Wednesday 15 June 2022

उत्तर प्रदेश लखनऊ कब आएगा यूपी बोर्ड का परिणाम? मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश


 उत्तर प्रदेश लखनऊ कब आएगा यूपी बोर्ड का परिणाम?


मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश




लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी बोर्ड परीक्षा के परिणाम को लेकर अफसरों को निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि परिणाम समय से जारी किए जाएं। मुख्यमंत्री बुधवार को अफसरों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा परिणाम की प्रतीक्षा होगी। ऐसे में बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम समय से जारी कर दिया जाए। इसकी पूर्व सूचना अभिभावकों और परीक्षार्थियों को जरूर दी जाए।




 जानकारी के अनुसार बता दें कि बोर्ड परीक्षा के परिणाम को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर कोई तारीख नहीं बताई गई है।

यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम आज घोषित होने की उम्मीद जताई जा रही है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 1,27,586 विद्यार्थियों के भाग्य का फैसला इस परिणाम से होगा। 



परिणाम को www.upmsp.edu.in पर ऑनलाइन देखा जा सकेगा। इसे लेकर बोर्ड कार्यालय में चल रही तैयारियां आखिरी चरण में हैं।

विद्यालयों में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट में परीक्षा देने वाले छात्रों की सूची तैयार कराई जा रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी में भी परिणाम के बाद मार्कशीट समेत परीक्षा परिणाम संबंधी अन्य कागजातों को तैयार करने के लिए औपचारिकताएं पूरी कराने की दिशा में कार्रवाई चल रही है।



 हर साल की तरह इस बार भी अंकपत्र, प्रमाण पत्र की गड़बड़ी दूर करने के लिए ग्रीवांस सेल का गठन भी किया जाना है। यूपी बोर्ड परीक्षा के परिणाम से जुड़ी कोई भी घोषणा यूपीएमएसपी की आधिकारिक वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर की जाएगी।

आजमगढ़ दीदारगंज दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, चेहरा जलाया मवेशी चराने गये लोगों ने गंभीर हालत में नहर में देखा एसपी सहित एसपी ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तीन हिरासत में


 आजमगढ़ दीदारगंज दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, चेहरा जलाया


मवेशी चराने गये लोगों ने गंभीर हालत में नहर में देखा


एसपी सहित एसपी ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तीन हिरासत में




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दीदारगंज क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की रात गांव के तीन लोगों ने एक दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। 




विरोध करने पर उक्त युवकों द्वारा युवती का चेहरा जलाकर जान से मारने की कोशिश की गयी। गंभीर हालत में उक्त युवक, युवती को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।  बुधवार की सुबह गांव के बाहर निर्माणाधीन विद्यालय के पास एक नहर में नग्नावस्था में अचेत पड़ी थी। मवेशी चराने गये लोगों ने उसे देखा और गांव लोगों को इसकी जानकारी दी। 



मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे सीएचसी मार्टीनगंज में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने पीड़िता को जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ मौके पर पहुंच कर जांच की। आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगी हुई है। 




पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे डायल 112 को सूचना प्राप्त हुई कि दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर गांव में एक बीस वर्षीय युवती के साथ देर रात गांव के ही रहने वाले डब्बू राजभर पुत्र केदार राजभर व एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे घर से बुलाकर गांव के पोखरे के पास ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। 



विरोध करने पर उसके चेहरे को जलाने का प्रयास किया गया है। इस सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी दीदारगंज, सीओ फूलपुर, एसपी देहात सहित मौके पर पहुचकर  घटनास्थल का निरीक्षण किया। 




पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि घटना की सूचना के बाद घटनास्थल का जायजा लिया गया तथा वहां से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किये गये हैं। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई। पीड़िता द्वारा बयान दिया गया जिसमें उसने अभियुक्तों का नाम भी बताया। पुलिस की चार टीमें गठित कर दी गयी। जल्द मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। 



उन्होंने बताया कि मुख्य अभियुक्त पीड़िता के भाई का पूर्व से परिचित है। जो घटना के बाद फरार चल रहा है। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

आजमगढ़ मेहनगर बेटी की डोली से पहले उठी मां की अर्थी दाह संस्कार से पूर्व बिटिया का हुआ सिंदूरदान


