Saturday, 28 November 2026

आजमगढ़ जहानागंज अज्ञात 4 पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत दुकान बंद कर घर लौटते समय हुआ हादसा, पत्नी और 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया जेब में मिली दुकान की पर्ची से हुई मृतक की पहचान, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी


 आजमगढ़ जहानागंज अज्ञात 4 पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत


दुकान बंद कर घर लौटते समय हुआ हादसा, पत्नी और  3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया


जेब में मिली दुकान की पर्ची से हुई मृतक की पहचान, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे जहानागंज-सठियांव मार्ग पर महुआ मोड़ के पास शुक्रवार की रात अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अतरडीहा गांव निवासी 40 वर्षीय राम अवध पुत्र स्वर्गीय खुशहाल के रूप में हुई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। 


जानकारी के अनुसार, राम अवध जहानागंज बाजार में फास्ट फूड की दुकान चलाते थे। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। अभी वह जहानागंज-सठियांव मार्ग पर महुआ मोड़ के पास कोढ़वा स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची जहानागंज पुलिस ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल भेजवाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। शुरूआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। तलाशी के दौरान उनकी जेब से दुकान की एक पर्ची मिली। इसके आधार पर पुलिस ने दुकान मालिक से संपर्क किया और मृतक के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद जहानागंज क्षेत्र के टेकई गांव स्थित उनकी बुआ के घर सूचना दी गई। वहां से उनके फुफेरे भाई ने शनिवार सुबह अतरडीहा गांव में परिजनों को हादसे की जानकारी दी। मृतक के चाचा बसंत राम ने घटना के संबंध में जहानागंज थाने में लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। राम अवध अपने पीछे पत्नी गीता, एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा होने के कारण उनकी मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद अतरडीहा गांव में शोक का माहौल है।

आजमगढ़ फूलपुर बिजली विभाग का सघन चेकिंग अभियान, 16 बकायेदारों के कनेक्शन काटे विद्युत कैंप में 33 उपभोक्ताओं ने जमा किया बकाया बिल, विभाग को मिला 1.36 लाख रुपये का राजस्व


 आजमगढ़ फूलपुर बिजली विभाग का सघन चेकिंग अभियान, 16 बकायेदारों के कनेक्शन काटे


विद्युत कैंप में 33 उपभोक्ताओं ने जमा किया बकाया बिल, विभाग को मिला 1.36 लाख रुपये का राजस्व


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे बिजली बिल के बकायेदारों पर शिकंजा कसने के लिए विद्युत विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को फूलपुर उपकेंद्र क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। बुढ़िया माई मंदिर के बगल में आयोजित विद्युत कैंप के माध्यम से विभागीय टीम ने उपभोक्ताओं के कनेक्शनों और बकाया बिलों की जांच की।

उपखंड अधिकारी विद्युत फूलपुर सुजीत कुमार और अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चले इस अभियान में कुल 64 परिसरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 33 बकायेदार उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बिजली बिल का भुगतान कर दिया। वहीं, बकाया बिल जमा नहीं करने वाले 16 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए।


अभियान के दौरान विद्युत विभाग को कुल 1 लाख 36 हजार रुपये के बकाया राजस्व की वसूली हुई। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय से अपने बिजली बिल का भुगतान करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। साथ ही स्पष्ट किया कि बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी चेकिंग और कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई जारी रहेगी।


इस मौके पर सूर्यभान, अजय कुमार, शिवकुमार, टीजी-टू लाइनमैन चंद्रशेखर, अखिलेश, संदीप कुमार, अंगद, मदन और संतोष पाल सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।