Friday 8 April 2022

आजमगढ़ गम्भीरपुर थाना परिसर बना स्वयंवर का साक्षी, एक-दूजे के हुए प्रेमी युगल पुलिस की मध्यस्थता से रजामंद हुए परिजन।


 आजमगढ़ गम्भीरपुर  थाना परिसर बना स्वयंवर का साक्षी, एक-दूजे के हुए प्रेमी युगल


पुलिस की मध्यस्थता से रजामंद हुए परिजन।



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ कई वर्ष तक परवान चढ़े प्रेम संबंध के बाद जब प्रेमी ने शादी से इंकार किया तो प्यार में छली गई प्रेमिका को अपनी गलती का एहसास हुआ। मजबूर होकर उसने अपनी पीड़ा परिजनों से साझा किया और लड़की वाले उसकी शादी का रिश्ता लेकर प्रेमी के घर पहुंच गए। वर पक्ष द्वारा शादी से इनकार करने पर मामला थाने पहुंच गया। इस मामले में पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्ष शादी के लिए रजामंद हो गए। 



फिर क्या लगे हाथ बगैर बाजा के बारात सजी और थाना परिसर इस स्वंयवर का साक्षी बन गया। थाने में मौजूद मंदिर में विराजमान भगवान की प्रतिमा के समक्ष वर-वधू ने एक दूसरे को वरमाला पहनाया और सदा के लिए एक-दूजे के हो गए। वरमला लिए सात फेरे के उपरांत वर ने वधू की मांग सिंदूर से सजाया और वहां मौजूद लोगों का शुभाशीष लेकर हंसी-खुशी अपनी नई दुनिया बसाने की सोच विदा हो लिए। 



शादी के बाद दोनों पक्षों ने खुशी के मौके पर बंटी मिठाईयों का स्वाद चखा और थाने से रुखसत हो गए।



 मामला यूं है कि गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रंजीतपटटी रसूलपुर माफी के रहने वाला प्रदुम्न पुत्र जलेंद्र की सरायमीर क्षेत्र के मंजीरपट्टी ग्राम निवासी सुषमा पुत्री बंसराज से आंखें चार हो गईं। 




दोनों के बीच कई वर्षों से लुकाछिपी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका द्वारा प्रेमी के सामने शादी करने का कई बार प्रस्ताव रखा गया लेकिन प्रेमी उसकी बात को अनसुनी करता रहा। प्रेमी के रवैए से आजिज आकर प्रेमिका ने अपने परिजनों से इस बात का खुलासा किया। लड़की पक्ष के लोग गुरुवार को लड़के के घर धमक पड़े। दोनों पक्षों में काफी देर तक मान मनौव्वल का प्रयास किया गया। बात बनते न देख लड़की पक्ष ने थाना गंभीरपुर में प्रार्थना पत्र दिया। 



थाना प्रभारी रामप्रसाद बिंद ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रेमी युगल को बालिग देख दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाया। थानेदार की मध्यस्थता से दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। देर रात थाने में बने मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर वर-वधू एक दूसरे के गले में माला पहना कर सात फेरे लिए और शादी की रस्म पूरी की गई। दोनों पक्षों की ओर से मिठाइयां बांटी गई तत्पश्चात नवविवाहिता अपने पति और ससुराल वालों के साथ खुशी-खुशी अपने ससुराल की दहलीज की ओर कदम बढ़ा दिया। 



क्षेत्र में इस अनोखी शादी की चर्चा के साथ ही गंभीरपुर थानाध्यक्ष की सर्वत्र सराहना हो रही है।

गोंडा संत आसाराम बापू के आश्रम में मिला किशोरी का शव पांच अप्रैल की शाम हुई थी गायब, परिजनों ने दर्ज कराया था अपहरण का मुकदमा


 गोंडा संत आसाराम बापू के आश्रम में मिला किशोरी का शव


पांच अप्रैल की शाम हुई थी गायब, परिजनों ने दर्ज कराया था अपहरण का मुकदमा



उत्तर प्रदेश  गोंडा - बहराइच मार्ग पर विमौर गांव में संत आसाराम बापू आश्रम परिसर में खड़ी कार में एक किशोरी का शव मिला है। किशोरी बीते पांच अप्रैल की देर शाम घर से गायब हुई थी। इस मामले में स्वजन ने तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा कराया था। 



आश्रम में खड़ी कार से बदबू आने के बाद चौकीदार ने कार में शव को देखा तो सूचना दी। बताया जा रहा है कि किशोरी का शव मिलने की जानकारी होने पर डीएम डा0 उज्जवल कुमार व एसपी संतोष कुमार मिश्र ने पहुंचकर जानकारी ली। इसके साथ ही इस घटना का राजफाश व आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों को लगाया गया है।



