Thursday, 5 March 2026

आजमगढ़ अहरौला प्रेमी युगल ने खाया जहरीला पदार्थ, युवती की मौत होली की रात मिलने के बाद दोनों ने जहर खाया, युवक पुलिस हिरासत में परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जाँच में जुटी पुलिस


 आजमगढ़ अहरौला प्रेमी युगल ने खाया जहरीला पदार्थ, युवती की मौत



होली की रात मिलने के बाद दोनों ने जहर खाया, युवक पुलिस हिरासत में


परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जाँच में जुटी पुलिस 


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया पारा गांव में बुधवार की रात एक प्रेमी युगल द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। इस घटना में युवती की मौत हो गई, जबकि युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवती के परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए आरोप लगाए हैं। 


जानकारी के अनुसार, फुलवरिया पारा गांव निवासी सुरेश गोंड की पुत्री सरिता बीए की छात्रा थी। उसका गांव के ही युवक दिलीप से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। कुछ दिन पहले दोनों घर से फरार हो गए थे, लेकिन बाद में वापस लौट आए थे। बताया जा रहा है कि होली की रात बुधवार को दिलीप ने फोन कर सरिता को गांव के सिवान क्षेत्र में बुलाया, जहां दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद दिलीप ने अपने एक मित्र को बुलाया, जिसने सरिता को उसके घर के पास रास्ते पर छोड़ दिया। गुरुवार भोर में गांव के लोगों ने सरिता को रास्ते पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर युवक दिलीप की हालत ठीक बताई जा रही है। मामले में युवती के पिता की तहरीर पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। 


परिजनों का आरोप है कि पूर्व में दर्ज मुकदमे की रंजिश के चलते युवती को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। अहरौला थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ कंधरापुर/सिधारी/रानी की सराय, 3 अलग-अलग हादसों में मासूम सहित 4 की मौत, कई घायल


 आजमगढ़ कंधरापुर/सिधारी/रानी की सराय, 3 अलग-अलग हादसों में मासूम सहित 4 की मौत, कई घायल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आजमपुर चकिया मोड़ के पास बुधवार सुबह लगभग 10 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला और आठ माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर सियरहां गांव निवासी संदीप राम (20) पुत्र मखंचू राम अपनी बहन मनीषा (22) और आठ माह के श्रेयांश को बाइक से किसी कार्य से आजमगढ़ जा रहे थे। जैसे ही वे आजमपुर चकिया मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही अल्ट्रोज कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान मनीषा और मासूम श्रेयांश ने दम तोड़ दिया। संदीप का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। 


वहीं सिधारी थाना क्षेत्र के चंडेश्वर के पास बुधवार दोपहर अनियंत्रित बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में जहानागंज थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी 30 वर्षीय अमित कुमार की मौत हो गई। वह अपने साथी 18 वर्षीय प्रभात के साथ बाइक से सिधारी होली का सामान लेने आया था। लौटते समय अमित बाइक चला रहे थे और प्रभात पीछे बैठा था।



 इसी क्रम में रानी की सराय क्षेत्र के सोनवारा गांव में पोखरी में डूबने से 15 वर्षीय रमन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पोखरी में अन्य लोग भी स्नान कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आजमगढ़ निजामाबाद पोखरे में डूबने से 2 किशोरियों की मौत नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा


 आजमगढ़ निजामाबाद पोखरे में डूबने से 2 किशोरियों की मौत



नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत फत्तनपुर मुस्तफाबाद गांव में होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पोखरे में डूबने से दो किशोरियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अंशिका (14) पुत्री सुरेश यादव और शिवांगी (18) पुत्री राजेश यादव होली खेलने के बाद गांव के पास स्थित पोखरे में नहाने गई थीं। नहाते समय अचानक दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों को पोखरे से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रानी की सराय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। 


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष निजामाबाद हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों किशोरियों की मौत पानी में डूबने से हुई है। परिजन उन्हें ब्लॉक रानी की सराय स्थित अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।