Sunday 28 April 2024

आजमगढ़ अतरौलिया तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर हादसे में साले की मौत, जीजा घायल


 आजमगढ़ अतरौलिया तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर


हादसे में साले की मौत, जीजा घायल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अतरौलिया थाना क्षेत्र के सिकहुला गांव के समीप पिकअप की टक्कर से बाइक से घर लौट रहे साले की मौत हो गई जबकि, गोंडा जिला निवासी जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट गई और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। बाइक सवार दोनों लोग हेलमेट नहीं पहने थे। अतरौलिया थाना के धनसिंहपुर निवासी शिवम सिंह (20) गुजरात की एक प्राइवेट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। दो दिन पूर्व परिवार से मिलने के लिए घर आए थे। 


शुक्रवार की देर शाम गोंडा जिले के निधिपुरवा थाना के कौड़ियां निवासी जीजा कमलेश सिंह भी शिवम सिंह से मिलने के लिए आए थे। शनिवार की शाम शिवम सिंह के साथ बाइक से कमलेश सिंह धर्मशाला चौराहा स्थित बाजार में कुछ जरूरी सामान खरीदने गए थे। रात लगभग आठ बजे जीजा और साले सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी बीच सिकहुला गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गिरकर घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर स्वजन मौके पर पहुंच गए। दोनों को अतरौलिया 100- शैय्या अस्पताल ले आए, जहां डॉक्टर ने शिवम सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल कमलेश सिंह को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक दो भाई और पांच बहन में चौथे नंबर पर था।

आजमगढ़ शबीहा अंसारी आजमगढ़ सदर सीट से बसपा प्रत्याशी पार्टी कार्यालय पर बसपा नेताओं ने किया स्वागत


 आजमगढ़ शबीहा अंसारी आजमगढ़ सदर सीट से बसपा प्रत्याशी



पार्टी कार्यालय पर बसपा नेताओं ने किया स्वागत



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ नामांकन प्रक्रिया के एक दिन पहले आजमगढ सदर सीट से बसपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा हो ही गई। यादव-मुस्लिम बाहुल्य सीट पर बसपा ने भी मुस्लिम प्रत्याशी पर भरोसा जताया है। बसपा ने शबीहा अंसारी को अपना प्रत्याशी घोषित किया गया है।


 लखनऊ से आजमगढ़ आने पर पार्टी कार्यालय में बसपा नेताओं द्वारा शबीहा अंसारी का स्वागत किया गया। बता दें 2018 से 2022 तक कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव रहीं शबीहा अंसारी शहर के पहाड़पुर की रहने वाली हैं। एमए शिक्षा शास्त्र की डिग्री है। शबीहा पहाड़पुर में एक कोचिंग सेेंटर भी चलाती हैं। 32 वर्षीय शबीहा अंसारी के पति मसूद अंसारी भी एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। बसपा से टिकट मिलने की बात पर उन्होंने कहा कि समाज के लिए विभिन्न माध्यमों व बसपा कैडर से जुड़ीं रहीं। बसपा के मंडलीय व जिला स्तरीय अधिकारियों से भी संपर्क रहा। बसपा के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार ने शबीहा अंसारी के टिकट मिलने की बात की पुष्टि करते हुए कहा कि यह पार्टी मुखिया का फैसला है।