Wednesday 25 October 2023

सहारनपुर आधी रात युवकों ने घर में घुसकर रेता युवती का गला गोली भी मारी, पुलिस ने मामले के बताया संदिग्ध


 सहारनपुर आधी रात युवकों ने घर में घुसकर रेता युवती का गला



गोली भी मारी, पुलिस ने मामले के बताया संदिग्ध



उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के चिलकाना क्षेत्र के गांव चालाकपुर में युवती की हत्या कर दी गई। रात के समय तीन युवक युवती के घर में घुसे और उसकी गर्दन धारदार हथियार से रेत दी। इतना ही नहीं, युवती को गोली भी मारी, जो उसके हाथ में लगी। परिजन युवती को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हत्या किसने और क्यों की है, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।


जानकारी के अनुसार परिजनों के मुताबिक, गांव चालाकपुर निवासी मुशर्रफ के घर मंगलवार रात करीब तीन बजे तीन युवक पहुंचे, जिन्होंने दरवाजा खटखटाया। मुशर्रफ की पत्नी लाली ने दरवाजा खोला। इसके बाद तीनों युवक घर में घुस गए। लाली ने बताया कि घर में सो रही उसकी पुत्री महकारा (21) की धारदार हथियार से एक युवक ने गर्दन रेत दी। इतना ही नहीं, दूसरे युवक ने तमंचे से गोली चलाई, जो महकारा के हाथ में लगी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।


 परिजन ग्रामीणों की मदद से युवती को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। पता लगने पर थाना चिलकाना पुलिस मौके पर पंहुचकर जांच की। सीओ सदर अभितेष सिंह भी घटना स्थल पर पहुंच कर जानकारी की। सीओ अभितेष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। युवती की हत्या क्यों की गई है, इसका पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध भी लग रहा है।

आजमगढ़ दशहरा मेले में युवाओं ने दिखाया आधुनिकता को आईना ब्यूटी पार्लर बंद करो का नारा लगाते हुए किया शहर का भ्रमण


 आजमगढ़ दशहरा मेले में युवाओं ने दिखाया आधुनिकता को आईना


ब्यूटी पार्लर बंद करो का नारा लगाते हुए किया शहर का भ्रमण



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ विजयादशमी पर्व के दिन शहर क्षेत्र के मेले में घूमने आए किशोरवय के दर्जनों लड़के जिस नारे के साथ भ्रमण कर रहे थे उनकी बातों को सुन हर किसी का ध्यान उनकी ओर गया और इसकी चर्चा भी जोरों पर रही। यूं कहें कि उन लड़कों ने आज के आधुनिक परिवेश को आईना दिखाया।


लगभग शाम के छह बजे शहर के सिविल लाइन क्षेत्र से नगर की ओर बढ़ रही युवाओं की टोली में शामिल किशोरवय लड़को का नेतृत्व कर रहा युवक ब्यूटी पार्लर बंद करो के जवाब में पूरे उत्साह के साथ बंद करो- बंद करो का नारा मेला देखने निकले हर किसी का ध्यान उनकी ओर आकृष्ट कर रहा था।


 नारेबाजी करते आगे बढ़ रहे काफिले में खासकर तमाम युवा शामिल होते गए और छोटे से समूह ने जूलुस का रूप धारण कर लिया। नगर पालिका चौराहे पर जब नारेबाजी कर रहे युवकों पर मीडिया कर्मी का ध्यान गया तो उन्हें रोक कर उनकी तस्वीर कैद करने की बारी आई तो जुलूस का नेतृत्व कर रहे युवक ने रोक दिया और कहा कि मेले में तमाम महिलाएं और हमारी बहनें जिस तरह का परिधान धारण कर अपने सौंदर्य को निखारने के लिए मेकअप पर पैसा खर्च कर मेला घूमने निकली हैं उसे देखकर हम युवाओं के मन में जो विचार उठा वह स्वत: नारे का निर्माण कर बैठा। 


उस युवक के मुंह से यह बात निकली कि आज जो आधुनिकता की दौड़ में शामिल होकर जो हम पाश्चात्य संस्कृति को अपना रहे हैं वह कहीं से भी उचित नहीं है। इसी का नतीजा है कि आज छेड़खानी और दुष्कर्म जैसे घृणित कार्य समाज को गंदा करने का कार्य कर रहे हैं। हमें और उन अभिभावकों को समझना होगा कि फैशन के इस दौर में शामिल अपने बच्चों की ईच्छा पूरी करने में हम भी अंधे होकर अपनी संस्कृति को बचाए रखने में खुद को कहां खड़े नजर आते हैं इन बातों पर सभी को चिंतन करना होगा। नहीं तो एक समय ऐसा आएगा जब सनातन धर्म कराहता नजर आएगा।

आजमगढ़ एसपी ने आरक्षी को किया बर्खास्त कूटरचित तरीके से हासिल की थी नौकरी, गुण्डा एक्ट सहित विभिन्न मामले हैं दर्ज


 आजमगढ़ एसपी ने आरक्षी को किया बर्खास्त



कूटरचित तरीके से हासिल की थी नौकरी, गुण्डा एक्ट सहित विभिन्न मामले हैं दर्ज



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरक्षी को सेवा से बर्खास्त कर दिया। उक्त आरक्षी द्वारा कूटरचित तरीके से फर्जी शपथ पत्र देकर नौकरी हासिल की गई थी। जांच के दौरान मामला सही पाये जाने के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा उसे आरक्षी पद की सेवा से हटा दिया गया।


