Sunday 2 October 2022

आजमगढ़ 6 से 9 अक्टूबर तक इन मार्गों पर नहीं चलेंगे भारी वाहन दशहरा, दुर्गा पूजा के मद्देनजर किया गया रूट डायवर्जन


 आजमगढ़ 6 से 9 अक्टूबर तक इन मार्गों पर नहीं चलेंगे भारी वाहन

दशहरा, दुर्गा पूजा के मद्देनजर किया गया रूट डायवर्जन


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दशहरा/दुर्गा पूजा त्यौहार के अवसर पर कस्बा रानी की सराय थाना रानी की सराय में आयोजित मेला को सकुशल सम्पन्न कराये जाने व सुचारू यातायात व्यवस्था बनाये रखने के लिए 06 अक्टूबर से  प्रातः 6.00 से 09 अक्टूबर को प्रातः 9.00 बजे तक निम्न डायर्वजन रहेगा। सूत्रो के मुताबिक 


1. वाराणसी व जौनपुर की तरफ से आज़मगढ़ आने वाले भारी वाहन (ट्रक, बस) मोहम्मदपुर से बाएं मुड़कर फरिहा चौक होते हुए निजामाबाद से मंदुरी थाना क्षेत्र कंधरापुर से होते हुए अपने गंतव्य को जाएगी। 


2. सरायमीर की तरफ से फरिहा चौक होते हुए आज़मगढ़ की तरफ आने वाले भारी वाहन फरिहा चौक से बाए मुड़कर निजामाबाद से मंदुरी थाना क्षेत्र कन्धरापुर से होते हुए अपने गंतव्य को जाएगी। 


3. निजामाबाद तहसील से आने वाले भारी वाहन को तहबरपुर रोड से मंदूरी होते हुए अपने गंतव्य को जायेगें।


 4. नरौली तिराहा व हरवंशपुर से रेलवे स्टेशन ओवर ब्रीज होकर वाराणसी जौनपुर के लिए रानी की सराय के तरफ जाने वाले भारी वाहन (ट्रक/बस) बेलईसा चौराहा से हुसैनगंज छतवारा होते हुए अपने गंतव्य को जायेगे।

मुलायम सिंह यादव आईसीयू में किए गए शिफ्ट अखिलेश यादव और परिवार के लोग गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे


 मुलायम सिंह यादव आईसीयू में किए गए शिफ्ट


अखिलेश यादव और परिवार के लोग गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे



उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव की रविवार को एक बार फिर तबीयत बिगड़ गई और उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में शिफ्ट करना पड़ा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी रविवार शाम को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंच गए, जहां उनके पिता और सपा नेता मुलायम सिंह यादव को भर्ती कराया गया है। मुलायम सिंह बीते अगस्त महीने से मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं और उनका यहां लंबे समय से इलाज चल रहा है। शनिवार रात को उनकी तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें जनरल वार्ड से आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। अस्पताल की ओर से उनके परिवार को भी इसकी सूचना दे दी गई, जिसके बाद रविवार शाम उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी उनसे मिलने मेदांता अस्पताल पहुंच गए।


अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, मुलायम सिंह यादव बीते लगभग डेढ़ महीने से अस्पताल में ही भर्ती हैं। शनिवार को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। वह खाना भी नहीं खा रहे हैं। उन्हें पाइप के जरिये लिक्विड डाइट दी जा रही है। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। इससे पहले छह सितंबर को भी अखिलेश यादव और बिहार के सीएम नीतीश कुमार मुलायम सिंह से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। 


बता दें कि, समाजवादी पार्टी के संस्थापक 82 वर्षीय मुलायम सिंह वह वर्तमान में मैनपुरी सीट से लोकसभा सांसद हैं। इससे पहले, समाजवादी पार्टी के मुखिया की पत्नी साधना गुप्ता का इस साल जुलाई में निधन हो गया था। फेफड़ों के संक्रमण के लिए गुरुग्राम के ही मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। साधना गुप्ता मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। उनकी पहली पत्नी मालती देवी का 2003 में निधन हो गया। मालती देवी अखिलेश यादव की मां थीं।

आजमगढ़ कस्बा चौकी मुबारकपुर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जयंती मनाया गया।


