Sunday, 8 March 2026

आजमगढ़ पुलिस ने बरामद किए 154 एंड्रॉयड मोबाइल, स्वामियों को किए सुपुर्द सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लगभग 38.50 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद 25 महीनों में पुलिस ने 7.885 करोड़ रुपये के 3179 मोबाइल ढूंढकर लौटाए


 आजमगढ़ पुलिस ने बरामद किए 154 एंड्रॉयड मोबाइल, स्वामियों को किए सुपुर्द



सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लगभग 38.50 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद


25 महीनों में पुलिस ने 7.885 करोड़ रुपये के 3179 मोबाइल ढूंढकर लौटाए


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरवरी 2026 के दौरान कुल 154 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 38.50 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद मोबाइल फोन रविवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 


इस अभियान के तहत मोबाइल धारक सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हैं, जिसके आधार पर पुलिस और सीसीटीएनएस टीम मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद करती है। इसी क्रम में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 351 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। वहीं फरवरी 2024 से अब तक चलाए जा रहे अभियान के दौरान कुल 3179 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 7.885 करोड़ रुपये है।

आजमगढ़ में 2.87 करोड़ की जमीन ठगी का खुलासा, गैंगेस्टर व भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय गिरफ्तार फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित दस्तावेज बनाकर 13 मामलों में लोगों से करोड़ों की ठगी पत्नी-पुत्र भी गैंग में शामिल, कई थानों में पहले से दर्ज हैं दर्जनभर से अधिक मुकदमे


 आजमगढ़ में 2.87 करोड़ की जमीन ठगी का खुलासा, गैंगेस्टर व भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय गिरफ्तार



फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित दस्तावेज बनाकर 13 मामलों में लोगों से करोड़ों की ठगी


पत्नी-पुत्र भी गैंग में शामिल, कई थानों में पहले से दर्ज हैं दर्जनभर से अधिक मुकदमे



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद पुलिस ने जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए गैंगेस्टर व हिस्ट्रीशीटर भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित राजस्व अभिलेख तैयार कर लोगों को झांसे में लेकर अब तक लगभग 2 करोड़ 87 लाख रुपये की ठगी की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया।


 पुलिस के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के मधुबन निवासी रूद्रान्श राय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कृष्णचन्द्र राय ने वर्ष 2023 में कोडर अजमतपुर स्थित जमीन बेचने का प्रस्ताव देकर उन्हें अपने झांसे में लिया। अभियुक्त ने कथित जमीन मालिकों से मुलाकात कराते हुए जमीन को विवाद-मुक्त बताया और 10 लाख रुपये प्रति बिस्वा के हिसाब से सौदा तय कराया। इस दौरान विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से 33.30 लाख रुपये अग्रिम के रूप में ले लिए गए। बाद में जमीन का पूरा एग्रीमेंट नहीं हुआ और कब्जा भी नहीं दिया गया। जांच करने पर पता चला कि दिखाई गई जमीन का बड़ा हिस्सा बंजर भूमि है तथा कई गाटा संख्या उस स्थान से संबंधित ही नहीं हैं। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने राजस्व निरीक्षक व तहसीलदार की फर्जी मुहर व हस्ताक्षर लगाकर नकली नक्शा-नजरी तैयार की थी।


 पूछताछ में अभियुक्त ने अपने परिजनों और अन्य साथियों के साथ मिलकर जमीन का फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर लोगों से मोटी रकम लेने और बाद में टालमटोल कर पैसा हड़पने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में जालसाजी, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और विवेचना के दौरान ठगी की अन्य घटनाओं की भी जांच की जा रही है।