 आजमगढ़ मेहनगर बेटी की डोली से पहले उठी मां की अर्थी


दाह संस्कार से पूर्व बिटिया का हुआ सिंदूरदान




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बिटिया के कन्यादान की तैयारी में जुटी मां के नसीब में शायद कुछ और ही लिखा था। घर की साफ सफाई कर जुटे कचरों को फेंकने जा रही मां घर के सामने ही काल बनी बाइक ने अपनी चपेट में ले लिया। घायल महिला की बेटी की डोली उठने से पहले ही अर्थी सजाई गई। वधू के मां के मौत की खबर वर पक्ष को मिली तो सभी सिहर उठे। वर पक्ष ने शादी की तैयारी में होने वाले नुकसान का आंकलन किया और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए दाह संस्कार से पूर्व सिंदूरदान के रस्म अदायगी की बात वधू पक्ष के सामने रखी। 



वधू पक्ष की रजामंदी के बाद बुधवार को दरवाजे से अर्थी उठने से पहले वर पक्ष लड़की के घर पहुंचा और गमगीन माहौल में ने सिंदूरदान की रस्म पूरी होने के बाद शव को दाहसंस्कार के लिए ले जाया गया।



बताते चलें कि मेंहनगर-खरिहानी मार्ग पर स्थित अतिबलपट्टी (गोपालपुर) ग्राम निवासी सिरताज ने अपनी पुत्री किरन की शादी क्षेत्र के बाबू की खजुरी गांव में तय की थी। बुधवार को वधू पक्ष के दरवाजे बारात आनी थी। परिवार के लोग शादी के अंतिम तैयारी में जुटे थे तो रिश्तेदार भी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आना शुरू हो गए थे। मंगलवार की शाम सिरताज की पत्नी उर्मिला (48) घर की सफाई के बाद जुटे कूड़े को सड़क पार कर फेंकने जा रही थी। 



उसी दौरान मेंहनगर से खरिहानी की ओर जा रही बाइक की चपेट में आ जाने से उर्मिला बाइक में फंसकर काफी दूर तक घसीटते चली गई।इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं बाइक सवार भी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए लालगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन महिला ने बुधवार को तड़के दम तोड़ दिया। उधर बारात लाने की तैयारी कर रहे वर पक्ष को जब घटना की बात पता चली तो सभी हैरान रह गए। 



लड़की पक्ष के लोगो ने पूरे घटनाक्रम को वर पक्ष को अवगत कराते हुए शव के दाहसंस्कार से पूर्व शादी की रस्म अदायगी कराने का प्रस्ताव रखा। होनी को कोई टाल नहीं सकता ऐसा सोच वर पक्ष सिंदूरदान की रस्म अदायगी के लिए अपनी सहमति दे दी और बिना शादी के जोड़े में दूल्हा परिजनों के साथ वधू के घर पहुंचा। शव के दाह संस्कार से पूर्व दूल्हे ने गमगीन माहौल में वधू किरन की मांग में सिंदूर भरा और फिर दरवाजे से उर्मिला की अर्थी उठाई गई। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेते हुए मृतका के पति की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।



पुलिस के कहने पर दाहसंस्कार से पूर्व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के दो पुत्री व दो पुत्र बताए गए हैं। दोनो लड़के अरुण व विशाल रोजी रोटी के सिलसिले में दिल्ली रहते हैं। बहन की शादी में शामिल होने के लिए दोनों घर आ गए थे।

आजमगढ़ रात भर झलक दिखलाती रही बिजली रानी सुबह से लेकर पूरी रात बेहाल रहे कई मुहल्ले के लोग मुख्यमंत्री का 24 घंटे निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति का दावा फुस्स


 आजमगढ़ रात भर झलक दिखलाती रही बिजली रानी


सुबह से लेकर पूरी रात बेहाल रहे कई मुहल्ले के लोग


मुख्यमंत्री का 24 घंटे निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति का दावा फुस्स





उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सूबे के मुख्यमंत्री का 24 घंटे निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति का दावा जिले में फुस्स हो गया है। मंगलवार को पूरे दिन ‘झलक दिखला जा’ का क्रम चलता रहा और लोग बेहाल होकर कोसते रहे।

मंगलवार की सुबह से बिजली आपूर्ति रुक-रुककर होती रही। वहीं शाम होते ही बिजली आपूर्ति केवल 5-10 मिनट देकर काट दी जा रही थी। 



