Monday 13 November 2023

लखनऊ पीएसी इंस्पेक्टर को गोलियों से भूना, सदमे में पत्नी और बेटी रात को रिश्तेदार के यहां से घर लौटते समय हुई घटना


 लखनऊ पीएसी इंस्पेक्टर को गोलियों से भूना, सदमे में पत्नी और बेटी


रात को रिश्तेदार के यहां से घर लौटते समय हुई घटना



 उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंस्पेक्टर की गोलियों से भूनकर हत्या करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, लखनऊ के कृष्णानगर के मानस विहार में रविवार देर रात घर के दरवाजे पर पीएसी में तैनात एक इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश शुरू की है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


मानस विहार निवासी सतीश कुमार (52) चतुर्थ वाहिनी पीएसी प्रयागराज में क्वार्टर मास्टर के पद पर तैनात थे। वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ दीवाली पर एक रिश्तेदार के घर डिनर करने गए थे। रात करीब दो बजे वह वापस लौटे। वह कार से उतरकर घर का गेट खोल ही रहे थे तभी एक बदमाश आया और उन पर फायरिंग कर दी। इंस्पेक्टर को तीन गोलियां लगीं। उनकी पत्नी व बेटी ने पुलिस को सूचना दी। डीसीपी साउथ विनीत जायसवाल ने बताया कि मामले में अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पांच टीमें गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज से सुराग जुटाए जा रहे हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।


जिस वक्त वारदात हुई उस वक्त सतीश की पत्नी भावना और बेटी पाखी (10) कार में बैठी थीं। वह दोनों भी कार से उतरने वाली ही थीं। चूंकि घर का दरवाजा खोलना था इसलिए सतीश पहले उतरे थे। तभी दोनों ने देखा कि सतीश को गोली मार दी गई। वह आनन-फानन कार से उतरकर सतीश के पास गईं। वह खून से लथपथ होकर गिर गए। चंद सेकेंड में उनकी आंखें बंद हो गईं। फिर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात मां-बेटी के दिल और दिमाग में कैद हो गई। वह दशहत में हैं।

आजमगढ़ मार्टिनगंज समाज रत्न की मानद उपाधि से सम्मानित किए गए समाज सेवी कृष्ण कांत मिश्र


 आजमगढ़ मार्टिनगंज समाज रत्न की मानद उपाधि  से सम्मानित किए गए समाज सेवी कृष्ण कांत मिश्र 


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के फुलेश ग्राम निवासी समाजसेवी कृष्ण कांत मिश्र को समाज रत्न से सम्मानित किया गया। प्रकाश पर्व दीपावली के दिन मार्टीनगंज तहसील के फुलेश ग्राम निवासी समाजसेवी कृष्ण कांत मिश्र को शिक्षा जगत, चिकित्सा जगत एंवम धार्मिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु उनका माल्यार्पण कर आईडियल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विवेकानंद पांडेय एवं संगठन के प्रदेश कार्य समिति के सदस्य पृथ्वी राज सिंह के  द्वारा संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र देकर समाज रत्न से सम्मानित किया गया।


 इस मौके पर आईडियल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विवेकानन्द पांडेय ने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में श्री मिश्र जी का महत्वपूर्ण योगदान है, जिसके मद्देनजर कृष्ण कांत मिश्र को समाज रत्न की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छोटे लाल चतुर्वेदी, महेंद्र सिंह, राजेश मिश्र एडवोकेट, प्रद्युम्न मिश्र युवा भाजपा नेता, समर बहादुर सिंह, प्रवीण यादव पत्रकार, कृष्णा वर्मा आदि लोग उपस्थित थे।



आजमगढ़ दीदारगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट।

कानपुर देहात धमाके के बाद किशोर के उड़े चीथड़े.....4 गंभीर मौके पर डाग स्क्वायड टीम सहित पुलिस फोर्स मौजूद


 कानपुर देहात धमाके के बाद किशोर के उड़े चीथड़े.....4 गंभीर


मौके पर डाग स्क्वायड टीम सहित पुलिस फोर्स मौजूद



उत्तर प्रदेश कानपुर देहात के रसूलाबाद कस्बे में आजाद चौक के पास रविवार शाम खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जमा थी। इसी दौरान पटाखा बेच रहे किशोर के झोले में अचानक से विस्फोट हो गया, जिससे उसके चीथड़े उड़ गए। वहीं पास में खरीदारी कर रहे चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। विस्फोट होते ही अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी से प्राथमिक इलाज के बाद हैलट अस्पताल कानपुर रेफर किया गया। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। आबादी के बीच आजाद चौक से सुभाष चौक के बीच मूर्तियों की दुकान लगी है। रविवार शाम करीब 5.30 बजे लोहिया नगर रसूलाबाद निवासी अब्दुल दिलशाद उर्फ शाका आतिशबाज का बेटा सुफियान (15) कुछ झोलों में लेकर देशी पटाखे बेच रहा था।


