Tuesday, 9 June 2026

आजमगढ़ रौनापार थानाध्यक्ष पर जमीन कब्जा कराने व रिश्वत मांगने का आरोप थाना प्रभारी, कांस्टेबल व विपक्षियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग दीवानी में वाद लंबित होने के बावजूद कब्जा कराने का आरोप, एसएसपी से कार्रवाई की गुहार

आजमगढ़ रौनापार थानाध्यक्ष पर जमीन कब्जा कराने व रिश्वत मांगने का आरोप


थाना प्रभारी, कांस्टेबल व विपक्षियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग


दीवानी में वाद लंबित होने के बावजूद कब्जा कराने का आरोप, एसएसपी से कार्रवाई की गुहार



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में रौनापार थाना क्षेत्र के खोजौली गांव की निवासी राधिका सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर थाना रौनापार के थानाध्यक्ष, एक कांस्टेबल तथा विपक्षी पक्ष के लोगों पर उनकी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जा कराने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


 प्रार्थना पत्र के अनुसार, विवादित भूमि को लेकर सिविल न्यायालय में वाद विचाराधीन है और निषेधाज्ञा प्रार्थना पत्र पर सुनवाई की तिथि निर्धारित है। आरोप है कि इसके बावजूद विपक्षी देवानंद और दिवाकर ने पुलिस की मौजूदगी में विवादित भूमि पर मिट्टी डलवाकर कब्जा करने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि थानाध्यक्ष रौनापार सुनील कुमार दूबे स्वयं मौके पर मौजूद रहे और भूमि की स्थिति बदलवाने में सहयोग किया।


 राधिका सिंह ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को गालियां दी गईं तथा उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई। साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने और एनकाउंटर कराने जैसी धमकियां भी दी गईं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौके पर कोई राजस्व टीम मौजूद नहीं थी, फिर भी पुलिस की मौजूदगी में भूमि पर तीन ट्राली मिट्टी डलवाई गई। प्रार्थना पत्र में कांस्टेबल अवधेश यादव पर भी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत और पैसे की मांग करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि पुलिस की मौजूदगी में कब्जा कराने का वीडियो उनके पास उपलब्ध है। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए थानाध्यक्ष, संबंधित कांस्टेबल तथा विपक्षी पक्ष के लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, पुलिस का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका था।

 

आजमगढ़ कप्तानगंज 20.65 लाख रुपये की जमीन डील में धोखाधड़ी बैनामा के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय से फरार हुए आरोपी, चेक देकर भी भुगतान रोका; पुलिस ने दर्ज किया केस


 आजमगढ़ कप्तानगंज 20.65 लाख रुपये की जमीन डील में धोखाधड़ी


बैनामा के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय से फरार हुए आरोपी, चेक देकर भी भुगतान रोका; पुलिस ने दर्ज किया केस


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर 20.65 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के ओरा गांव निवासी अजीम अहमद ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उसने ओरा गांव निवासी सत्यवान राय और विनोद राय से आराजी संख्या 803 की भूमि का एक हिस्सा खरीदने के लिए सौदा तय किया था। आरोप है कि जमीन के बदले कुल 20 लाख 65 हजार रुपये का भुगतान आरटीजीएस एवं अन्य माध्यमों से किया गया। 


शिकायत के अनुसार 12 दिसंबर 2025 को निबंधन कार्यालय निजामाबाद में बैनामे की तैयारी पूरी हो गई थी, लेकिन रजिस्ट्री के दौरान सत्यवान राय, विनोद राय और साहिल राय कथित रूप से बहाना बनाकर कार्यालय से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित द्वारा कई बार संपर्क करने पर आरोपियों ने पहले पैसा लौटाने का आश्वासन दिया और चेक भी दिए, लेकिन भुगतान तिथि से पहले ही चेकों को बंद करा दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत कई बार थाना कप्तानगंज में किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय का दरवाजा खटखटाया। एसएसपी कार्यालय से प्राप्त निर्देश के बाद कप्तानगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।