Monday, 6 July 2026

आजमगढ़ बिलरियागंज 2 पड़ोसी पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, कई घायल; 2 की हालत गंभीर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमले का आरोप, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया


 आजमगढ़ बिलरियागंज 2 पड़ोसी पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, कई घायल; 2 की हालत गंभीर


लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमले का आरोप, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के कासिमगंज कस्बे में रविवार रात करीब 8:30 बजे दो पड़ोसी पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलरियागंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, प्रथम पक्ष के इंतखाब आलम पुत्र अबू आला, शादाब आलम पुत्र अबू आला, जावेद पुत्र सेराज, मोहम्मद कैफ पुत्र शाहबाज निवासी कस्बा बिलरियागंज तथा नूर आलम पुत्र रेहान निवासी मोहम्मदपुर थाना बिलरियागंज रविवार रात दुकान बंद कर एक साथ घर लौट रहे थे। 


आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के 8 से 10 लोग वहां पहुंच गए और लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में प्रथम पक्ष के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के जियाउर रहमान सहित एक-दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। सीएचसी बिलरियागंज में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने नूर आलम और शादाब की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। अन्य घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है। घायल मोहम्मद कैफ ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत अचानक लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। हालांकि घटना के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जौनपुर मड़ियाहूं सोते वक्त युवती को गड़ासे से 3 टुकड़ों में काटा मोबाइल चैट देखने को लेकर दोनों के बीच हुआ था विवाद


 जौनपुर मड़ियाहूं सोते वक्त युवती को गड़ासे से 3 टुकड़ों में काटा



मोबाइल चैट देखने को लेकर दोनों के बीच हुआ था विवाद



उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रानीपुर बाईपास पर महिला के क्षत-विक्षत शव मिलने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने 14 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, मोबाइल चैट को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने महिला की गला रेतकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव के तीन टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42) निवासी भावनगर (गुजरात) एवं वर्तमान निवासी टीचर्स कॉलोनी, मड़ियाहूं के रूप में हुई है।


 पूछताछ में उसने बताया कि चार जुलाई को वह मृतका रेशमा खां उर्फ सना को बाबतपुर से अपने किराए के कमरे पर लेकर आया था। कमरे पर मोबाइल चैट देखने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने बाजार से काली पॉलीथीन खरीदी और गड़ासे से शव के दोनों हाथ और पैर काटकर उसे तीन हिस्सों में बांट दिया। धड़ को रानीपुर बाईपास के पास झाड़ियों में तथा पैर और अन्य अंगों को रामनगर ब्लॉक मोड़ के पास पुलिया के आगे फेंक दिया। पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त की कार्रवाई शुरू होने की जानकारी मिलने पर वह बचे हुए अंगों को हटाने जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना मड़ियाहूं पुलिस ने रामनगर ब्लॉक गेट के पास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।