Friday 8 September 2023

आजमगढ़ गुण्डा एक्ट के अर्न्तगत जिलाबदर हुए 04 अपराधी


 आजमगढ़ गुण्डा एक्ट के अर्न्तगत जिलाबदर हुए 04 अपराधी


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद में पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ अनुराग आर्य द्वारा अपराध नियंत्रण में चलाये जा रहे विशेष अभियान के अन्तर्गत आपराधिक, 307 भादवि, बलत्कार, व अन्य अपराध में सक्रिय अपराधियों पर गुण्डा अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही की गई जिसमें विभिन्न थानों के 04 अपराधी जिलाबदर हुए। 


1-सेराज पुत्र मोहम्मद कैश निवासी करौती, थाना मेंहनगर, आजमगढ़।

2- विशाल यादव पुत्र रामकेश यादव निवासी बेलाखास, थाना बरदह, आजमगढ़।

3- दुर्गेश राय पुत्र रविंद्रनाथ राय निवासी मुहम्मदपुर, थाना जीयनपुर, आजमगढ़।

4-शत्रुघ्न पुत्र फूलचंद निवासी पूरारामजी थाना अहरौला आजमगढ़।

मऊ घोसी उपचुनाव में मतगणना हुई पूरी, सपा ने हासिल की बड़ी जीत सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को हराया


 मऊ घोसी उपचुनाव में मतगणना हुई पूरी, सपा ने हासिल की बड़ी जीत


सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को हराया



उत्तर प्रदेश मऊ इंडिया और एनडीए की पहली लड़ाई कही जाने वाली घोसी विधानसभा की सीट सपा ने जीत ली है। सपा के सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से हरा दिया है। सुधाकर सिंह को 42 हजार 759 वोटों से जीत मिली है। यहां सपा पहले ही राउंड से बढ़त बनाए हुए थी। कहा जा रहा है कि सपा की यह जीत न सिर्फ भाजपा बल्कि उसके सहयोगी दलों सुभासपा के ओपी राजभर, अपना दल के अनुप्रिया पटले और आशीष पटेल, निषाद पार्टी से संजय निषाद के लिए भी बड़ा झटका मानी जा रही है। सपा के सुधाकर सिंह को 1 लाख 24 हजार 427 वोट मिले। भाजपा के दारा सिंह को 81 हजार 668 वोट ही मिल सके हैं। तीसरे नंबर पर पीस पार्टी के सनाउल्लाह रहे। उन्हें 2570 वोट मिले। चौथे पर जनअधिकार पार्टी के अफरोज आलम और पांचवे पर 1725 वोट पाकर नोटा रहा। भाजपा ने इस सीट को जीतने के लिए मंत्रियों की फौज उतार दी थी। करीब दो दर्जन मंत्री लगातार यहां कैंप कर रहे थे।


 भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह , दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद और ब्रजेश पाठक ने भी कई दिनों तक प्रचार किया था। ओपी राजभर, आशीष पटेल, संजय निषाद ने भी अपनी जाति के वोटरों को लुभाने के लिए लगातार दौरे कर रहे थे। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र में 50 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मंगलवार (पांच सितंबर) को उपचुनाव के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, जो विपक्षी गठबंधन इंडिया के गठन के बाद राज्य में पहला चुनावी मुकाबला था। पिछले साल के विधानसभा चुनाव में घोसी में 58.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, पांच सितंबर को हुए विधानसभा उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 50.77 दर्ज किया गया था।


 सपा के टिकट पर 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में यह सीट जीतने वाले दारा सिंह चौहान के जुलाई में इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था। सपा से इस्तीफा देकर चौहान फिर भाजपा में लौट आए थे। भाजपा ने उन्हें उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन सपा ने उनके मुकाबले सुधाकर सिंह को मैदान में उतारा। साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में चौहान ने भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार राजभर को 22,216 मतों के अंतर से हराया था। इस उपचुनाव में चौहान को राजग के सहयोगियों... अपना दल (सोनेलाल), निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) पार्टी और पूर्व सपा सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का समर्थन मिला है। 


