Tuesday, 5 May 2026

बलिया थाने में युवक ने सब इंस्पेक्टर को जड़ा थप्पड़ पुराने विवाद को लेकर थाने में चल रही थी बातचीत, बिगड़ा माहौल


 बलिया थाने में युवक ने सब इंस्पेक्टर को जड़ा थप्पड़



पुराने विवाद को लेकर थाने में चल रही थी बातचीत, बिगड़ा माहौल


उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा थाना परिसर में सोमवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सुलह-समझौते के लिए आए एक युवक ने उपनिरीक्षक (एसआई) को थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। 


जानकारी के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के जेठवार गांव निवासी अमित यादव और संतोष राजभर के बीच मकान के छज्जे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। संतोष राजभर द्वारा छज्जा निर्माण कराए जाने पर अमित यादव ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। इसी मामले के निस्तारण के लिए सोमवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। थाने में पंचायत और बातचीत की प्रक्रिया चल रही थी, तभी अमित यादव अपने मोबाइल से पूरी कार्यवाही का वीडियो बनाने लगा। मौके पर मौजूद एसआई दिनेश यादव ने उसे थाने के भीतर वीडियो रिकॉर्डिंग से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और अमित यादव आवेश में आ गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने एसआई को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवक को काबू में लेकर हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी प्रभाकर शुक्ला ने बताया कि थाने के भीतर पुलिस अधिकारी के साथ अभद्रता और हमला करना गंभीर अपराध है। आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी पर हमले की धाराओं में सख्त कार्रवाई की जा रही है।

आजमगढ़ शहर कोतवाली/मुबारकपुर मामला न्यायालय में होने के बावजूद घर पर पहुंच गयी पुलिस पीड़िता पहुंची एसएसपी दरबार, पति व पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप


 आजमगढ़ शहर कोतवाली/मुबारकपुर मामला न्यायालय में होने के बावजूद घर पर पहुंच गयी पुलिस



पीड़िता पहुंची एसएसपी दरबार, पति व पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक महिला ने अपने पति और पुलिस पर उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी निर्मला चौहान ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसका पति उपेन्द्र चौहान शादी के बाद से ही शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता है और परिवार की जिम्मेदारी नहीं निभाता। महिला के अनुसार वर्ष 2017 में हिंदू रीति-रिवाज से उसकी शादी हुई थी, जिससे दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि शादी में दहेज स्वरूप दी गई मोटरसाइकिल को लेकर विवाद बढ़ गया। महिला का कहना है कि पति काम-धंधा नहीं करता और बाइक से घूमता रहता है, इसलिए उसने मोटरसाइकिल अपने पास रख ली और पति से परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था करने को कहा। इस बीच महिला अपने बच्चों के साथ शेखपुरा स्थित बहन के घर रहने लगी। 


आरोप है कि 4 मई 2026 को पति के प्रार्थना पत्र पर बलरामपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सिपाहियों के साथ वहां पहुंचे और बाइक वापस करने का दबाव बनाने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने धमकी दी कि यदि गाड़ी नहीं दी गई तो उसके परिजनों पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा। निर्मला चौहान ने बताया कि उसने अपने व बच्चों के भरण-पोषण के लिए पारिवारिक न्यायालय, आजमगढ़ में मुकदमा भी दाखिल किया है। इसके बावजूद पति द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है। महिला ने एसएसपी से मांग की है कि संबंधित चौकी इंचार्ज को निर्देशित किया जाए कि उसे अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और उसे न्याय दिलाया जाए।

आजमगढ़ गंभीरपुर चलती बाइक से महिला का मंगलसूत्र छीनकर बदमाश फरार दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी


 आजमगढ़ गंभीरपुर चलती बाइक से महिला का मंगलसूत्र छीनकर बदमाश फरार



दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह करीब 10:30 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां चलती मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के देहदुवार (लल्लूगंज) गांव निवासी शर्मिला गुप्ता, पत्नी विनय गुप्ता, अपने भाई अजय गुप्ता के साथ मायके आंवक (थाना रानी की सराय) जा रही थीं। जैसे ही वे गंभीरपुर थाना क्षेत्र के लहबरिया बाजार से लगभग 100 मीटर आगे बढ़ीं, पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और झपट्टा मारकर गले से मंगलसूत्र छीन लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला और उसके भाई कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी आजमगढ़ की ओर फरार हो चुके थे। पीड़िता ने तुरंत 1076 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। महिला ने लूटे गए मंगलसूत्र की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई है। सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़िता ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है।


 इस संबंध में थानाध्यक्ष गंभीरपुर ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आजमगढ़ अतरौलिया प्रेम जाल में फंसाकर बनाया अश्लील वीडियो, 6 साल तक करता रहा ब्लैकमेल शादी का दबाव बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने घर से दबोचा


 आजमगढ़ अतरौलिया प्रेम जाल में फंसाकर बनाया अश्लील वीडियो, 6 साल तक करता रहा ब्लैकमेल


शादी का दबाव बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने घर से दबोचा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना अतरौलिया क्षेत्र में प्रेम संबंध का झांसा देकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर 21 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि ग्राम रामपुर कुकुरीपुर निवासी शुभम मिश्रा का पीड़िता से करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी दौरान जुलाई 2024 में वह उसे घुमाने के बहाने बनारस ले गया, जहां नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे और प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अतरौलिया पुलिस ने 5 मई की सुबह करीब 6:25 बजे आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।