Saturday 25 June 2022

कानपुर वर्दी दागदार! महिला दारोगा चला रही थी सेक्स रैकेट। बाहर से आने वालों को निशाना बनाने के साथ ही शहर के लोगों को लड़कियों की करती थी सप्लाई महिला दारोगा समेत 6 लोग गिरफ्तार, भेजे गये जेल


 कानपुर वर्दी दागदार! महिला दारोगा चला रही थी सेक्स रैकेट।



बाहर से आने वालों को निशाना बनाने के साथ ही शहर के लोगों को लड़कियों की करती थी सप्लाई



महिला दारोगा समेत 6 लोग गिरफ्तार, भेजे गये जेल



उत्तर प्रदेश कानपुर हनीट्रैप का षड्यंत्र रचकर वसूली करने वाली महिला दरोगा कानपुर में सेक्स रैकेट भी चला रही थी। उसके कई गुर्गे इस काम में लगे थे। वह बाहर से आने वालों को निशाना बनाने के साथ ही शहर के लोगों को लड़कियों की सप्लाई करती थी। उसके साथ गिरफ्तार किये गए होमगार्ड और अन्य युवकों से कई खुलासे हो रहे हैं। महिला दारोगा समेत सभी 6 लोगों को शनिवार को स्पेशल रिमांड मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।




 महिला दरोगा समेत अन्य आरोपितों से शुक्रवार से शनिवार तक विस्तार से पूछताछ की गई। अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि सेक्स रैकेट, हनी ट्रैप और वसूली को लेकर बाकयदा षड्यंत्र रचने के बाद घटना को अंजाम दिया गया था। इस घटना में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की है। इसमें पहली एफआईआर रतनपुर चौकी इंचार्ज पंकज कुमार ने वादी बनकर दर्ज कराई है। इसमें आरोपित सेक्स रैकेट की संचालिका, सचेंडी निवासी दो लड़कियों, छेरिया सलेमपुर जालौन निवासी चचेरे भाईयों उपेन्द्र सिंह व अमित सिंह उर्फ भीम को आरोपित बनाया गया है। एफआईआर के मुताबिक इंस्पेक्टर फीलखाना अमित भड़ाना ने रामगंगा एनक्लेव अपार्टमेंट रतनपुर पनकी के ब्लॉक 5 में सेक्स रैकेट के संचालित होने की जानकारी दी थी।



इसके बाद चौकी इंचार्ज ने ब्लॉक पांच में छापेमारी की तो वहां इलाकाई लोगों ने जानकारी दी कि यहां पर कुछ महिलाएं किराए पर फ्लैट लेकर अनैतिक देह व्यापार चला रही है। चौकी इंचार्ज के मुताबिक उन्होंने वहां पर छापेमारी की मगर वहां पर सिर्फ आरोपित उपेन्द्र और अमित ही मिले। दोनों लड़कियां फरार हो चुकी थी। एफआईआर के मुताबिक दूसरे जिले की पुलिस ने भी फ्लैट में 3-4 दिन पहले छापा मारा था। उस दौरान लोगों ने महिलाओं और दूसरे जिले की पुलिस को साथ में देखा था। वहीं दूसरी एफआईआर स्वरूप नगर निवासी एडवोकेट धर्मेन्द्र सिंह की तरफ से दर्ज कराई गई।




 इस रिपोर्ट में एडिशनल डीसीपी ईस्ट के यहां तैनात महिला दरोगा भुवनेश्वरी सिंह, संजय गांधी नगर नौबस्ता निवासी होमगार्ड संजीव कुमार विश्वकर्मा, सरसैया घाट निवासी माता प्रसाद गुप्ता और राधन शिवराजपुर निवासी राहुल शुक्ला को आरोपित बनाया है। एफआईआर में एडवोकेट ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को उनके पास उपेन्द्र सिंह जादौन का फोन आया। जिसमें उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को वह पनकी मंदिर गए थे। वहां से लौटते वक्त राहुल नाम के शख्स ने गाड़ी रुकवाकर चेकिंग करने को कहा। इसी दौरान दो अन्य पुलिस कर्मी आए और मारपीट करने लगे। जबरन उपेन्द्र को लेकर रमईया ढाबा बिठूर ले गए और वहां पर उससे मारपीट कर चेन अंगूठी, पैसा सब ले लिया।