दूसरी ओर सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को विपक्षी गठबंधन इंडिया के घटक दलों - कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (भाकपा-माले)-लिबरेशन और सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का समर्थन मिला है। हालांकि उपचुनाव के नतीजे का भाजपा सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा, जिसे 403 सदस्यीय राज्य विधानसभा में अच्छा बहुमत हासिल है। इसका परिणाम 2024 के लोकसभा चुनाव के लिहाज से एक संकेत हो सकता है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीट हैं। इस उपचुनाव में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में थे। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उपचुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था।

आजमगढ़ पेशी पर आए बंदी ने कोर्ट परिसर में ब्लेड से काटा खुद का गला लगाया आरोप- फर्जी मामले में पुलिस ने पकड़ा


 आजमगढ़ पेशी पर आए बंदी ने कोर्ट परिसर में ब्लेड से काटा खुद का गला


लगाया आरोप- फर्जी मामले में पुलिस ने पकड़ा



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिला कारागार से पेशी पर आए एक बंदी ने कोर्ट परिसर में ब्लेड से खुद के गले पर वार कर लिया। घटना से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। लहूलुहान हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखनऊ जिले के ठाकुरगंज थाना अंतर्गत हबीबपुर कला पहाड़ निवासी नईम अंसारी (30) को जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने 27 अगस्त को पॉक्सो एक्ट में लखनऊ से ही गिरफ्तार किया था। आजमगढ़ लाकर उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


 शुक्रवार को वह जेल से न्यायालय पेशी पर लाया गया था। इसी दौरान न्यायालय लॉकअप में न जाने कहां से वह ब्लेड पा गया और अपने गर्दन पर वार कर लिया। बंदी के लहूलुहान होते ही मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिसकर्मी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। उपचार के बाद नईम ने बताया कि उसे जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने फर्जी मामले में गिरफ्तार किया है। जिसके चलते ही उसने इस घटना को अंजाम दिया है। आजमगढ़ एसपी अनुराग आर्य ने कहा कि पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार एक बंदी ने पेशी पर आने के दौरान न्यायालय परिसर में ब्लेड से खुद के गर्दन पर वार किया। उसके गदर्न पर हल्की चोट आई है। जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आजमगढ़ तहबरपुर लाठी-डंडा से पीटकर ट्रक चालक की हत्या जमीन को लेकर सगे भाई से चल रहा था विवाद


 आजमगढ़ तहबरपुर लाठी-डंडा से पीटकर ट्रक चालक की हत्या


जमीन को लेकर सगे भाई से चल रहा था विवाद


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र के बसही जरमेजयपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर ट्रक चालक की लाठी डंडा से हमला कर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। बसही जरमेजयपुर गांव निवासी 45 वर्षीय राज नरायन सरोज पुत्र स्व. बिंदर सरोज कोलकाता में रहकर ट्रक चलाता था। वह तीन दिन पूर्व कोलकाता से अपने घर वापस आया था।


 परिजनों का कहना है कि राज नरायन का अपने सगे भाई नरायन सरोज से भूमि को लेकर आपस में काफी दिनों से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर गुरुवार की देर शाम लगभग छह बजे दोनों पक्षों के बीच कहा-सुनी होने लगी। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा से राज नरायन के उपर हमला कर दिये। इस हमले में राज नरायन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे परिवार के लोग मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रात नौ बजे उसकी मौत हो गयी। मृत राजनरायन के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। पत्नी मीना का रो-रोकर बुरा हाल है।

आजमगढ़ कैफियात की चपेट मे आकर अज्ञात युवक की मौत बेलइसा ओवर ब्रिज के पास हुई घटना, जीआरपी ने शव को लिया कब्जे में


 आजमगढ़ कैफियात की चपेट मे आकर अज्ञात युवक की मौत


बेलइसा ओवर ब्रिज के पास हुई घटना, जीआरपी ने शव को लिया कब्जे में



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ स्थानीय रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर सिंगनल के अंदर बेलइसा ओवर ब्रिज के पास शुक्रवार को दिन में एक युवक की कैफियात एक्सप्रेस से कटकर मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। 


शुक्रवार को दिन में लगभग साढ़े 11 बजे दिल्ली से आजमगढ़ कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी। बेलइसा ओवर ब्रिज के पास पहुंची थी कि तभी एक 20 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उक्त युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गयी। हादसे की खबर मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी थी।

लखनऊ दरोगा की शर्मनाक हरकत, पीड़ित महिला को नशीली दवा पिलाकर की छेड़छाड़ होटल में ले जाकर बनाया वीडियो, विरोध पर मारपीट कर भगाया, मुकदमा दर्ज