 डाग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर पड़ताल की। उधर, आश्रम के सेवादार समेत कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। एसपी ने बताया कि नगर कोतवाली के एक गांव की रहने वाली किशोरी बीते पांच अप्रैल की देर शाम घर से गायब हो गई थी। इस मामले में उसके घरवालों ने छह अप्रैल को मिश्रौलिया चौकी पर सूचना दी। काफी तलाश के बाद जब किशोरी का पता नहीं चला तो सात अप्रैल को उसके पिता ने तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया।



 मुकदमे के बाद किशोरी की बरामदगी के लिए टीम लगाई गई। बताया कि गुरुवार देर रात गोंडा - बहराइच मार्ग पर संत आसाराम बापू आश्रम परिसर में खड़ी कार में किशोरी का शव पड़ा होने की जानकारी पुलिस को मिली। एसपी ने बताया कि वह जिलाधिकारी के साथ पहुंचे।  किशोरी की पहचान कराई गई।


 किशोरी उसी गांव की निकली। जो पांच अप्रैल की देर शाम गायब हुई थी। कार में पड़े किशोरी के शव में सड़न शुरू हो गई थी। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। हर बिंदुओं की जांच चल रही है। 


कार की नहीं हुई शिनाख्त संत आसाराम बापू आश्रम परिसर में खड़ी कार किसकी है? कार के अंदर किशोरी कैसे पहुंची? शव दो दिनों तक कार में पड़ा रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी।



 किशोरी आश्रम क्यों और कैसे पहुंची? सेवादारों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, किशोरी के गायब होने के 36 घंटे बाद अपहरण का मुकदमा दर्ज होना भी सवालों के घेरे में है।

आजमगढ़ ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदी थी बीएड की छात्रा


 आजमगढ़ ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर ट्रेन के आगे कूदी थी बीएड की छात्रा


आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज  , मुख्य आरोपी गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ रानी की सराय थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान देने वाली बीएड छात्रा को उसके पड़ोस के रहने वाले ही दो युवकों ने उसे आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया था। 



इस बात का खुलासा मृतका द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट के माध्यम से हुआ। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।



बताते चलें कि पल्हनी गांव की रहने वाली बीएड की छात्रा अंशिका यादव (22) ने गुरुवार की शाम घर से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित नीबी गांव के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची रानी की सराय थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसी तरह मृतका की शिनाख्त हो जाने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।



 शव देखने के बाद मृतका के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच मृतका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट परिवार वालों के हाथ लगा जिसे लेकर मृतका का भाई रानी की सराय थाना पहुंचा। मृत्यु से पूर्व सुसाइड नोट में मृतका द्वारा लिखी गई बातों को पुलिस ने संज्ञान में लिया। बताते हैं कि मृतका के पड़ोस के रहने वाले दो युवक करीब एक माह पूर्व उसके कालेज पहुंचे जहां पर वह बीएड का प्रशिक्षण ले रही थी। 



वहां दोनों ने अंशिका को इस बहाने से अपने साथ लिया कि बैंक से पैसा निकालने के लिए तुम्हारी मां ने बुलाया है। पड़ोसी होने के नाते वह उनकी बातों में आ गई और उनके साथ घर के लिए चल दी रास्ते में दोनों ने अंशिका को नमकीन में मिला नशीला पदार्थ खिला दिया जिसके चलते वह अपना होश खो बैठी। इसके बाद दोनों युवकों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया और मोबाइल फोन से उसकी अश्लील वीडियो बना लिया। 




इस घटना के बाद आरोपी युवक अंशिका को ब्लैकमेल करने लगे। उनके कृत्य से परेशान होकर बीएड छात्रा ने आत्महत्या जैसा कड़ा निर्णय लेते हुए सुसाइड नोट लिखा जिसमें दोनों का नाम दर्ज करने के बाद गुरुवार की शाम वह ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।


 इस मामले में मृतका के भाई गोलू यादव की तहरीर पर रानी की सराय थाने में आत्महत्या के लिए छात्रा को उत्प्रेरित करने वाले सिधारी थाना क्षेत्र के पल्हनी ग्राम निवासी सूर्यभान यादव पुत्र स्वर्गीय केश यादव तथा विवेक गौड़ उर्फ खलिहर पुत्र सिंहासन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई।