मिली जानकारी के अनुसार इसी दौरान उसके एक झोले में अचानक से विस्फोट हो गया। प्रत्यक्षर्शियों के अनुसार विस्फोट होते ही सुफियान करीब 20 फीट ऊपर उछला और उसके चीथड़े उड़ गए। वहीं, पास में खड़े रंजीत सिंह(35) निवासी केशव नगर, दीपक यादव(28) निवासी यादव नगर, हर्षित चंदेल(18) निवासी आजाद चौक, हिमांशू सविता(15) निवासी लोहिया नगर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां से सभी को कानपुर नगर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मृतक का पिता पटाखे खरीदकर बेचता है। उसका बेटा सुफियान कहीं पर पटाखे लेकर जा रहा था, इसी दौरान झोला गिरने से पटाखे फूट गए। इससे हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।


दीपावली पर पटाखा बिक्री को लेकर काफी सतर्कता रही। बिना लाइसेंस के लोगों को पटाखे बेचने पर अनुमति नहीं रही। इसके बाद भी रसूलाबाद की घटना ने लोगों का दिल दहला दिया। एकाएक पटाखों से भरे झोले में हुए एक विस्फोट से लोग घंटों दहशत में रहे। आबादी के बीच आजाद चौक से सुभाष चौक के बीच मूर्तियों की दुकान में रविवार शाम पांच बजे के करीब सैकड़ों की संख्या में लोग खरीदारी कर रहे थे। सड़कों पर आवाजाही भी अधिक थी। इसी बीच भीड़ के बीच धमाका हुआ, तो लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर क्या हुआ। अचानक से भगदड़ मच गई। कुछ देर बाद एक किशोर का शव क्षतविक्षत हालत में सड़क पर पड़ा मिला। चार लोग बुरी तरह से लहुलुहान मिले। मौके पर मौजूद लोगों ने मृतक को अब्दुल दिलशाद का बेटा होना बताया। प्रत्यक्षदर्शी घनश्याम ने बताया कि अचानक से धमाका हुआ तो उसकी दुकान हिल गई।


ऊपर देखा तो एक बच्चा ऊपर से आकर गिरा। बताया कि कुछ देर पहले मृतक मूर्ति की दुकान किए पवन व गोलू की दुकान के पास दिखा था। इधर घायलों को स्थानीय लोगों ने तत्काल सीएचसी पहुंचा दिया। इधर धमाका होने से आस पास के घरों में रहे लोग दहशत में आ गए। कुछ लोग घायल व मृतक की पहचान को लेकर मौके पर भाग कर पहुंचे। जिस स्थान पर धमाका हुआ वहां सड़क किनारे कुछ दुकानदार गणेश, लक्ष्मी की मूर्तियां बेचने के लिए दुकानें लगाए थे। हादसे के बाद दुकानदार अपना सामान उठाकर चले गए। कुछ जल्दबाजी में कई मूर्तियां व अपनी दुकान का सामान मौके पर छोड़ कर इधर उधर हो गए। कुछ देर पहले बाजार में दिखने वाले चहल पहल सन्नाटे में तब्दील हो गई।


एक पटाखे भरे झोले में विस्फोट होने से किशोर के चीथड़े उड़ने को लेकर तरह तरह की अटकलें रही। कुछ लोग झोले में विस्फोटक सामग्री होने की चर्चा करते रहें। तो कुछ लोगों में यह चर्चा रही कि पटाखों में ऐसा क्या था जो किशोर कई फीट ऊपर उछल गया। हकीकत जांचने के लिए डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक टीम बुलाई गई। देर रात तक पुलिस जांच पड़ताल करती रही।

आजमगढ़ जीयनपुर विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान पिता ने दहेज हत्या का लगाया आरोप


 आजमगढ़ जीयनपुर विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान


पिता ने दहेज हत्या का लगाया आरोप



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दीपावली पर्व के मौके पर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मनिकाडिह गांव के एक परिवार में 28 वर्षीय विवाहिता के मन में न जाने कौन सी पीड़ा उठी कि उसने त्यौहार के ही दिन अपनी जीवनलीला समाप्त करने का कड़ा निर्णय लेते हुए वह अपने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी के फंदे से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।


