Wednesday, 8 July 2026

आजमगढ़ जहानागंज डायल-112 के 2 पुलिसकर्मी निलंबित पीआरवी वाहन हादसे की सूचना छिपाना पड़ा महंगा, एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी


 आजमगढ़ जहानागंज डायल-112 के 2 पुलिसकर्मी निलंबित



पीआरवी वाहन हादसे की सूचना छिपाना पड़ा महंगा, एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में डायल-112 के दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान सामने आया कि यूपी डायल-112 में तैनात मुख्य आरक्षी बृजलाल पटेल और आरक्षी कमलेश कुमार गौड़, जो वर्तमान में थाना जहानागंज की पीआरवी पर नियुक्त हैं, ने 5 जुलाई 2026 को पीआरवी चालक राधेश्याम द्वारा वाहन को लापरवाही से चलाते हुए दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त कर देने की सूचना न तो कंट्रोल रूम को दी और न ही अपने प्रभारी अधिकारियों को अवगत कराया। 


प्रथम दृष्टया दोनों पुलिसकर्मियों पर अनुशासनहीनता, अकर्मण्यता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता के आरोप पाए गए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ मार्टिनगंज आंगनबाड़ी भर्ती में रिश्वत और अनियमितता का आरोप सीडीपीओ पर 2 लाख रुपये मांगने, तहसीलदार पर मिलीभगत से आय प्रमाण-पत्र निरस्त कराने का आरोप


 आजमगढ़ मार्टिनगंज आंगनबाड़ी भर्ती में रिश्वत और अनियमितता का आरोप



सीडीपीओ पर 2 लाख रुपये मांगने, तहसीलदार पर मिलीभगत से आय प्रमाण-पत्र निरस्त कराने का आरोप



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सतैनी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ती भर्ती को लेकर एक अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। अभ्यर्थी ने पूरे प्रकरण की किसी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष अधिकारी से जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है। ग्राम सभा सतैनी निवासी निशा देवी ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पद की अभ्यर्थी हैं और अत्यंत गरीब परिवार से संबंध रखती हैं। उनका परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन-यापन करता है तथा उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला है।


 शिकायत के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के दौरान उनके आय प्रमाण-पत्र की तीन बार जांच हुई और हर बार वह सही पाया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी स्तर पर भी अभिलेखों का सत्यापन किया गया, जहां कोई आपत्ति नहीं मिली। इसके बावजूद उनका आरोप है कि चयन से पहले बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), मार्टिनगंज ने दो लाख रुपये की अवैध धनराशि की मांग की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने रकम देने से इनकार कर दिया। निशा देवी का आरोप है कि इसके बाद तहसीलदार और सीडीपीओ की मिलीभगत से जांच रिपोर्ट तैयार कराकर उनका आय प्रमाण-पत्र निरस्त करा दिया गया, जिससे उनकी अभ्यर्थिता प्रभावित हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नियमों के अनुरूप पात्र न होने वाले तीसरे क्रम के अभ्यर्थी के चयन के लिए तीन लाख रुपये की लेन-देन की गई। अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जनपद स्तर अथवा किसी सक्षम उच्चाधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।

अलीगढ़ पिता की बेइज्जती की बात सुनते ही बेकाबू हुआ दूल्हा तलवार लेकर शादी समारोह में मचाया उत्पात दुल्हन पक्ष के लोग घायल, पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुआ दूल्हा


 अलीगढ़ पिता की बेइज्जती की बात सुनते ही बेकाबू हुआ दूल्हा


तलवार लेकर शादी समारोह में मचाया उत्पात


दुल्हन पक्ष के लोग घायल, पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुआ दूल्हा


उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के छर्रा क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब दूल्हे को किसी ने यह सूचना दी कि उसके पिता के साथ दुल्हन पक्ष के लोगों ने अभद्रता और मारपीट की है। यह सुनते ही दूल्हा गुस्से से बेकाबू हो गया। वह बग्घी से उतरकर हाथ में तलवार लेकर विवाह स्थल में घुस गया और दुल्हन पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। घटना से समारोह में अफरा-तफरी मच गई।


 जानकारी के अनुसार, रायपुर खास (थाना पालीमुकीमपुर) निवासी जयवीर पुत्र मुकुट सिंह की बारात सोमवार शाम छर्रा स्थित एमआर गार्डन पहुंची थी। बारात दरवाजे पर पहुंचने के दौरान किसी ने दूल्हे को बताया कि उसके पिता का अपमान किया गया है और उनके साथ मारपीट हुई है। यह सुनते ही दूल्हे ने बग्घी से उतरकर अपना सेहरा सड़क पर फेंक दिया और हाथ में तलवार लेकर गार्डन के अंदर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूल्हे ने तलवार लहराते हुए दुल्हन पक्ष के लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। तलवार देखकर समारोह में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन हथियार होने के कारण कोई उसके करीब नहीं जा सका। उस समय दुल्हन पार्लर गई हुई थी। घटना की जानकारी मिलने पर उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दूल्हा मौके से फरार हो गया, जबकि उसके साथ आए अधिकांश बाराती भी वहां से निकल गए। मारपीट में दुल्हन का भाई मनवीर समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। छर्रा थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि शादी समारोह में दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।