Thursday 29 February 2024

आजमगढ़ अहरौला पीआरडी के जवान की हुई मौत ड्यूटी से लौटते समय बिगड़ी थी तबीयत


 आजमगढ़ अहरौला पीआरडी के जवान की हुई मौत


ड्यूटी से लौटते समय बिगड़ी थी तबीयत



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के गहजी भकुही ग्राम निवासी सूर्यप्रताप यादव उम्र 50 वर्ष पीआरडी जवान के रूप में अहरौला थाने पर तैनात थे। इस समय उनकी ड्यूटी जिला मुख्यालय पर यातायात व्यवस्था में लगी हुई थी। बुधवार की शाम ड्यूटी के बाद वह अपने सहकर्मी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में किशुनदासपुर के पास अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। साथ में रहे संतोष कुमार ने इसकी जानकारी परिवार वालों को देते हुए उपचार के लिए उन्हें शहर के करतालपुर क्षेत्र में स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रात करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई। 


परिजन शव को लेकर घर लौट गए। गुरुवार को क्षेत्र के दुर्वासा घाट पर गार्ड आफ आनर के साथ शव का दाह संस्कार किया गया। साथी के निधन से दुखी पीआरडी के पूर्व कमांडर हरिश्चंद्र यादव के साथ रमणीत सिंह, सर्वेश मौर्य, राजेंद्र यादव, बृजभूषण यादव, संतोष कुमार यादव, कालीचरण, संतोष कुमार आदि ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक परिवार को हर संभव मदद देने का संकल्प लिया।

अयोध्या कमरे में फंदे से लटका मिला यातायात सिपाही का शव सुसाइड नोट में लिखी ये बात


 अयोध्या कमरे में फंदे से लटका मिला यातायात सिपाही का शव


सुसाइड नोट में लिखी ये बात



उत्तर प्रदेश अयोध्या नगर कोतवाली क्षेत्र के खोजनपुर में किराये के मकान में रह रहे यातायात सिपाही अभय यादव (28) का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।


 अभय यादव कानपुर नगर के पनकी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे बृहस्पतिवार की सुबह कमरे में उन्होंने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडे ने बताया कि सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें सिपाही ने किसी को दोषी नहीं बताया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों को भी सूचित किया गया है।

जौनपुर चर्चित आईएएस अभिषेक सिंह की बड़ी मुराद पूरी, अब दूसरा सपना भी होगा पूरा


 जौनपुर चर्चित आईएएस अभिषेक सिंह की बड़ी मुराद पूरी, अब दूसरा सपना भी होगा पूरा



उत्तर प्रदेश जौनपुर चर्चित आईएएस अभिषेक सिंह की बड़ी मुराद पूरी हो गई है। उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। वह सरकारी सेवा से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं। अभिषेक ने पिछले साल अक्टूबर में इस्तीफा दिया था। अभिषेक का इस्तीफा गुरुवार से स्वीकार माना जाएगा। इसी के आधार पर ही देयों का लाभ दिया जाएगा।


 कई फिल्मों में काम कर चुके अभिषेक सिंह लंबी गैरहाजिरी के कारण फरवरी 2023 से ही निलंबित चल रहे थे। अभिषेक सिंह के जौनपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने की भी चर्चाएं समय-समय पर होती रही हैं। उनके करीबियों की मानें तो अभिषेक सिंह का सपना है कि वह जौनपुर से सांसद बनें और वहां के लोगों की सेवा करें। कहा जा रहा है कि अपने इसी सपने को पूरा करने के लिए वह जौनपुर में लगातार एक्टिव भी हैं।


 जौनपुर में भव्य गणेशोत्सव कराया और यहां के लोगों को अयोध्या में राम लला का दर्शन कराने की व्यवस्था भी कराई थी। अभिषेक सिंह की पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल भी आईएएस अधिकारी हैं। अभिषेक वर्ष 2015 में प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली चले गए थै। पांच साल बाद वापसी पर उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए प्रेक्षक बनाकर भेजा गया। वहां कार के आगे सेलिब्रिटी के अंदाज वाला उनका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो निर्वाचन आयोग ने 18 नवंबर 2022 को उन्हें प्रेक्षक ड्यूटी से हटा दिया था।

मऊ के एसपी समेत 6 आईपीएस अधिकारियों का हुआ तबादला


 मऊ के एसपी समेत 6 आईपीएस अधिकारियों का हुआ तबादला



उत्तर प्रदेश लखनऊ डीजीपी मुख्यालय ने बुधवार को दो जिलों के पुलिस कप्तान समेत एसपी रैंक के छह आईपीएस अफसरों का तबादला कर दिया। एसपी तकनीकी सेवाएं अनूप कुमार सिंह को अमेठी का एसपी बनाया गया है। वहीं अमेठी के एसपी इलामारन जी. को मऊ का एसपी बनाया गया है। मऊ के एसपी अविनाश पांडेय को पीलीभीत का एसपी बनाया गया है। पीलीभीत के एसपी अतुल शर्मा द्वितीय को आगरा कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।


 सीबीसीआईडी में तैनात सुनीता सिंह को 37वीं वाहिनी पीएसी कानपुर का सेनानायक बनाया गया है। इसी तरह आगरा पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त रवि कुमार को 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर का सेनानायक बनाया गया है।