रौनापार थाना अंतर्गत स्थानीय ग्राम निवासी रामचंदर राम ने विगत वर्ष 2017 में अपनी पुत्री 28 वर्षीय सरोज की शादी जीयनपुर क्षेत्र के मनिकाडिह गांव निवासी सूरज राम से की थी। समय के साथ सरोज ने तीन पुत्रों को जन्म दिया जिनमें सबसे बड़ा पांच वर्ष, मंझला तीन एवं सबसे छोटा एक वर्ष का है। रविवार को सरोज के पति व सास दोनों कृषि कार्य के लिए खेत में गए हुए थे जबकि सरोज घर की साफ-सफाई के लिए घर पर रुक गई। दोपहर में जब सास और पति दोनों घर लौटे तो बच्चे घर के बाहर रो रहे थे और घर का दरवाजा अंदर से बंद था।


 किसी अनहोनी की आशंकावश इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सीओ सगड़ी महेंद्र नाथ पांडेय,नायब तहसीलदार रणजीत बहादुर सिंह एवं जीयनपुर कोतवाल विवेक पाण्डेय मौके पर पहुंच गए। उनकी उपस्थिति में घर का दरवाजा खोला गया। अंदर बने कमरे की छत में लगे टिन शेड में दुपट्टे के सहारे विवाहिता का शव लटकता मिला। सूचना पाकर मौके पर मृतका के मायके वाले भी पहुंच गए। घटना के बाबत मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि बेटी को अक्सर ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में अभी कुछ समय पूर्व जीयनपुर कोतवाली में पंचायत भी हुई थी जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतका के पिता ने सास और पति के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

आजमगढ़ सरायमीर दुबई से शव आते ही परिजनों में मचा कोहराम बीते मंगलवार को दुबई में संदिग्धावस्था में हो गई थी मौत


 आजमगढ़ सरायमीर दुबई से शव आते ही परिजनों में मचा कोहराम



बीते मंगलवार को दुबई में संदिग्धावस्था में हो गई थी मौत



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर थाना के नंदाव गांव निवासी एक युवक की बीते मंगलवार को दुबई में संदिग्धावस्था में मौत हो गई थी। शनिवार की देर रात मृतक का शव दुबई से घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात ही परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। नंदाव गांव निवासी संतोष विश्वकर्मा 37 लगभग दो माह पूर्व रोजी-रोटी के लिए खाड़ी देश दुबई गया था। दुबई में वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। मंगलवार की सुबह वह संदिग्धावस्था में मृत हाल में अपने आवास पर मिला।


 मंगलवार को ही घटना की सूचना कंपनी के माध्यम से परिजनों को हुई थी। संतोष का भाई सुशील भी दुबई में ही किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचा और कागजी कवायद पूरा करा कर शनिवार की देर रात शव लेकर बाबतपुर हवाईअड्डा पहुंचा, जहां से शव देर रात घर पहुंचा। घर पर शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में सारी कवायद कर रात में ही शव का अंतिम संस्कार सुतरीगंज स्थित मुक्तिधाम श्मशान घाट पर कर दिया गया। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके तीन बच्चे बताए गए हैं। पत्नी व मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।

मथुरा पटाखा बाजार में लगी भीषण आग, पुलिसकर्मी समेत 12 झुलसे कई की हालत गंभीर, मची भगदड़


 मथुरा पटाखा बाजार में लगी भीषण आग, पुलिसकर्मी समेत 12 झुलसे



कई की हालत गंभीर, मची भगदड़



उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के राय कस्बा में लगे अस्थायी पटाखा बाजार में दीपावली के दिन दोपहर में भीषण आग लग गई। हादसे में 12 से ज्यादा लोग गंभीर रुप से झुलस गए हैं। सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। राजा कस्बा के मांट रोड स्थित गोपाल बाग में जिला प्रशासन की ओर से 24 अस्थायी पटाखा दुकान लगाने की अनुमति दी गई थी। दीपावली के दिन दोपहर में लोग यहां खरीदारी करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक पटाखा बाजार में आग लग गई।


 भारी मात्रा में इस बाजार में आतिशबाजी होने के चलते बड़ा हादसा हो गया और करीब 15 दुकानों पर बिक्री के लिए साजे लाखों रुपये के पटाखे फटने लगे। जिला अस्पताल में भर्ती सभी की स्थिति गंभीर है। इनमें से चार लोगों को आगरा रेफर किया गया है। बाकी झुलसे लोगों को भी रेफर करने की संभावना है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकुंद बंसल ने कहा कि कई लोग झुलसे हैं। गंभीर रूप से जले हुए कुछ युवाओं का उपचार किया जा रहा है।