Monday, 3 August 2026

आजमगढ़ सिधारी, तमंचे से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल कानून से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सीओ सिटी


 आजमगढ़ सिधारी, तमंचे से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल



कानून से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सीओ सिटी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में अवैध असलहों की बरामदगी और हर्ष फायरिंग पर रोक लगाने के लिए आजमगढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस समय-समय पर अवैध हथियारों के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी कर रही है और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर रही है। इसके बावजूद जिले में हर्ष फायरिंग और अवैध असलहों के प्रदर्शन से जुड़े वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला सिधारी थाना क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक खुलेआम तमंचे से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक बिना किसी भय के लगातार फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा तेज हो गई है और पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। 


बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले युवक की पहचान सिधारी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर निवासी अभिनव के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में खुलेआम हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि लगातार पुलिस अभियान के बावजूद अपराधियों में कानून का भय क्यों नहीं दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। 


सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने वाले युवक की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। गौरतलब है कि हर्ष फायरिंग के कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई बार गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक गई है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। अब लोगो की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस अपने दावे के अनुरूप आरोपी को कितनी जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाती है।

मेरठ, थाने के पीछे चल रही गन फैक्ट्री कांवड़िए के वेश में करता था तस्करी STF ने 21 तमंचों संग अभियुक्त को किया गिरफ्तार


 मेरठ, थाने के पीछे चल रही गन फैक्ट्री 


कांवड़िए के वेश में करता था तस्करी


STF ने 21 तमंचों संग अभियुक्त को किया गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश, मेरठ उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने मेरठ में अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान देहली गेट क्षेत्र के खैरनगर निवासी तजम्मुल के रूप में हुई है। उसके पास से 21 अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं, जिन्हें वह मुजफ्फरनगर सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी कांवड़ यात्रा के दौरान चेकिंग से बचने के लिए कांवड़िये का वेश धारण कर केसरिया गमछा पहनकर हथियारों की तस्करी कर रहा था। एसटीएफ को हथियार तस्करी की सूचना मिलने पर शनिवार शाम लालकुर्ती स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 21 तमंचे बरामद हुए।


 पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले पांच-छह वर्षों से अवैध हथियार बनाने और बेचने का काम कर रहा है तथा एक 315 बोर का तमंचा करीब 5 हजार रुपये में बेचता था। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लालकुर्ती थाने के पीछे स्थित एक मकान में छापा मारा, जहां अवैध तमंचा फैक्ट्री संचालित हो रही थी। मौके से हथियार बनाने में प्रयुक्त वेल्डिंग मशीन, शिकंजा, वेल्डिंग रॉड और अन्य उपकरण बरामद किए गए। आरोपी ने बताया कि वह मुजफ्फरनगर के जौला क्षेत्र से तमंचों की नाल और अन्य पुर्जे लाकर मेरठ में उन्हें जोड़कर तैयार करता था और फिर विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। 


पुलिस के अनुसार, तजम्मुल वर्ष 2022 में भी मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र से 37 तमंचों के साथ गिरफ्तार हो चुका है। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद उसने फिर से हथियार बनाने का धंधा शुरू कर दिया। एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लालकुर्ती थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही पुलिस की एक टीम को मुजफ्फरनगर के जौला भेजा गया है, ताकि अवैध हथियारों के पुर्जे उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क का भी पता लगाया जा सके।