Tuesday, 21 April 2026

उत्तर प्रदेश, भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग का निर्णय


 उत्तर प्रदेश, भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय



भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग का निर्णय



उत्तर प्रदेश लखनऊ, प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों के समय में बदलाव किया है। अब बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे, जबकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही कराई जाएगी। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि बच्चों को तेज धूप और गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। नए समयानुसार विद्यालयों में प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक होगा। इसके बाद नियमित कक्षाएं संचालित होंगी। विद्यालयों में मध्यावकाश सुबह 10:00 बजे से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करेंगे। 


निदेशक ने यह भी स्पष्ट किया है कि मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के लिए उनकी प्रबंध समितियां स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समय निर्धारण करने के लिए अधिकृत होंगी। गौरतलब है कि प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान के चलते शिक्षक संगठनों द्वारा लंबे समय से स्कूलों के समय में बदलाव की मांग की जा रही थी। कुछ जिलों में पहले ही स्थानीय स्तर पर समय में परिवर्तन किया जा चुका था, जिसके बाद अब प्रदेश स्तर पर यह निर्णय लिया गया है।