Saturday, 9 May 2026

आजमगढ़ गम्भीरपुर 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार गम्भीरपुर पुलिस और प्रयागराज STF ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दबोचा


 आजमगढ़ गम्भीरपुर 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार



गम्भीरपुर पुलिस और प्रयागराज STF ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दबोचा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना गम्भीरपुर पुलिस और एसटीएफ फील्ड यूनिट प्रयागराज की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य तथा गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रईस उर्फ लम्बू पुत्र इरशाद निवासी फरिहा थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना निजामाबाद में गैंगस्टर एक्ट समेत कई चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 


पुलिस ने बताया कि वर्ष 2024 में निजामाबाद थाना क्षेत्र में कई चोरी की घटनाएं हुई थीं। इनमें घरों से नकदी, जेवरात तथा विद्यालय से गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी होने के मामले शामिल थे। विवेचना के दौरान पुलिस ने दिसंबर 2024 में गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया था। जांच में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो आर्थिक लाभ के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 मई 2026 को गम्भीरपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी और एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी रईस उर्फ लम्बू को बिन्द्रा बाजार स्थित पटेल ढाबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ निजामाबाद थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित चोरी और आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में गम्भीरपुर पुलिस के साथ एसटीएफ प्रयागराज के कई अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल रहे।

आजमगढ़ निजामाबाद दरोगा के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा मकान निर्माण रुकवाने के बाद ₹10 हजार रिश्वत मांगने का आरोप


 आजमगढ़ निजामाबाद दरोगा के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा



मकान निर्माण रुकवाने के बाद ₹10 हजार रिश्वत मांगने का आरोप


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के क्यामुद्दीन पट्टी उर्फ परसहा निवासी शहजाद अहमद ने पुलिस चौकी फरिहा पर तैनात एक नायब दरोगा और सिपाही पर घूस मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी सदर के आदेश के बाद निजामाबाद थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पीड़ित शहजाद अहमद पुत्र अबुल बशर ने दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि वह अपने मकान का निर्माण करा रहा था, जिसे विपक्षियों ने दबंगई के बल पर रुकवा दिया। इस संबंध में उसने थाना निजामाबाद में शिकायत की थी। आरोप है कि थाना प्रभारी विपक्षियों के प्रभाव में आ गए और मकान निर्माण भी रुकवा दिया गया।


 शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में पुलिस चौकी फरिहा से परमात्मा यादव नामक नायब दरोगा तथा प्रशांत नामक सिपाही ने उसे फोन कर चौकी पर बुलाया। आरोप है कि नायब दरोगा ने कहा कि “बड़े साहब” से बात हो गई है और काम शुरू कराने के लिए ₹10 हजार लाने होंगे। पीड़ित का आरोप है कि उससे पहले ₹2500 भी लिए गए तथा बाद में ₹5000 अतिरिक्त लाने की बात कही गई। खुद को परेशान बताते हुए पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी सदर से मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रार्थना पत्र पर क्षेत्राधिकारी सदर ने जांच के निर्देश देते हुए प्रकरण को थाना निजामाबाद भेजा। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने अभियोग पंजीकृत करने का आदेश दिया। जिस पर थाना निजामाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 116/2026 पंजीकृत किया गया।