भीषण गर्मी व उमस से शहर समेत ग्रामीण अंचल के पुरुष, महिलाएं व बच्चे बेहाल नजर आए। सबसे बुरी स्थिति तो रात के समय रही। जब थोड़ी देर के लिए बिजली आपूर्ति देकर लंबे समय तक काट दी जा रही थी। इसके चलते लोग पूरी रात करवटें बदलते रहे। वहीं दूसरी तरफ बिजली आपूर्ति न होने से पानी की समस्या भी खड़ी हो गई।



 बिजली आपूर्ति न होने से शहर के पुरानी सब्जीमंडी, कटरा, दलसिंगार, बदरका, गुरुटोला, खत्रीटोला, पांडेबाजार आदि मुहल्ले प्रभावित रहे। बिजली विभाग के जेई ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण आपूर्ति बाधित हो रही है। समस्या को हल करने के लिए लाइन स्टॉप प्रयासरत है। जल्द आपूर्ति सामान्य हो सकती है।

औरैया शरीर में प्लांट करवाई 315 बोर की गोली विरोधियों पर मुकदमा दर्ज करवाने के लिए चली चाल डॉक्टर सहित तीन गिरफ्तार


 औरैया शरीर में प्लांट करवाई 315 बोर की गोली


विरोधियों पर मुकदमा दर्ज करवाने के लिए चली चाल

डॉक्टर सहित तीन गिरफ्तार




उत्तर प्रदेश के औरैया में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने डॉक्टर से पीठ में 315 बोर की गोली प्लांट करवा ली। ऐसा उसने जमीन विवाद में अपने विरोधियों पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराने के लिए किया। इसके बाद झूठी कहानी गढ़ कर थाने में उनके खिलाफ जानलेवा हमले की एफआईआर करवा दी। हालांकि, पुलिस ने बारीकी से छानबीन की तो यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ। युवक की साजिश का तरीका देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। फिलहाल, पुलिस ने फर्जीवाड़ा करने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।



मंगलवार को एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि मिरिउन मढहा गांव के रहने वाले संजय ने 9 जून को पुलिस को फोन किया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे अनुराग पर तीन लोगों ने जानलेवा हमला किया है। उसे गोली मारी है। वह इटावा से घर लौट रहा था। वारदात की सूचना पर पुलिस अलर्ट हो गई। मौके पर पहुंची तो देखा कि गोली अनुराग की पीठ पर कंधे के पास लगी थी। इसके बाद उसे बिधूना के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

अनुराग के पिता ने इस मामले में गांव के गौरव दुबे, सुधांशु दुबे व सतीश दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इन तीनों से अनुराग और उसके परिवार का जमीन से जुड़ा विवाद चल रहा था। केस दर्ज होने के बाद जब पुलिस ने जांच की तो कहानी में एक के बाद एक झोल नजर आने लग गए। जिनके खिलाफ केस दर्ज कराया था। उनसे भी पूछताछ की। उन्होंने भी वारदात के बारे में इंकार कर दिया। वारदात के वक्त अपनी लोकेशन पुलिस को बताई।




इस मामले में जमीन विवाद की बात सामने आई तो फिर पुलिस ने क्राइम सीन का बारीकी से मुआयना किया। घायल होने का बहाना कर रहे अनुराग दुबे से कड़ाई से पूछताछ की। सख्ती से अनुराग टूट गया। उसने पुलिस के सामने कबूल किया कि विरोधियों को फंसाने के लिए ही उसने अपने कंधे में झोलाछाप डॉक्टर से गोली प्लांट करवाई है।




अनुराग ने बताया कि 9 जून को ही वह कन्नौज के रहने वाले एक झोलाछाप डॉक्टर दीवान सिंह शाक्य से मिला। उन्होंने सूजे की मदद से उसके शरीर में गोली प्लांट कर दी। वारदात की सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने अनुराग दुबे, उसके पिता संजय और झोलाछाप दीवान शाक्य को गिरफ्तार कर लिया।




 पुलिस ने झोलाछाप के पास से गोली प्लांट करने का सामान भी बरामद कर लिया है।

एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार झोलाछाप ने पहले भी लोगों के शरीर में गोली प्लांट की है। उसके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है।



 मामूली से विवाद में वह शरीर में गोली प्लांट कर देता था, उसके बाद वह केस 307 जैसी गंभीर धारा में बदल जाता है। इसकी जांच कराई जा रही है।