महिला दरोगा भुवनेश्वरी की पैंट की दाहिनी जेब से कैंट इंस्पेक्टर अर्चना सिंह ने सोने की चेन, अंगूठी बरामद की गई। वहीं दूसरे आरोपित की पैंट की जेब से दो अंगूठियां बरामद की गई। ज्वाइंट सीपी आनंद प्रकाश तिवारी के अनुसार महिला दरोग, होमगार्ड और ठेले वाले को जेल भेजा गया है। इस मामले में और जांच की जा रही है। इस तरह से आरोपितों ने कुछ और लोगों को ठगा है कि नहीं इसकी जांच की जा रही है। जरुरत पड़ी तो महिला दरोगा की पुलिस कस्टडी रिमांड भी ली जाएगी।





 गुरुवार रात जालौन निवासी दो मौसेरे भाई उपेन्द्र सिंह और अमित सिंह उर्फ भीम किसी काम से शहर आए हुए थे। पनकी स्टेशन के पास उनसे एक ब्रोकर टकराया। उसने उन्हें लड़कियां उपलब्ध कराने की पेशकश की। रजामंदी पर ब्रोकर ने पनकी की एक सेक्स रैकेट संचालिका के जरिए रात करीब पौने नौ बजे सचेंडी की दो लड़कियां पनकी स्टेशन बुलवाईं। संचालिका ने पनकी गंगागंज में एक फ्लैट की व्यवस्था कराई जहां चारों को भेज दिया। कुछ देर में ही महिला दरोगा ने होमगार्ड संजीव कुमार विश्वकर्मा के साथ गंगागंज स्थित फ्लैट में छापेमारी की। लड़कियों के साथ दोनों भाइयों को उठा लिया। दोनों भाइयों से महिला दारोगा ने 15 लाख की डिमांड की। इस पर दोनों ने साफ कह दिया कि इतना पैसा नहीं है। 50 हजार लेने हो तो बोलो वरना जो कार्रवाई करनी है कर दो। पैसे न देने पर दोनों भाइयों को उन्हीं की गाड़ी से रात तीन बजे तक घुमाया। फिर चेन, अंगूठी, नकदी और जरूरी कागजात छीन लिये और कहा, पैसे देकर सामान ले जाना।




पीड़ित भाई शुक्रवार सुबह कानपुर में मौजूद अपने साथी धर्मेन्द्र सिंह के साथ ज्वाइंट सीपी के पास पहुंचे। युवकों ने पूरी कहानी बताई। कहा, एक महिला दरोगा थीं। नेम प्लेट नहीं थी। बावर्दी एक होमगार्ड भी था। इस पर ज्वाइंट सीपी ने एसीपी कोतवाली अशोक कुमार सिंह को धरपकड़ में लगाया। एसीपी ने पीड़ितों से दरोगा के मुखबिर राहुल शुक्ला को कोतवाली स्थित एक रेस्टोरेंट के पास 50 हजार रुपये लेने के लिए बुलवाया। रात नौ बजे पुलिस ने रेस्टोरेंट में छापा मारा तो महिला दरोगा वसूली की रकम लेने पहुंची थी। उसके साथ होमगार्ड व एक ठेला लगाने वाला माता प्रसाद गुप्ता भी था। 



दरोगा भुवनेश्वरी देवी और उसके पांच अन्य साथियों को शुक्रवार रात कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आज़मगढ़ गंभीरपुर गोमाडीह ट्रक व कार में भिड़ंत, 2 युवकों की मौत, 3 घायल


 आज़मगढ़ गंभीरपुर गोमाडीह ट्रक व कार में भिड़ंत, 2 युवकों की मौत, 3 घायल





आजमगढ़ गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे मार्ग पर  शुक्रवार की देर रात सोनभद्र जिले से त्रयोदशाह कार्यक्रम से लौट रहे लोगों की कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार 2 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।



गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्राबाजार निवासी आलोकनाथ के जीजा सोनभद्र जिले के ओबरा निवासी दीपक कुमार का निधन हो गया था। रिश्तेदार के त्रयोदशाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आलोक अपने परिवार के साथ ही पिता के घनिष्ठ कोदई यादव निवासी ग्राम वजीरमलपुर के परिवार के साथ दो वाहनों से ओबरा गए थे। शुक्रवार की रात दोनाें परिवारों के लोग घर लौट रहे थे। देर रात करीब दो बजे गोमाडीह के पास सामने से आ रहे ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। 




कार में सवार आलोक नाथ (33) पुत्र मुन्ना रावत, उनके पड़ोसी रामवृक्ष प्रजापति के बेटे उमेश प्रजापति (22) की मौके पर मौत हो गई। 



जबकि रानीपुर रजमो (पहिलेपुर) निवासी अंकित सिंह(25) पुत्र अवधेश सिंह, वजीरमलपुर निवासी कोदई यादव लेखपाल (55) पुत्र बलिकरन व उनकी बेटी दीपशिखा यादव (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। 



चालक ट्रक लेकर हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत भाग निकला। बताते हैं कि ओबरा से दोनों कार एक साथ चली थीं। दूसरी कार रात में दो बजे बिंद्राबाजार पहुंच गई। स्वजन एक कार का कुछ देर इंतजार करने लगे। विलंब होने से अनहोनी की आशंका सभी के मन में गहराने लगी। मां निर्मला देवी ने बेटे आलोक के मोबाइल पर फोन किया ताे पुलिस ने हादसे की जानकारी दी। इसके बाद तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया। दुर्घटना में पति के मौत की जानकारी के बाद मृतक आलोक की पत्नी अंतिमा भी अचेत पड़ गई।



 जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे लोग घायलों को जिला अस्पताल ले गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए दिया। हादसे के संबंध में मृतक उमेश के पिता रामवृक्ष प्रजापति ने थाने में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया है। मृतक आलोक दो भाई और एक बहन में मंझला है जबकि दूसरा मृतक उमेश पांंच भाइयो में दूसरे नंबर पर था। इस घटना से बिंद्राबाजार में शोक का माहौल व्याप्त है।

मायावती ने भाजपा उम्मीदवार का किया समर्थन विपक्ष पर लगाया आरोप, लिया निशाने पर


 मायावती ने भाजपा उम्मीदवार का किया समर्थन



विपक्ष पर लगाया आरोप, लिया निशाने पर




लखनऊ बसपा सुप्रीमो मायावती ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। मायावती ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कहा- हमने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है।




जानकारी के अनुसार मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये भी कहा कि बीएसपी एनडीए या यूपीए की पिछलग्गू पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा- बीएसपी स्वतंत्र और निडर रहकर काम करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा- अगर कोई पार्टी देश के पिछले और उपेक्षित वर्ग के लिए काम करता है तो बीएसपी उसके साथ खड़ी रहेगी। फिर चाहे वो फैसला हमारे खिलाफ कितना भी नुकसानदेह क्यों ना साबित हो।




मायावती ने कहा- बसपा का उद्देश्य बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों पर काम करना है। मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेस में खास तौर पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग बसपा को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ते, हमारे विधायकों को तोड़ने का काम किया जाता है। मायावती ने कहा यूपी में बीएसपी के नेतृत्व में चार बार की सरकार ने हमेशा दलितों, शोषितों और वंचितों के हित में काम किया है।




मायावती ने राष्ट्रपति चुनाव में बसपा की उपेक्षा का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में हमें ये देखने को मिला कि विपक्षी दलों ने अपनी मनमानी की और बीएसपी को विपक्ष ने अलग-थलग रखा। उन्होंने कहा पहले पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी द्वारा एकतरफा चुनिंदा लोगों को बुलाना, फिर शरद पवार द्वारा बुलाई गई बैठक में बीएसपी को नजरअंदाज करना, इनकी एकता दिखावा ही लगती है।

