Sunday, 8 February 2026

अयोध्या/बस्ती नदी में मिला लापता सब इंस्पेक्टर का शव, मचा हड़कंप 5 फरवरी से थे लापता, नाविकों की सूचना पर बरामद हुआ शव

अयोध्या/बस्ती नदी में मिला लापता सब इंस्पेक्टर का शव, मचा हड़कंप


5 फरवरी से थे लापता, नाविकों की सूचना पर बरामद हुआ शव



उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब कोतवाली क्षेत्र और बस्ती जिले की सीमा पर सरयू नदी में एक उपनिरीक्षक का शव उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान बस्ती जिले के थाना परशरामपुर में तैनात एसआई अजय गौड़ के रूप में हुई है। वह बीते पांच फरवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे, जिनकी तलाश लगातार की जा रही थी। नाविकों ने नयाघाट से दशरथ समाधि स्थल की ओर निर्माणाधीन हाईवे के पास नदी में शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल कोतवाली अयोध्या और जल पुलिस को दी गई। 


मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तिहुरा माझा के पास से शव को बाहर निकलवाया। पहचान की पुष्टि होने के बाद बस्ती जिले की पुलिस को भी सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, कोतवाल पंकज सिंह और दर्शन नगर चौकी प्रभारी बृजभूषण पाठक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बताया गया कि अजय गौड़ वर्तमान में प्रभारी थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे और मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी थे। वह वर्ष 2015 बैच के उपनिरीक्षक थे। 


एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि शव मिलने के सटीक स्थान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। यदि शव बस्ती जिले की सीमा में पाया गया होगा तो वहां की पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी, अन्यथा अयोध्या पुलिस द्वारा पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

 

आजमगढ़ देवगांव जहरीला दूध बनाने का कारोबार, एक गिरफ्तार डेयरी सप्लाई से पहले असली दूध निकालकर मिलाया जाता था नकली दूध, 200 लीटर नकली दूध बरामद यूरिया, मेथनॉल सहित खतरनाक केमिकल बरामद, मकान मालिक फरार

आजमगढ़ देवगांव जहरीला दूध बनाने का कारोबार, एक गिरफ्तार


डेयरी सप्लाई से पहले असली दूध निकालकर मिलाया जाता था नकली दूध, 200 लीटर नकली दूध बरामद


यूरिया, मेथनॉल सहित खतरनाक केमिकल बरामद, मकान मालिक फरार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना देवगांव क्षेत्र में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध बनाने के बड़े रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान 200 लीटर कृत्रिम दूध, भारी मात्रा में अपमिश्रक पदार्थ और खतरनाक केमिकल बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका सहयोगी मौके से फरार हो गया। 


पुलिस के अनुसार, 07 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी प्रभारी चौकी लालगंज पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान काशी डेयरी, मिर्जाआदमपुर के प्रबंधक रजनिकान्त मिश्रा एवं अरविन्द शर्मा द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम सोफीपुर में दूध सप्लायर संतोष कुमार अपने मकान मालिक प्रमोद राय के साथ मिलकर केमिकल मिलाकर कृत्रिम दूध तैयार कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दबिश दी। लगभग 16:05 बजे मौके से अभियुक्त संतोष कुमार पुत्र चन्द्रपाल सिंह, निवासी गोविन्दीगढ़ी, थाना सतरौली, जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मकान मालिक प्रमोद राय पुत्र रामबचन राय फरार हो गया।


 पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि लालच में आकर वह टैंकर से असली दूध निकाल लेता था और उसमें केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध मिलाकर डेयरी में सप्लाई करता था। निकाले गए असली दूध को प्रमोद राय स्वयं का बताकर डेयरी में बेच देता था। मौके से पुलिस ने करीब 200 लीटर कृत्रिम दूध, 100 लीटर अपमिश्रक मिश्रण, 40 लीटर केमिकलयुक्त रिफाइंड तेल, 45 किलो यूरिया, मेथनॉल, एथनॉल, सोडियम हाइड्रॉक्साइड सहित कई खतरनाक रसायन, बड़े ड्रम, प्लास्टिक कंटेनर, पाइप और दूध निकालने का हैंड पंप बरामद किया है। 


इस संबंध में थाना देवगांव में मु0अ0सं0 54/2026 धारा 274, 275, 318(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। फरार अभियुक्त की तलाश की जा रही है। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं लोगों ने इसे जनस्वास्थ्य के लिए बड़ी कार्रवाई बताया है।

 

आजमगढ़ जहानागंज पुलिस मुठभेड़ में एक गोतस्कर घायल सहित 2 गिरफ्तार तमंचा-कारतूस, पिकअप वाहन व बछड़ा बरामद, घायल अभियुक्त पर दर्ज हैं 8 संगीन मुकदमे


 आजमगढ़ जहानागंज पुलिस मुठभेड़ में एक गोतस्कर घायल सहित 2 गिरफ्तार



तमंचा-कारतूस, पिकअप वाहन व बछड़ा बरामद, घायल अभियुक्त पर दर्ज हैं 8 संगीन मुकदमे



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना जहानागंज क्षेत्र में देर रात पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक गोतस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा एक गोवंश (बछड़ा) बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में 07/08 फरवरी 2026 की रात लगभग 12:30 बजे थाना जहानागंज पुलिस क्षेत्र में गश्त व संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम गम्भीरवन (बड़ैला ताल) के पास एक पिकअप वाहन में गोवंश लादा जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा बार-बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग का प्रयास जारी रखा। 


आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। घायल अभियुक्त की पहचान मोहीम अहमद (32 वर्ष) पुत्र दिलशेर अहमद, निवासी कोटिला (कंकाली टोला), थाना रानी की सराय के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार दूसरे अभियुक्त का नाम सुनील कुमार (30 वर्ष) पुत्र शोभनाथ, निवासी जलाईपुर ऊँचेगांव, थाना रानी की सराय बताया गया है। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु सदर अस्पताल आजमगढ़ भेजा गया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने संगठित रूप से गोवध एवं गौ-तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है।


 पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त मोहीम अहमद के विरुद्ध गोवध, गौ-तस्करी, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट एवं पशु क्रूरता सहित कुल आठ मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। इस संबंध में थाना जहानागंज पर अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया है।