आरक्षी नागरिक पुलिस कीर्तिवर्धन कुमार मल्ल (पीएनओ-212051757) थाना रानी की सराय आजमगढ़ वर्ष में 2022 में थाना रानी की सराय जनपद आजमगढ़ में बतौर आरक्षी के पद पर नियुक्त हुआ। तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय जनपद आजमगढ़ द्वारा 12.10.2022 को थानाध्यक्ष कुबेरस्थान जनपद कुशीनगर से वार्ता की गई तो ज्ञात हुआ कि आरक्षी कीर्तिवर्धन कुमार मल्ल का उपनाम अमित भी है और इनके विरूद्ध थाना कुबेरस्थान में गुण्डा एक्ट सहित कुल पांच मामले दर्ज हैं तथा आरक्षी ग्राम धरनी छापर थाना कुबेर स्थान जनपद कुशीनगर का निवासी है। उसने आरक्षी के पद पर भर्ती के समय ग्राम रजमल मरदहॉ थाना कोठीभार जनपद महराजगंज का पता दिखाकर अपने विरूद्ध पंजीकृत अभियोगों/तथ्यों को छिपाकर गलत शपथ पत्र देकर उ0प्र0 पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर भर्ती हुआ। प्रकरण की प्रारम्भिक जांच अपर पुलिस अधीक्षक यातायात से करायी गयी। जांच अधिकारी ने जांच पूर्ण करते हुए उक्त आरक्षी को दोषी पाया गया।


मिली जानकारी के मुताबिक उक्त आरक्षी के विरूद्ध उ0प्र0 अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की (दण्ड एवं अपील) नियमावली-1991 के नियम -14(1) के अन्तर्गत विभागीय कार्यवाही किये जाने हेतु तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ राहुल रूसिया को आवंटित की गई। 17 जनवरी 2023 को पीठासीन अधिकारी/अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, आजमगढ़ ने नियमानुसार विभागीय कार्यवाही पूर्ण कर अपनी फाइडिंग उपलब्ध करायी। पीठासीन अधिकारी ने विभागीय कार्यवाही के दौरान अभियोजन पक्ष के साक्षीगण द्वारा दिये गये साक्ष्यों एवं पत्रावली पर उपलब्ध अभिलेखीय साक्ष्यों के सम्यक परीक्षणोपरान्त आरक्षी को उक्त कृत्य के लिए दोषी पाया। 22 अक्टूबर 2023 को पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा आरक्षी कीर्तिवर्धन कुमार मल्ल को उ0प्र0 अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की (दण्ड एवं अपील) नियमावली-1991 के नियम -14 (1) के तहत आरक्षी पद की सेवा से हटाया गया है।

बुलंदशहर पंखे से लटका मिला सिपाही का शव 2 साथियों के साथ रहता था किराए के मकान में


 बुलंदशहर पंखे से लटका मिला सिपाही का शव



2 साथियों के साथ रहता था किराए के मकान में



बुलंदशहर में गुलावठी कोतवाली के कांस्टेबल का शव किराए के मकान के कमरे में पंखे पर लटका मिला। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर मामले की जांच की। शामली के थाना कांधला क्षेत्र के गांव मकेड़ा निवासी सिपाही विजेंद्र सिंह (34) पुत्र ब्रह्म सिंह 2005 - 2006 में उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुआ था। वह वर्ष 2022 से गुलावठी थाने में कार्यरत था। दो साथियों सहित सिकंदराबाद रोड पर मोहल्ला रामनगर में किराए के मकान में रहता था। मंगलवार को उसके दोनों साथी कहीं चले गए।


इस दौरान विजेंद्र सिंह का मकान के कमरे में पंखे पर लटका हुआ शव मिला। मोहल्ले की एक महिला मौके पर आई तो घटना की जानकारी ली। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी, सीओ विकास प्रताप सिंह चौहान, कोतवाल जयकरण सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस प्रथम दृष्टया घरेलू कलह में आत्महत्या किए जाने की बात मानकर चल रही है।

भदोही ट्रक की चपेट में आने से सब इंस्पेक्टर की हुई मौत चालक ट्रक छोड़कर हुआ फरार, मचा हड़कंप


 भदोही ट्रक की चपेट में आने से सब इंस्पेक्टर की हुई मौत



चालक ट्रक छोड़कर हुआ फरार, मचा हड़कंप



उत्तर प्रदेश भदोही कोतवाली क्षेत्र के अमवां माफी मार्ग पर बुधवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एसआई की मौत हो गई। गाजीपुर के तुर्रा गांव निवासी एसआई जिले में गोपीगंज कोतवाली में तैनात थे। बुधवार की सुबह वे क्षेत्र में गए थे। जहां से लौटते समय ट्रक की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार गाजीपुर जनपद के तुर्रा गांव निवासी नेमतुल्लाह गोपीगंज के कोतवाली में एसआई पद पर तैनात थे। उन्हें नगर के हल्का नंबर एक की जिम्मेदारी मिली हुई थी।


बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह वे अपने हल्का में गए थे। जहां से लौटने के दौरान अमवा स्थित मार्ग पर एक ट्रक की चपेट में आ गए। जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़ फरार हो गया। दूसरी तरफ सूचना मिलते ही एएसपी राजेश भारती, सीओ प्रभात राय सहित अन्य मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।