जेल से गैंग आपरेट कर रहा है गैंगस्टर झुन्ना पंडित कर रहा है युवाओं की फौज तैयार, आजमगढ़ पर भी नजर जेल में मिलने वालों की सूची भी दोनों जनपदों से मंगाई जाएगी।


 जेल से गैंग आपरेट कर रहा है गैंगस्टर झुन्ना पंडित



कर रहा है युवाओं की फौज तैयार, आजमगढ़ पर भी नजर


जेल में मिलने वालों की सूची भी दोनों जनपदों से मंगाई जाएगी।



उत्तर प्रदेश वाराणसी में तीन साल पहले दिव्यांग हत्याकांड से जरायम जगत में एक लाख का इनामी और पंजाब के रोपड़ में गिरफ्तारी से सुर्खियों में आए श्रीप्रकाश मिश्रा उर्फ झुन्ना पंडित चित्रकूट जेल से ही गैंग को आपरेट कर रहा है। लूट, रंगदारी और विवादित जमीनों पर दखल के लिए नए युवाओं की फौज तैयार कर रहा है। 




पांडेयपुर के रमदत्तपुर, हाशिमपुर में झुन्ना की क्राइम कंपनी चल रही है। झुन्ना के एक इशारे पर वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। मालवाहक वाहन के खलासी की हत्या में गिरफ्तार दोनों शूटरों ने पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारियां दीं।



गुटखा कंपनी के मालवाहक वाहन के खलासी मनीष यादव की हत्या और चालक लालजी पाल पर फायरिंग का सिर्फ मकसद था कि उनके पास रखे रकम को लूटना। जबकि दोनों खाली हाथ ही आजमगढ़ से माल अनलोड करके लौटे थे। बड़ी रकम लूट की योजना चित्रकूट जेल में बंद झुन्ना के इशारे पर ही भक्तिनगर, हाशिमपुर में बनी थी।





इस घटना को अंजाम देने के लिए झुन्ना ने ही शूटरों की व्यवस्था कराई और उसके गैंग के दीपांकर, रोहित यादव और अभिषेक पटेल, प्रमोद गुप्ता, श्याम बाबू वर्मा और विकास सिंह यह सब पांडेयपुर क्षेत्र में ही भक्तिनगर, हाशिमपुर और रमदत्तपुर इलाके में रहते हैं। रमदत्तपुर निवासी झुन्ना पंडित ने जिस बिहार के शूटर अनुज झा को बुलवाया था, वह भी भक्तिनगर में ही किराये के मकान में रहता है। 




वहीं, आजमगढ़ के पवई निवासी दूसरा शूटर यश सिंह भी विश्वनाथपुरम कालोनी पांडेयपुर को ही अपना ठिकाना बनाए हुए था। इस तरह उस क्षेत्र के कालोइनाइजरों और कंपनियों के सेल्समैन झुन्ना के निगाह पर है। इन सभी की उम्र 22 से 28 वर्ष के बीच में है।



लालपुर-पांडेयपुर थाना अंतर्गत मढ़वा में तीन सितंबर 2019 को दिव्यांग पान विक्रेता दिलीप पटेल की जमीन विवाद में झुन्ना ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोनों हाथ में पिस्टल से गोली दागते हुए कि सीसी कैमरे की फुटेज वायरल हुई थी। उस समय पुलिस ने झुन्ना पर एक लाख का इनाम रखा था। 12 अक्तूबर 2019 में झुन्ना को पंजाब के रोपड़ में नाटकीय तरीके से पुलिस ने गिरफ्तार किया था।




 मऊ सदर के पूर्व विधायक माफिया मुख्तार अंसारी भी उसी रोपड़ जेल में बंद था। पुलिस के अनुसार अपना गैंग संचालित करने के लिए झुन्ना माफिया मुख्तार के गिरोह से जुड़ा है। झुन्ना पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट के दर्जन भर मुकदमे हैं।



पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि चित्रकूट जेल में बंद झुन्ना और गाजीपुर जेल में बंद उसके गिरोह का रवि पटेल, इन दोनों के क्राइम डोजियर को अपडेट करने के लिए डीसीपी वरुणा को निर्देशित किया गया है। जेल में मिलने वालों की सूची भी दोनों जनपदों से मंगाई जाएगी।

मिर्जापुर 2 दरोगा समेत 11 पुलिसकर्मी निलंबित


 मिर्जापुर 2 दरोगा समेत 11 पुलिसकर्मी निलंबित




उत्तर प्रदेश मिर्जापुर के मुकेश हत्याकांड मामले में एसपी अजय कुमार सिंह की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। एसपी ने लापरवाही बरतने में दो दरोगा समेत 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। एक दिन पूर्व भी एक दरोगा को सस्पेंड किया गया था।




जानकारी के अनुसार 20 जून की शाम लगभग साढ़े छह बजे कटरा कोतवाली के दुर्गा बाजार मोहल्ले में मुकेश मिश्रा व विशाल मिश्रा को पुरानी रंजिश में मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। उपचार के दौरान मुकेश मिश्रा की मौत हो गई। बेलखरिया का पुरा निवासी मुकेश के पिता दिनेश मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने 9 नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।




पुलिस अब तक सात हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले में शुक्रवार को एसपी ने बड़ी कार्रवाई की। छह माह पहले भी मुकेश पर हमला हुआ था। इस मामले में पुलिस की ओर से गिरफ्तारी नहीं की गई थी। लापरवाही बरतने के कारण दोबारा आरोपितों ने मुकेश पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

कानपुर महिला दरोगा घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कॉल गर्ल के साथ पकड़े गए व्यापारियों से मांगे थे 15 लाख 24 घंटे तक अपने पास बंधक बनाकर रखा


 कानपुर महिला दरोगा घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार


कॉल गर्ल के साथ पकड़े गए व्यापारियों से मांगे थे 15 लाख

24 घंटे तक अपने पास बंधक बनाकर रखा





उत्तर प्रदेश कानपुर एडीसीपी पूर्वी के कार्यालय में तैनात महिला दरोगा को 50 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथों पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। 



एक सेक्स रैकेट की सूचना पर छापेमारी करके दो महिला और पुरुषों को उठाया था। इसके बाद रात भर बंधक बनाकर रखा और 15 लाख रुपए की डिमांड की। पुलिस अफसरों तक मामला पहुंचने के बाद प्लानिंग के तहत शुक्रवार रात घूस लेने के दौरान महिला दरोगा को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।




जानकारी के अनुसार एडिशनल पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि एडीसीपी राहुल मिठास के कार्यालय में महिला दरोगा भुवनेश्वरी देवी तैनात हैं। आरोप है कि भुवनेश्वरी देवी ने एक होमगार्ड के साथ पनकी में चल रहे सेक्स रैकेट में छापा मारा। जालौन निवासी दो व्यापारी और सेक्स रैकेट में शामिल दो महिलाओं को मौके से दबोच लिया। हिरासत में लेने के बाद चारों को बंधक बना लिया और 15 लाख रुपए की मांग की।




 मामले की जानकारी अफसरों तक पहुंच गई। इसके बाद एडीसीपी राहुल मिठास और एसीपी कोतवाली अशोक सिंह ने सिविल ड्रेस में चेतना चौराहा के एक रेस्टोरेंट में 50 हजाार रुपए घूस लेते हुए भुवनेश्वरी देवी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि महिला दरोगा के खिलाफ पनकी थाने में रंगदारी, अपहरण समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।



 यह पहला ऐसा मामला है जब किसी महिला दरोगा को घूस लेने के दौरान एंटी करेप्शन की टीम ने नहीं बल्कि उनके ही अफसरों ने छापेमारी करके पकड़ा है और अब गिरफ्तारी करके जेल भेजा जाएगा।