 आजमगढ़ कस्बा चौकी मुबारकपुर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जयंती मनाया गया।


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस चौकी कस्बा मुबारकपुर मे आज दिनाँक 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जयंती मनाया गया।


इस अवसर पर एसपी सिटी व सीओ सदर एवं थानाध्यक्ष मुबारकपुर व चौकी प्रभारी कस्बा मुबारकपुर सहित आदि लोग मौजूद रहे। साथ ही एसपी सिटी आगामी दशहरा के दृष्टिगत उपरोक्त त्यौहारों को शांतिपूर्ण मनाने के लिए निर्देश दिए व अपील किए।


आजमगढ़ मुबारकपुर से संजय चौहान की रिपोर्ट।

आजमगढ़ बरदह छेड़खानी के आरोप में 2 आरोपी गिरफ्तार।


 आजमगढ़ बरदह छेड़खानी के आरोप में 2 आरोपी गिरफ्तार।



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बरदह थाने की पुलिस ने रविवार को महिलाओं व लड़कियों से छेड़खानी करने वाले दो रोमियो छाप लड़कों को गिड़उर गांव के बाहर स्थापित दुर्गापूजा पांडाल के समीप से पुलिस ने धर दबोचा।


पुलिस को सूचना मिली कि गिड़उर गांव में स्थापित दुर्गापूजा पांडाल के पास मौजूद कुछ आशिक मिजाज युवक आने-जाने वाली महिलाओं व लड़कियों के साथ छेड़खानी कर रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस बताए गए स्थान पर पहुंची और वहां मौजूद महिलाओं द्वारा की गई शिकायत के आधार पर पांडाल के पास रहे दो युवकों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों में अभिषेक दिक्षित पुत्र पंकज दिक्षित तथा अमन सिंह पुत्र भीमसेन सिंह दोनों गिड़उर गांव के निवासी बताए गए हैं। दोनों को सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

आजमगढ़ जहानागंज अपहरण कर दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।


 आजमगढ़ जहानागंज अपहरण कर दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जहानागंज पुलिस ने रविवार को दिन में 15 वर्षीय किशोरी को अगवा कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने वाले एक आरोपी को क्षेत्र के परदेशी मोड़ से गिरफ्तार किया है।


जहानागंज क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने बीते 3 जुलाई की भोर में घर से शौच के लिए बाहर निकली 15 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक संतोष कुमार को रविवार को दिन में सूचना मिली कि उक्त मामले में आरोपित युवक स्थानीय परदेशी मोड़ पर मौजूद है। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। 


पकड़ा गया अभियुक्त अविनाश चौहान पुत्र अखिलेश चौहान शहर कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर सिकरौरा गांव का निवासी बताया गया है।

उत्तर प्रदेश के मऊ की नाबालिग से बिहार के मधुबनी में सामूहिक दुष्कर्म, महिला दलाल समेत 3 गिरफ्तार


 उत्तर प्रदेश के मऊ की नाबालिग से बिहार के मधुबनी में सामूहिक दुष्कर्म, महिला दलाल समेत 3 गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की एक नाबालिग लड़की से बिहार के मधुबनी जिले में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपियों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इस बच्ची को 50 हजार रुपये में महिला दलाल को बेच दिया गया था। मामले में पुलिस ने महिला दलाल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।



मधुबनी पुलिस के अनुसार घटना का पर्दाफाश तब हुआ जब यूपी की मऊ पुलिस ने मधुबनी आकर महिला दलाल सोनी देवी के कब्जे से नाबालिग लड़की को मुक्त कराया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस बच्ची के साथ पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों ने यौन उत्पीड़न किया था। इसके बाद उसे सोनी देवी को 50 हजार रुपये में बेचा गया।


पुलिस के अनुसार करीब एक माह पूर्व पीड़िता मऊ से ट्रेन पकड़कर बिहार के मधुबनी जिले से होते हुए जयनगर पहुंच गई थी। जयनगर में जब वह बाजार में घूम रही थी, तभी उसे अर्जुन नाम का एक युवक मिला। वह उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया, वहां उसने और उसके दोस्तों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे एक कमरे में बंधक बना लिया गया। यहां भी कई लोगों ने उसका यौन शोषण किया।

