Monday 13 February 2023

आजमगढ़ राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त युवक मुबारकपुर से गिरफ्तार


 आजमगढ़ राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त युवक मुबारकपुर से गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सूबे की राजधानी लखनऊ में स्थित आतंकवाद निरोधी सेल में दर्ज किए गए मामले में मुबारकपुर पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र के अमिलो गांव में छापेमारी कर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त युवक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।


जिले में तैनात एटीएस यूनिट में तैनात प्रभारी ने मुबारकपुर क्षेत्र के अमिलो ग्राम निवासी अबू ओसामा पुत्र मोहम्मद असलम द्वारा देश विरोधी बातों को समाज में फैलाने वालों के संपर्क में रहने के मामले में उसके खिलाफ एटीएस के लखनऊ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान आरोपी ओसामा के खिलाफ दुश्मन देश पाकिस्तान के विभिन्न मोबाइल नंबरों एवं सोशल मीडिया ग्रुपों से जुड़े होने के साक्ष्य मिले। तत्पश्चात मुबारकपुर थाने के प्रभारी राजकुमार सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ सोमवार की सुबह अमिलो ग्राम निवासी अबू ओसामा के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

लखनऊ सॉरी....पापा आपकी अच्छी बेटी नहीं बन पाई सुसाइड नोट लिख फंदे पर झूली बीकॉम की छात्रा

लखनऊ सॉरी....पापा आपकी अच्छी बेटी नहीं बन पाई


सुसाइड नोट लिख फंदे पर झूली बीकॉम की छात्रा


उत्तर प्रदेश लखनऊ बच्चों पर अच्छा करने का दबाव इस कदर हावी है कि ये कभी-कभी जानलेवा साबित हो जाता है। कभी यह दबाव घर से मिलता है तो कभी बच्चे खुद-ब-खुद ही इसे लेते हैं। जानकारी के अनुसार ऐसा ही मामला सामने आया इंदिरानगर से, जहां बीकॉम की छात्रा हेमू गुप्ता (21) ने फांसी लगा ली। सुसाइड नोट में लिखा पापा आपकी अच्छी बेटी नहीं बन पाई... सॉरी। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह के मुताबिक, हेमू पढ़ाई के साथ बैंकिंग की कोचिंग भी कर रही थी। पिता संजय कुमार गुप्ता नारियल व पन्नी का व्यापार करते हैं। मां सीमा देवी घर के नीचे दुकान पर बैठती हैं।


 संजय ने बताया कि बेटी कुछ दिनों से काफी परेशान थी। स्कूल कोचिंग भी नहीं जा रही थी। कई बार वजह पूछी, लेकिन कुछ बताया नहीं। शनिवार दोपहर मां ने नीचे दुकान से हेमू को फोन किया। जवाब नहीं मिलने पर कमरे में गईं तो बेटी फंदे से लटकता मिली। यह देख बेसुध होकर गिर पड़ीं। इंस्पेक्टर के मुताबिक, शव के पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है कि न मां-बाप की अच्छी बेटी बन पाई न अच्छी बहन। जिंदगी से तंग आ गई हूं... सॉरी। मृतका चार बहनों में सबसे बड़ी थी।

 

आजमगढ़ पवई स्नातक की छात्रा ने फांसी लगा कर की खुदकुशी नहीं मिला सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस


 आजमगढ़ पवई स्नातक की छात्रा ने फांसी लगा कर की खुदकुशी


नहीं मिला सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दावनपारा गांव निवासी एक युवती ने रविवार रात फांसी लगा कर जान दे दी। परिजनों को सोमवार सुबह घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी है।


 पवई थाना क्षेत्र के दावनपारा गांव निवासिनी रूपम मौर्या (22) बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। रविवार रात खाना खाने के बाद सोने चली गई। रात में किसी वक्त मंडई में फांसी लगा ली। सोमवार सुबह परिवार के लोगों ने उसे फंदे पर लटकता देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को फंदे से उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों के अनुसार रूपम दो दिन पहले ही फैजाबाद से परीक्षा देकर वापस लौटी थी। उसके पिता बीते 15 वर्षों से लापता हैं। घर पर वह मां और दो छोटे भाइयों के साथ रहती थी। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

आजमगढ़ मुबारकपुर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा, रात भर सड़क पर पड़ा रहा शव


 आजमगढ़ मुबारकपुर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत


पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा, रात भर सड़क पर पड़ा रहा शव