 लखनऊ दरोगा की शर्मनाक हरकत, पीड़ित महिला को नशीली दवा पिलाकर की छेड़छाड़


होटल में ले जाकर बनाया वीडियो, विरोध पर मारपीट कर भगाया, मुकदमा दर्ज



उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मानवता को कलंकित कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल मुसीबत में फंसने पर मदद मांगने के लिए हाइडिल चौकी पहुंची महिला को दरोगा अमरेश सिंह ने पानी में नशीली गोलियां मिला कर पिला दी। मिली जानकारी के अनुसार एक होटल में ले जाकर आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। जिसका वीडियो भी रिकार्ड करने के बाद संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट कर भगा दिया। पीड़िता ने वीडियो डिलीट करने के लिए कहा। जिस पर दरोगा ने गाली गलौज की। दरोगा की हरकतों से आजिज होकर महिला ने आलमबाग कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया संगीन आरोपों के चलते दरोगा अमरेश को निलंबित किया गया है।


 सरोजनीनगर निवासी पीड़िता के मुताबिक वह शिकायत दर्ज कराने के लिए हाइडिल चौकी गई थी। जहां अमरेश सिंह बतौर चौकी इंचार्ज तैनात था। बातचीत के बाद आरोपी ने मदद करने का झांसा दिया। फिर एक होटल में बात करने के लिए बुलाया। जहां आरोपी ने नशीला पानी देकर उसे बेहोश कर दिया। इस दौरान गलत हरकत करते हुए मारपीट की गई। इंस्पेक्टर आलमबाग शिवशंकर महादेवन ने बताया कि महिला ने तहरीर दी है। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दरोगा अमरेश सिंह पर लगे आरोपों की जांच की जाएगी। महिला के अनुसार आरोपी उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। मना करने पर पति को वीडियो भेजने की धमकी दी है।

जौनपुर कार सवारों ने बाइक सवार 2 चचेरे भाइयों पर तड़तड़ाई गोलियां एक युवक की मौत दूसरे की हालत गंभीर


 जौनपुर कार सवारों ने बाइक सवार 2 चचेरे भाइयों पर तड़तड़ाई गोलियां


एक युवक की मौत दूसरे की हालत गंभीर




उत्तर प्रदेश जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र के असुआपार गांव के पास गुरुवार देर शाम बदमाशों ने दो चचेरे भाइयों पर गोलियां तड़तड़ाई। गोली लगने से दोनों भाई घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। उसे बदलापुर सीएचसी से जिला अस्पताल के रेफर कर दिया गया। घटना आबादी की जमीन के विवाद को लेकर बताई गई है।


 घटनास्थल पर रात तक बदलापुर समेत कई थानों की पुलिस डटी रही। महराजगंज थाना क्षेत्र के गोंदालपुर गांव निवासी शिव कुमार (35) और उसका चचेरा भाई जितेंद्र (24) गुरुवार बदलापुर थाना क्षेत्र के पुरालाल गांव में प्रधान के यहां इंटरलॉकिंग बिछाने गए थे। देर शाम एक ही बाइक से दोनों घर के लिए निकले। रात करीब आठ बजे असुआपार गांव के पास चार पहिया गाड़ी से पहुंचे बदमाशों ने बाइक सवार भाइयों पर ताबड़तोड़ फायर झोंक दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते चार पहिया वाहन सवार बदमाश फरार हो गए। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे सड़क पर बाइक समेत गिरे गोली लगने से लहूलुहान भाइयों पर नजर पड़ी। 


सूचना पर पहुंची पुलिस ने आननफानन घायलों को सीएचसी बदलापुर भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि जितेंद्र की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। गोंदालपुर के प्रधान विनोद कुमार पाल ने बताया कि आबादी की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप लगाया कि इसी विवाद में शिव कुमार की हत्या हुई है। मामले में पहले भी मारपीट हुई थी। पुलिस ने कार्रवाई भी की थी। बावजूद इसके मामला हल नहीं हो सका था। सीओ बदलापुर अशोक कुमार सिंह ने कहा कि पट्टीदारों द्वारा गोली मारकर हत्या करने का मामला है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। इस मामले में तहरीर के आधार कार्रवाई की जा रही है।