इधर, नाबालिग के परिजनों ने उसके घर से गायब होने की सूचना मऊ थाने को दी और गुमशुदगी दर्ज कराई। पड़ताल के दौरान मऊ पुलिस को लड़की के जयनगर में होने की सूचना मिली। वहां एक पुलिस टीम भेजी गई और दलाल सोनी देवी के घर पर छापा मारकर पीड़िता का मुक्त करा लिया।


पुलिस ने इस मामले में आरोपी सोनी देवी के अलावा अर्जुन यादव और साजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कुछ पुलिसकर्मियों के भी इसमें शामिल होने की सूचना है, उनकी जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।

कानपुर मे बड़ा हादसा दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्राली तालाब में गिरी, 25 की मौत मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर शोक जताते हुए अफसरों को घायलों के यथोचित उपचार के दिए निर्देश


 कानपुर मे बड़ा हादसा दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्राली तालाब में गिरी, 25 की मौत


मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर शोक जताते हुए अफसरों को घायलों के यथोचित उपचार के दिए निर्देश


उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शनिवार की देर शाम बड़ा हादसा हो गया। 40 श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में जा गिर गई। ट्रॉली में सवार सभी श्रद्धालु तालाब के पानी में डूब गए। हादसे के बाद श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। अब तक 25 लोगों के मरने की सूचना है। जबकि कई लोग गम्भीर रूप से घायल हैं।


एसपी कानपुर आउटर समेत छह थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तालाब से निकालकर अस्पताल भेजा जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक जताते हुए अफसरों को घायलों के यथोचित उपचार के निर्देश दिए हैं। कोरथा गांव निवासी राजू निषाद शनिवार को अपने एक साल के बेटे का मुंडन संस्कार कराने के लिए परिवार समेत 35-40 लोगों को लेकर बक्सर घाट उन्नाव स्थित चंद्रिका देवी मंदिर में मुंडन कराने जा रहा था। सभी लोग ट्रैक्टर ट्राली में सवार थे। शनिवार रात सभी लौट रहे थे कि तभी साढ़ और गंभीरपुर गांव के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। रात करीब 9 बजे तक पुलिस 25 शवों को निकाल लिया था। अभी भी तालाब में तलाश जारी है।


 पुलिस अधिकारियों ने हैलट समेत अन्य अस्पतालों और 108 से एम्बुलेंस के लिए बुलवाया। एक दर्जन एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और वहां से घायलों को लेकर सीएचसी और हैलट अस्पताल भिजवाया गया।


सूत्रो के मुताबिक इन लोगों की मौत हुई है - मिथलेश पत्नी रामसजीवन, केशकली पत्नी देशराज, किरन पुत्री शिवनारायण, पारूल पुत्री रामाधर, अंजली पुत्री रामसजीवन, रामजानकी पत्नी छिद्दू, लीलावती पत्नी, रामदुलारे, गुड़ियां पत्नी संजय, तारा देवी पत्नी टिल्लू, अनिता देवी पत्नी वीरेन्द्र सिंह, सान्वी पुत्री कल्लू, शिवम पुत्र कल्लू, नेहा पुत्री सुंदरलाल, मनीषा पुत्री रामदुलारे, ऊषा पत्नी ब्रजलाल, गीता सिंह पत्नी शंकर सिंह, रोहित पुत्र राम दुलारे, रवी पुत्र शिवराम, जयदेवी पत्नी शिवराम, मायावती पत्नी रामबाबू, सुनीता पत्नी प्रहलाद, शिवानी पुत्री रामखिलावन, फूलमती पत्नी सियाराम, रानी पत्नी रामशंकर, राजू निषाद।

कानपुर आउटर एसपी तेज स्वरूप सिंह का कहना है कि पुलिस के जवान स्थानीय लोगों के साथ तालाब में डूबे लोगों को निकालने में जुटी है। अंधेरे में लोगों को निकालने में दिक्कत आ रही है। अभी तालाब में कितने लोग फंसे हैं यह बता पाना मुश्किल है।


यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद कानपुर में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी ने कानपुर हादसे में मृतकों के परिजनों को रुपये दो लाख की एवं गंभीर घायलों को रुपये पचास हज़ार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।


 इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वरिष्ठ मंत्री राकेश सचान एवं अजीत पाल को मौक़े पे जाकर राहत कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए हैं।