री द्वारा आर्थिक सहायता दिलाये जाने के लिए उनकी पत्नी श्रीमती रीमा सिंह और आजमगढ़ के विभिन्न पत्रकार संगठनों ने एक मांग पत्र आज तमसा प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष वरिष्ठ मान्यता प्राप्त पत्रकार धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ को दिया।


उनकी पत्नी द्वारा दिये गए अनुरोध पत्र के माध्यम से सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ को अवगत कराते हुए धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पत्रकार स्वर्गीय विमल कुमार सिंह के परिजनों की आर्थिक स्थिति काफी चिंताजनक है। कारण यह रहा कि पिछले वर्ष 17 जुलाई को सायंकाल मार्ग दुर्घटना में घायल होने के बाद लगभग 1 माह तक आजमगढ़ से लेकर लखनऊ के विभिन्न अस्पतालों में इलाज के दौरान लगभग 15 लाख से ऊपर रुपए खर्च हो गए। 


स्वर्गीय विमल सिंह ने विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रानिक चैनलों में ईमानदारी से अपनी सेवाएं देकर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया था। अचानक दुर्घटना से हुई मौत ने पूरे परिवार के समक्ष आर्थिक संकट पैदा कर दिया है। ऐसे में आजमगढ़ में तमसा प्रेस क्लब के अध्यक्ष अशोक वर्मा, सचिव विजय यादव, द प्रेस क्लब के अध्यक्ष एसके सत्येन, जर्नलिस्ट क्लब के संयोजक अरविंद कुमार सिंह द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ से परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने व उनके एक बेटे को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है। 


इन सभी संगठनों के अध्यक्षों व अन्य पदाधिकारियों की सहमति के बाद वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र श्रीवास्तव द्वारा दिनेश लाल यादव निरहुआ को उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सहायता दिलाए जाने का एक मांग पत्र दिया गया। सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने इस पत्र को पढ़ा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से हर संभव सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।

बस्ती ओमप्रकाश राजभर का फिर बदला सुर भाजपा सरकार को लिया निशाने पर, सीएम योगी के फैसलों पर उठाया सवाल


 बस्ती ओमप्रकाश राजभर का फिर बदला सुर


भाजपा सरकार को लिया निशाने पर, सीएम योगी के फैसलों पर उठाया सवाल


उत्तर प्रदेश बस्ती सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर इन दिनों सावधान यात्रा लेकर निकले हैं। गुरुवार को उनकी यात्रा बस्ती पहुंची। यहां उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। जनसभा के दौरान राजभर ने कई ऐसी बातें कहीं जिसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। राजभर ने जातिवार जनगणना की मांग की। यह भी कहा कि भूमिहीनों पर माफिया की तरह कार्रवाई हो रही है। उन पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। इसके अलावा यह भी कहा कि अरबपतियों का कर्जा माफ हो रहा है तो गरीबों का क्यों नहीं हो रहा है।



पिछले कुछ दिनों से राजभर केवल विपक्षी दलों पर हमलावर दिखाई देते रहे हैं। उनका बीजेपी प्रेम भी रह-रह कर नजर आता रहा है। राष्ट्रपति के चुनाव में तो वह अपने गठबंधन के साथी सपा को छोड़कर भाजपा के पाले में ही खड़े हो गए थे। ऐसे में कयास लगाया जाता रहा कि वह कभी भी यूपी की भाजपा सरकार में अब शामिल हो सकते हैं।

इस बीच गुरुवार को उन्होंने जो बातें कहीं उसके कई अर्थ निकाले जा रहे हैं। अभी तक भाजपा जातिवार जनगणना का विरोध करती रही है लेकिन राजभर ने कहा कि अति पिछड़ों को उनका हक दिलाने के लिए जातिवार जनगणना होनी चाहिए। इसके लिए पार्टी स्तर पर लगातार प्रयास हो रहा है।


यही नहीं, राजभर ने बुलडोजर की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया। कहा कि ग्राम समाज आदि की जमीनों पर झोपड़ी आदि बनाने के चलते भूमिहीनों पर माफिया के तौर पर कार्रवाई की जा रही थी। कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर इस तरह की कार्रवाई रोकने की मांग की है। राजभर ने यह भी कहा कि अरबपतियों का बीमारी के नाम पर कर्जा माफ कर दिया जा रहा है। गरीबों का भी माफ होना चाहिए।


राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के राजभर समाज को अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिले। इसके लिए वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिले हैं और प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सावधान रथयात्रा लखनऊ से 26 सितम्बर को शुरू होकर बाराबंकी, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, बनारस, आजमगढ़ होते हुए बस्ती पहुंची है। यह यात्रा राजभर समाज के लोगों को जागरूक करने के लिए निकली है।


उन्होंने कहा कि सभी को एक समान शिक्षा मिलनी चाहिए। किसी को क से कबूतर पढ़ाया जा रहा है तो किसी को क से कम्प्यूटर की सीख दी जा रही है। अब सभी को क से कम्प्यूटर ही पढ़ाया जाना चाहिए। नई शिक्षा नीति के तहत उनकी मांग है कि कक्षा चार से ही रोजगारपरक शिक्षा दी जानी चाहिए।

मैनपुरी मुलायम के गढ़ में बड़ी कार्रवाई सपा कार्यालय को बुलडोजर से गिराया, पलभर में मलबा बन गया ऑफिस


 मैनपुरी मुलायम के गढ़ में बड़ी कार्रवाई


सपा कार्यालय को बुलडोजर से गिराया, पलभर में मलबा बन गया ऑफिस


उत्तर प्रदेश मुलायम के गढ़ मैनपुरी में फिर बुलडोजर गरजा। सपा के नगर कार्यालय को खाली कराने के बाद जिला पंचायत ने कार्यालय की बिल्डिंग पर बुलडोजर चलवा दिया। बुलडोजर चलने के बाद सपा कार्यालय मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। इसके लिए 10 दिन पहले ही मलबा नीलामी की कार्रवाई कराई गई और 7 दिन में मलबा हटाने के निर्देश दिए गए थे। इस स्थल पर जिला पंचायत शहरवासियों के लिए बड़ा बहुउद्देशीय मॉल तैयार कराएगी। इसके लिए सरकार के यहां पंजीकृत 18 नामी कंपनियों की मदद ली जा रही है।


बीते 9 सितंबर को जिला पंचायत ने सपा जिलाध्यक्ष को नगर कार्यालय खाली करने के लिए नोटिस दिया था। इसके बाद 3 दिन का समय देकर कार्यालय खाली करने के लिए कहा गया। कार्यालय खाली नहीं हुआ तो भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों ने 12 सितंबर को नगर कार्यालय खाली करवा लिया। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि नगर कार्यालय खाली होने के बाद मलबा नीलामी की कार्रवाई कराई गई।


इसी के तहत गुरुवार को नगर कार्यालय परिसर में खड़े जीर्ण शीर्ण भवनों को गिराया गया। इनका मालबा अगले दो दिनों में साफ कराया जाएगा। इस स्थल पर जिला पंचायत शहरवासियों के लिए बड़ा बहुउद्देशीय मॉल तैयार कराएगी। इसके लिए सरकार के यहां पंजीकृत 18 नामी कंपनियों की मदद ली जा रही है। मलबा की सफाई होने के बाद यह कंपनियां सर्वे करेंगी और नक्शा तैयार किया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।