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बीती रात पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर अण्डरपास  के नीचे अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। रात भर मृतक का शव सड़क पर ही पड़ा रहा। सोमवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमर्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।


 मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पिचरी गांव निवासी महेंद्र सिंह (55) रविवार शाम बाइक से निमंत्रण में सिधारी थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव गए थे। देर रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे निमंत्रण से वह वापस घर लौट रहे थे। अभी वे बम्हौर गांव से गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के ओवरब्रिज के पास ही पहुंचे थे कि अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। 


सोमवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। महेंद्र सिंह कचहरी में फोटो स्टेट की दुकान संचालित करते थे। वह तीन पुत्रों के पिता थे। घटना की जानकारी परिजनों को होते ही कोहराम मच गया।

कुशीनगर शादी के जोड़े में फंदे से झूलती मिली युवती लाश बीती रात जयमाल के बाद हुई थी लापता


 कुशीनगर शादी के जोड़े में फंदे से झूलती मिली युवती लाश


बीती रात जयमाल के बाद हुई थी लापता


उत्तर प्रदेश के जिले कुशीनगर में शादी के जोड़े में फंदे से झूलती युवती की लाश मिली. हैरान कर देने वाला मामला चौरा खास थाना क्षेत्र के कोइलसवा बुजुर्ग गांव का है जहाँ सोमवार की सुबह फंदे से झूलती युवती की लाश मिली। शादी के जोड़े में शव देखकर परिजन सन्न रह गए। रविवार की रात से युवती जयमाल के बाद से लापता थी। तभी से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।


मिली जानकारी के अनुसार कोइलसवा बुजुर्ग के बिंद टोला निवासी उदय नाथ की बेटी नीतू (19) की शादी रविवार की रात तिथि थी। बरात आने के बाद लोगों ने धूमधाम से स्वागत किया। इसके बाद जयमाल हुआ। जयमाल के बाद शादी की बाकी रस्म पूरी हो पाती। इसके पहले ही नीतू घर से लापता हो गई।


 परिजनों ने रात में उसकी काफी तलाश की पर कुछ पता नहीं चला। सोमवार को उसका शव गांव से पश्चिम नदी के किनारे बरगद के पेड़ से लटका हुआ मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

आजमगढ़ तहसीलदार, लेखपाल व कानूनगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटाई गांव का मामला, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दिया आदेश


 आजमगढ़ तहसीलदार, लेखपाल व कानूनगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश


मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटाई गांव का मामला, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दिया आदेश



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ खलिहान की जमीन आबादी के रूप में दर्ज करने के एक मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने तहसीलदार, लेखपाल व कानूनगों के खिलाफ परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। मामला मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटाई गांव का है।


मिली जानकारी के मुताबिक वादी मुकदमा मनीष पांडेय निवासी कटाई थाना मेंहनगर ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया कि कटाई गांव में स्थित ग्राम समाज के खलिहान की एक जमीन को गांव के कन्हैया प्रजापति ने तत्कालीन लेखपाल, कानूनगो व तहसीलदार को अनुचित प्रभाव में लेकर आबादी के रुप में दर्ज करा लिया है। जिस पर वह वर्तमान में कब्जा भी किया हुआ है। इस मामले की सुनवाई पूरी करते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने तत्कालीन लेखपाल, कानूनगो व तहसीलदार के खिलाफ परिवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही वादी के बयान के लिए 27 अप्रैल की तिथि नियत किया है।

आजमगढ़ निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार मे बोलेरो की चपेट में आने से 2 की मौत


 आजमगढ़ निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार मे बोलेरो की चपेट में आने से 2 की मौत



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार के पास रविवार की रात करीब आठ बजे अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद बोलेरो सवार गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पहचान होने के बाद मृत युवकों के घरवालों को सूचना देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।



सरायमीर थाना क्षेत्र के खरेवां मोड़ निवासी राजेश वनवासी (24) पुत्र झिनक और पिंटू वनवासी (23) पुत्र घूरहू रविवार रात करीब आठ बजे बाइक से रानी की सराय की तरफ से सरायमीर की ओर जा रहे थे। फरिहा चौक के पास स्थित पेट्रोलपंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय दोनों की मौत हो गई।


खबर पाकर रोते-बिलखते परिवारीजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद राजेंद्र सिंह ने बताया कि बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। उसके मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।