आजमगढ़ मुबारकपुर 4 दिन से लापता मासूम का शव पोखरी में मिला
घर के बाहर खेलते समय हुआ था लापता, परिवार में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में चार दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम का शव रविवार को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पोखरी में उतराया मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिकठी गांव के उत्तर मोहल्ला निवासी मोहम्मद वहाबुद्दीन का पांच वर्षीय पुत्र मोहम्मद आरिज कुछ दिन पहले घर के बाहर खेलने निकला था। इसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और पुलिस को भी सूचना दी थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार को गांव की एक पोखरी में मासूम का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