लखनऊ मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ी


 लखनऊ मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ी



उत्तर प्रदेश लखनऊ  समाजवादी पार्टी के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की एक बार फिर से तबीयत बिगड़ गई है। 82 वर्षीय मुलायम सिंह को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार मुलायम सिंह रुटीन चेकअप के लिए मेदांता अस्पताल गए थे, जहां उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में ही भर्ती कराया गया।




 मिली जानकारी के अनुसार आज  अखिलेश यादव मुलायम सिंह से मिलने के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल जा सकते हैं।

पिछले साल एक जुलाई को भी यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह की तबीयत बिगड़ी थी। तब भी इन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराय गया था। मुलायम सिंह को बेचैनी महसूस होने पर अस्पताल लाया गया था, जहां उनकी तबीयत बिगड़ी थी। डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें भर्ती करा दिया गया था। इससे पहले मुलायम सिंह यादव को पेशाब की नली में संक्रमण के बाद लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। कई दिनों तक वहां इलाज चला था। इसके बाद वहां से छुट्टी मिल गई थी। 



सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल ने अस्पताल जाकर मुलायम सिंह यादव का हाल लिया था। जुलाई में भी मुलायम सिंह यादव मेदांता में भर्ती हुए थे। उस वक्त उन्हें आंत में समस्या थी हालांकि इलाज के बाद उन्हें आराम मिल गया और घर भेज दिया गया था। मुलायम सिंह यादव अक्सर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करते रहते हैं।

आगरा ब्लॉगर युवती की हत्या इस तरह दिया गया खौफनाक वारदात को अंजाम


आगरा ब्लॉगर युवती की हत्या

इस तरह दिया गया खौफनाक वारदात को अंजाम



उत्तर प्रदेश आगरा के ओमश्री प्लेटिनम अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 401 में फेसबुक फ्रेंड विपुल के साथ लिव इन में रह रही फूड और फैशन ब्लॉगर रितिका सिंह ने जान बचाने के लिए देर तक संघर्ष किया। पति आकाश ने आते ही उससे मारपीट की। विपुल बचाने आया तो उसे आकाश और साथियों ने हाथ बांधकर बाथरूम में बंद कर दिया। वह चीखने लगा। मगर, कोई नहीं आया। तब तक रितिका के हाथ बांध दिए। वह बाहर निकलने का प्रयास करने लगी। अपार्टमेंट के अन्य लोगों को जब तक पता चला, रितिका को चौथी मंजिल से फेंक दिया गया। 


जानकारी के अनुसार पुलिस की पूछताछ में विपुल ने यह जानकारी दी है। पूछताछ में यह भी पता चला कि आकाश गौतम पूरी तैयारी से आया था। आकाश गौतम ने सुबह करीब 10.36 बजे अपार्टमेंट के गेट से पहले अपने साथ की दोनों महिलाओं से एंट्री कराई, जिससे किसी को शक न हो। यह सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है।
गार्ड मुन्ना ने टोका तो आकाश आ गया। उसने महिला से एंट्री कराई। उन्होंने सुनीता नाम लिखते हुए फ्लैट नंबर 601 में जाने की बात लिखी, जबकि उन्हें 401 में जाना था। ऐसा इसलिए किया कि जिससे गार्ड को उनकी सही जानकारी नहीं मिल सके। मोबाइल नंबर के आगे आकाश का नाम भी लिखा। पांचों एकदम से अंदर चले गए। उन्हें पहले से रितिका के फ्लैट की जानकारी थी। 


15 से 20 मिनट बाद ही अपार्टमेंट के पिछले हिस्से से गिरने की तेज आवाज आई। लोगों के शोर मचाने पर गार्ड ने गेट बंद कर दिया। लाश पड़ी मिलने पर लोगों ने भागते हुए आकाश और उसके साथ की महिलाओं को पकड़ लिया। वहीं दो साथियों का पता नहीं चला। लोग फ्लैट में पहुंचे तो विपुल बंद मिला। उसे खोलकर बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया।


पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने फ्लैट में जांच की। फ्लैट में सामान बिखरा हुआ था। सेंडल पड़ी हुई थी। बाल का गुच्छा भी था। वहीं गमला गिरा पड़ा था। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने बाल को कब्जे में लिया है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि आकाश और उसके साथ के लोग किस वाहन से आए थे। क्योंकि उन्होंने गेट से पैदल ही प्रवेश किया था। बाहर भी कोई वाहन आकर नहीं रुका।

प्रतापगढ़ जान देने के लिए सातवीं मंजिल पर चढ़ा युवक वजह जानकर हो जायेंगे हैरान


 प्रतापगढ़ जान देने के लिए सातवीं मंजिल पर चढ़ा युवक



वजह जानकर हो जायेंगे हैरान



उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ नगर कोतवाली के गायघाट निवासी शेष नारायण सिंह (20) शुक्रवार शाम घूमते हुए डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज के गेट पर पहुंच गया। चौकी इंचार्ज से मिलने की बात कहकर वह अंदर घुस गया। इसके बाद वह बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर चढ़कर शोर मचाने लगा।




शुक्रवार शाम एक सिरफिरा युवक पूरे केशवराय स्थित डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज के सातवें मंजिल पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगा। प्रशिक्षु चिकित्सकों ने देखा तो शोर मचाया। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस उससे नीचे उतरने के लिए कह रही थी, लेकिन वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात कराने की जिद पर अड़ा था। बार-बार धमकी दे रहा था कि मोदी जी से बात कराओ, नहीं तो कूदकर जान दे दूंगा। करीब आधे घंटे बाद सिपाहियों ने किसी तरह उसे नीचे उतारा।



इस पर चौकी इंचार्ज ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं था। करीब आधे घंटे बाद पीछे से दो सिपाहियों को भेजकर चौकी इंचार्ज ने उसे किसी तरह नीचे उतरवाया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे घर ले गए। रंजिश के चलते युवक की पिटाई के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी का केस दर्ज किया गया है।




 लालगंज कोतवाली के अगई निवासी आशा देवी का आरोप है कि रंजिश के चलते बीते बीस जून को गांव के आजाद सिंह, रोहन सिंह, सार्थक सिंह व नागेश सिंह ने उसके बेटे को एकराय होकर लाठी-डंडों से पीटा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दीं। आरोपियों ने शिकायत पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर बृहस्पतिवार की रात चारों आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी, मारपीट व जानलेवा धमकी का केस दर्ज कर लिया गया। सीओ रामसूरत सोनकर ने बताया कि जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ वेतन को लेकर होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को राहत, 33996 जवानों को मिलेगा लाभ


 लखनऊ वेतन को लेकर होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को राहत, 33996 जवानों को मिलेगा लाभ




उत्तर प्रदेश लखनऊ योगी सरकार ने होमगार्ड्स स्वयंसेवकों के वेतन को लेकर बड़ी राहत दी है। शुक्रवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान होमगार्ड्स एवं कारागार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि 33996 होमगार्ड्स स्वयंसेवकों का वेतन अब होमगार्ड्स विभाग से दिया जाएगा, जिससे अब उन्हें वेतन मिलने में देरी नहीं होगी। पहले उनका वेतन गृह विभाग से दिया जाता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनका अनुरोध स्वीकार करके यह बदलाव किया है।




जानकारी के अनुसार  उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि इन जवानों के ड्यूटी एवं वेतन के लिए गृह विभाग पर निर्भर रहने से उनके सामने समय-समय पर असहज स्थिति आती रहती है।

 

इस समस्या को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने बजट को गृह विभाग से अलग करते हुए होमगार्ड्स विभाग को दे दिया। वर्तमान में 25 हजार होमगार्ड्स जवान गृह विभाग से संबद्ध होकर विभिन्न थानों में एवं 8996 होमगार्ड्स जवान यूपी 112 में तैनात हैं। इनके के लिए 755 करोड़ रुपये एवं 320 करोड़ रुपये की बजट की व्यवस्था है। इस बजट को वित्त विभाग ने अब होमगार्ड्स विभाग को दे दिया है।



