Wednesday, 27 May 2026

आजमगढ़ लालगंज सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर सील प्रसूता की मृत्यु मामले का सीएमओ ने लिया संज्ञान, जांच के दिये निर्देश


 आजमगढ़ लालगंज सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर सील


प्रसूता की मृत्यु मामले का सीएमओ ने लिया संज्ञान, जांच के दिये निर्देश



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के लालगंज क्षेत्र स्थित सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर में प्रसूता की मृत्यु से संबंधित समाचार एवं प्राप्त शिकायतों का मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने गंभीर संज्ञान लिया और प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करते हुए डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द्र कुमार को मौके पर जांच हेतु निर्देशित किया। डॉ. आलेन्द कुमार द्वारा आज जब अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया तो जांच के दौरान अस्पताल संचालक एवं स्टाफ मौके पर उपस्थित मिले। निरीक्षण में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उपचार के दौरान एक प्रसूता की मृत्यु हो गई थी तथा नवजात शिशु को गंभीर स्थिति में अन्य चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया था । मामले को लेकर परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा अस्पताल परिसर में विरोध एवं हंगामा भी किया गया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फायर सेफ्टी व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, आवश्यक पंजीकरण अभिलेख, प्रशिक्षित स्टाफ एवं मानक अनुरूप चिकित्सीय उपकरणों की गंभीर कमी पाई गई। कई आवश्यक अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। अस्पताल निर्धारित मानकों एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित नहीं पाया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी अत्यंत गंभीर विषय है। प्रथम दृष्टया अस्पताल संचालन में लापरवाही एवं अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है तथा संबंधित प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। 


मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में कहा कि जनपद में बिना मानक एवं नियमों के संचालित किसी भी निजी चिकित्सालय, अवैध अस्पताल अथवा झोलाछाप गतिविधियों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही संबंधित थाना देवगांव को भी प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित कर दिया गया है।

आजमगढ़ गम्भीरपुर 50 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार एसटीएफ और गम्भीरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, हाईवे से दबोचा गया


 आजमगढ़ गम्भीरपुर 50 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार



एसटीएफ और गम्भीरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, हाईवे से दबोचा गया



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य एवं गैंगस्टर एक्ट में वांछित ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को गम्भीरपुर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। 


आरोपी को बुधवार तड़के करीब 1:05 बजे बिन्द्रा बाजार स्थित आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अब्दुल वाहिद पुत्र शेर अली निवासी मुस्लिम पट्टी थाना निजामाबाद जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके विरुद्ध पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।


 पुलिस के अनुसार अभियुक्त एक संगठित चोर गिरोह का सदस्य है, जो आर्थिक लाभ के उद्देश्य से चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के खिलाफ थाना निजामाबाद में उ0प्र0 गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया कि 20/21 अगस्त 2024 की रात थाना निजामाबाद क्षेत्र के सोढरी गांव में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और ₹50 हजार नगद चोरी कर लिये गये थे। इसके अलावा फरिहा क्षेत्र में घर में घुसकर आभूषण और नगदी चोरी तथा प्राथमिक विद्यालय प्यारेपुर से गैस चूल्हा व सिलेंडर चोरी की घटनाओं में भी गिरोह का नाम सामने आया था। इससे पहले 18 दिसंबर 2024 को पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों रईस उर्फ लम्बू और अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया था। हालांकि अब्दुल वाहिद बाद में फरार हो गया था और तभी से उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक रेडमी मल्टीमीडिया मोबाइल फोन और ₹310 नगद बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

आजमगढ़ पवई, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर चढ़ा एसटीएफ के हत्थे गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के कई मामलों में वांछित था मो. लड्डन उर्फ सकलैन


 आजमगढ़ पवई, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर चढ़ा एसटीएफ के हत्थे


गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के कई मामलों में वांछित था मो. लड्डन उर्फ सकलैन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को एसटीएफ वाराणसी ने गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मो. लड्डन उर्फ सकलैन को जौनपुर जनपद के शाहगंज रेलवे स्टेशन के पास से दबोचा गया। गिरफ्तारी इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। आरोपी के कब्जे से मोबाइल कीपैड और 420 रुपये नगद बरामद हुए हैं।


 पुलिस के अनुसार 29 मार्च 2026 को थाना पवई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह द्वारा गोकशी की घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में मो. लड्डन उर्फ सकलैन पुत्र मो. मुनाऊ उर्फ सोहराब निवासी अंबारी नई बस्ती थाना फूलपुर तथा आमिर पुत्र इस्तियाक निवासी कसाई टोला थाना सरायमीर को आरोपी बनाया गया था। जिला मजिस्ट्रेट से गैंगचार्ट अनुमोदित होने के बाद दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत कार्रवाई की गई थी। मामले में वांछित चल रहे मो. लड्डन उर्फ सकलैन पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद से एसटीएफ और स्थानीय पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। 


मंगलवार को एसटीएफ वाराणसी की टीम को सूचना मिली कि आरोपी शाहगंज क्षेत्र में आने वाला है। इसके बाद एसटीएफ टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की मदद से शाहगंज रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर समय करीब 1:15 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 45 वर्ष बताई गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 से लेकर 2026 तक थाना पवई और फूलपुर में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले पंजीकृत हुए हैं। इस कार्रवाई में एसटीएफ वाराणसी के उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव, उपनिरीक्षक विनय कुमार मौर्या, मुख्य आरक्षी रविशंकर यादव, रविशंकर सिंह तथा कमांडो धीरेन्द्र चौबे शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।