 पुलिस ने मुख्य आरोपी सूर्यभान यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जब कि दूसरे आरोपी के गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।

आजमगढ़ विधान परिषद चुनाव में कल बंद होंगे पांच प्रत्याशियों के भाग्य


 आजमगढ़ विधान परिषद चुनाव में कल बंद होंगे पांच प्रत्याशियों के भाग्य


आजमगढ़ - मऊ विधानपरिषद निर्वाचन के लिए 5050 मतदाता करेंगे वोट 


मतदान के लिए रवाना की गईं पोलिंग पार्टियां



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ - मऊ स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र के लिए शनिवार को होने वाले मतदान की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इसके लिए शुक्रवार को ही मंडल मुख्यालय से मतदानकर्मियों की टोली दोनों जनपद में बनाए गए कुल 34 बूथों के लिए रवाना कर दी गई।



 शुक्रवार को इन बूथों पर सुबह 8.00 बजे से शाम 4.00 बजे तक मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।



बताते चलें कि इस चुनाव में भाजपा के पूर्व विधायक अरुणकांत यादव तथा समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी व निवर्तमान विधान परिषद सदस्य राकेश यादव उर्फ गुड्डू प्रमुख रूप से दावेदार माने जा रहे हैं। जब कि भाजपा के एमएलसी यशवंत सिंह के पुत्र विक्रांत सिंह रिशु इस चुनाव में निर्दल प्रत्याशी के रूप में मामले को त्रिकोणीय बना दिए हैं।



 इनके साथ ही अंब्रेश व सिकंदर प्रसाद भी निर्दल प्रत्याशी के रूप में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।



 बीते विधानसभा चुनाव में जनपद की सभी 10 सीटों पर कब्जा जमाने के बाद इस चुनाव में भी समाजवादी पार्टी के हौसले बुलंद हैं। इसी के भरोसे सपा के समर्थक अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित मानकर चल रहे हैं। इस चुनावी जंग में निर्दल प्रत्याशी के रूप में उतरे विक्रांत सिंह रिशु ने मामले को रोचक बना दिया है। उनके समर्थक भी अपने प्रत्याशी की जीत के लिए रात-दिन एक किए हुए हैं। 



इस चुनाव में दोनों जनपदों के कुल 5050 मतदाता मतदान करेंगे। 



जिसमें आजमगढ़ के 4238 तथा मऊ जनपद के 1712 मतदाता शामिल हैं। 


मतदान के लिए आजमगढ़ में कुल 24 तथा मऊ जिले में 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।



 मतदान के लिए दोनों जिलों के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका अध्यक्ष एवं सभासद, विधायक तथा सांसद के साथ ही प्राधिकरण में निर्वाचित सदस्य शामिल होंगे। 



सभी मतदान केंद्रों पर शनिवार की सुबह 8.00 बजे से शाम 4.00 बजे तक मतदान प्रक्रिया जारी रहेगी। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मत पेटिकाओं को मंडल मुख्यालय पर बेलईसा स्थित एफसीआई गोदाम के स्ट्रांग रूम में कड़ी चौकसी के बीच सुरक्षित रखा जाएगा। 



आगामी 12 अप्रैल को सुबह 8.00 बजे से मतगणना शुरू होकर गणना समाप्ति तक संपन्न कराई जाएगी। मतगणना के लिए एफसीआई गोदाम में कुल 14 टेबल लगाए जाएंगे। शुक्रवार की शाम तक दोनों जनपदों में बनाए गए 34 मतदान केंद्र, वहां पहुंचे मतदानकर्मियों के हवाले कर दी जाएगी। विधान परिषद चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। 



अब देखना यह है कि इस चुनाव में 12 अप्रैल को विधान परिषद सीट पर विजय का सेहरा किसके सिर पर सजेगा।

आजमगढ़ देवगांव में पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रू का इनामी गोली लगने से हुआ घायल, 5 मुकदमे हैं दर्ज


 आजमगढ़ देवगांव में पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रू का इनामी गोली लगने से हुआ घायल, 5  मुकदमे हैं दर्ज



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ देवगांव में डकैती की वारदात में वाँछित और ₹25000 का इनामिया हिस्ट्रीशीटर अपराधी HS 93A महेंद्र से आज सुबह पुलिस की मुठभेड़ हो गई। 


इस पर पूर्व से लूट, डकैती, गैंग्स्टर के 05 मुकदमे दर्ज हैं। थाना देवगांव टीम के साथ मुठभेड़ में महेंद्र घायल हो गया उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए भेजा गया। उसके कब्जे से अवैध असलाह बरामद हुआ है।