 पूर्व की व्यवस्था में होमगार्ड्स जवानों को गृह विभाग से ड्यूटी के भुगतान में विलंब होता था, जिससे उन्हें अपने जीविकोपार्जन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।



योगी सरकार के इस निर्णय से उन्हें बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि आजीवन कारावास के तहत निरुद्ध कैदियों से संबधित नियमावली में परिवर्तन किया गया है। पहले आजीवन कारावास के तहत 16 या 20 साल की सजा पूरी कर लेने के बाद भी कैदियों को 60 वर्ष की आयु सीमा तक जेल में रहना पड़ता था। 



अब इसमें बदलाव करते हुए 60 साल की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है। अब कोई भी कैदी अपनी 16 से 20 साल की सजा पूरी करने के बाद जेल से रिहा हो सकेगा। इससे कैदियों की मनोदशा में सकारात्मक बदलाव आया है।

पीलीभीत एक झपकी और लगा लाशों का ढेर बार-बार मुंह धोकर गाड़ी चलाता रहा ड्राइवर मान जाता ये बात तो न जलतीं दस चिताएं


 पीलीभीत एक झपकी और लगा लाशों का ढेर


बार-बार मुंह धोकर गाड़ी चलाता रहा ड्राइवर


मान जाता ये बात तो न जलतीं दस चिताएं



उत्तर प्रदेश पीलीभीत गंगा स्नान कर बृहस्पतिवार सुबह पिकअप में हरिद्वार से लखीमपुर खीरी के गोला लौट रहे एक ही परिवार के दस लोगों की जान पर चालक की झपकी भारी पड़ गई। सुबह करीब चार बजे गजरौला थाना क्षेत्र में असम हाईवे पर पिकअप पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन महिलाओं व चार बच्चों समेत परिवार के दस लोगों और खुद चालक की भी मौत हो गई।




 हादसे में छह लोग घायल भी हुए हैं। घायल कृष्णपाल ने बताया कि बरेली से पीलीभीत के बीच रात दो बजे भी चालक को झपकी आ गई थी। इससे पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद मना करने के बावजूद वह रुका नहीं और मुंह धोकर गाड़ी चलाता रहा। लखीमपुर खीरी के थाना गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला तीर्थ निवासी संजीव शुक्ला अपने परिवार और रिश्तेदारों को लेकर सोमवार की शाम पिकअप से हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए गए थे। गाड़ी गोला इलाके के ही गांव दत्तेली का दिलशाद चला रहा था। वहां से सभी बुधवार शाम को लौट रहे थे। सुबह चार बजे जब पिकअप गजरौला थाना क्षेत्र में असम हाईवे पर पर पहुंची तो दिलशाद को झपकी आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।




इससे संजीव की मां सरला देवी (55), पुत्र हर्ष (12), पुत्री खुशी (दो) बड़े भाई श्यामसुंदर शुक्ला (40), छोटे भाई कृष्णपाल की पत्नी रचना (27), भतीजे शशांक (11) व आनंद (चार) और चालक दिलशाद (35) की मौके पर ही मौत हो गई। 



संजीव की पत्नी लक्ष्मी (28) और पिता लालमन शुक्ला (60) ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।



 संजीव और उनकी भाभी शीलम, भाई कृष्णपाल, भतीजा प्रशांत, शाहजहांपुर के पुवायां इलाके के गांव अगोना खुर्द निवासी पूनम पत्नी कृपाशंकर, उनके बेटे प्रवीण और रिशु घायल हो गए। 



संजीव, प्रशांत, प्रवीण और रिशु की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया गया। वहीं, कृष्णपाल, शीलम और पूनम का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। 



मौके पर पहुंचे सिपाही देवेश चौधरी और होमगार्ड निरंजन ने बताया दो घायलों के पैर गाड़ी के डैश बोर्ड और पेड़ के बीच फंस गए थे। इन्हें क्रेन के आने पर ही सुरक्षित निकाला जा सका।