Sunday, 12 July 2026

आजमगढ़ पुलिस में नई जिम्मेदारियां तय, 2 नवागत सीओ को मिला कार्यभार विजय कुमार सिंह गौर बने बूढ़नपुर के क्षेत्राधिकारी, देशराज सिंह को सगड़ी का प्रभार


 आजमगढ़ पुलिस में नई जिम्मेदारियां तय, 2 नवागत सीओ को मिला कार्यभार


विजय कुमार सिंह गौर बने बूढ़नपुर के क्षेत्राधिकारी, देशराज सिंह को सगड़ी का प्रभार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में नवागत पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार सिंह गौर एवं पुलिस उपाधीक्षक देशराज सिंह के आगमन तथा क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी के मेडिकल अवकाश पर होने के कारण पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से पुलिस उपाधीक्षकों के कार्य एवं दायित्वों का पुनर्निर्धारण किया है। 


जारी आदेश के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार सिंह गौर को बूढ़नपुर क्षेत्राधिकारी का प्रभार सौंपा गया है। उनके अधीन अतरौलिया, कप्तानगंज, अहरौला और तहबरपुर थानों का पर्यवेक्षण रहेगा। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक देशराज सिंह को सगड़ी क्षेत्राधिकारी बनाया गया है। उनके कार्यक्षेत्र में जीयनपुर, रौनापार, महराजगंज और बिलरियागंज थाने शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त उन्हें बाढ़ राहत एवं आपदा प्रबंधन तथा किन्नर समाज के सम्मान एवं सुरक्षा से संबंधित कार्यों का पर्यवेक्षण भी सौंपा गया है।पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन दायित्वों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आजमगढ़ बूढ़नपुर आम तोड़ते समय 33 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से युवती की मौत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी मृतका, परिवार में छाया मातम


 आजमगढ़ बूढ़नपुर आम तोड़ते समय 33 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से युवती की मौत


प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी मृतका, परिवार में छाया मातम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के डड़चा गांव में रविवार को आम तोड़ते समय 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 


जानकारी के अनुसार, डड़चा गांव निवासी रामकेश वर्मा की पुत्री पूनम वर्मा दोपहर के समय गांव के उत्तर दिशा स्थित बगीचे में लगभग 15 फुट लंबी लग्घी से आम तोड़ रही थी। इसी दौरान आम के पेड़ के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से लग्घी छू गई। तेज करंट की चपेट में आने से पूनम गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया गया कि पूनम ने बीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी और घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी और अभी अविवाहित थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन के तार काफी नीचे झूल रहे थे और आम के पेड़ की शाखाओं के बेहद करीब थे। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने तारों की ऊंचाई और पेड़ों की छंटाई पर ध्यान दिया होता तो इस तरह की दर्दनाक घटना से बचा जा सकता था।

आजमगढ़ थाना कोतवाली, गैंगस्टर केसी राय की 10 करोड़ की संपत्ति कुर्क डुगडुगी पिटवाकर प्रशासन ने लिया कब्जा जमीन ठगी व गैंगस्टर से अर्जित अवैध धन से खरीदी पांच गाटा की संपत्ति पर कार्रवाई


 आजमगढ़ थाना कोतवाली, गैंगस्टर केसी राय की 10 करोड़ की संपत्ति कुर्क


डुगडुगी पिटवाकर प्रशासन ने लिया कब्जा


जमीन ठगी व गैंगस्टर से अर्जित अवैध धन से खरीदी पांच गाटा की संपत्ति पर कार्रवाई


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में संगठित अपराध और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस और प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर, भूमाफिया और हिस्ट्रीशीटर कृष्णचन्द्र राय उर्फ के.सी. राय की करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में ले ली। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कोडर अजमतपुर स्थित गगनचुंबी भवन को डुगडुगी पिटवाकर नियमानुसार कुर्क किया गया। पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 92/2026 की विवेचना के दौरान सामने आया कि के.सी. राय ने फर्जी खतौनी, जमीन के नाम पर ठगी, गैंगस्टर गतिविधियों तथा अन्य संगठित अपराधों से अर्जित अवैध धन से वर्ष 2012 से ग्राम कोडर अजमतपुर में जमीन खरीदकर आलीशान भवन का निर्माण कराया। समय-समय पर भवन का पुनर्निर्माण और रिनोवेशन भी अपराध से अर्जित धन से कराया गया। विवेचना में यह भी सामने आया कि उक्त भवन गैंग के सदस्यों के जमावड़े और आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाने का प्रमुख केंद्र बना हुआ था। राजस्व विभाग द्वारा भूमि तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा भवन के मूल्यांकन के बाद इसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई।


 विवेचक निरीक्षक रफी आलम की विवेचना के आधार पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आजमगढ़ सत्यबीर सिंह ने धारा 107 बीएनएसएस के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश पारित किया तथा तहसीलदार को उसका प्रशासक नियुक्त किया। न्यायालय ने माना कि अभियुक्त के पास भवन निर्माण और ऋण की किश्तों के भुगतान के लिए कोई वैध आय का स्रोत नहीं था तथा उसने अपराध से अर्जित धन के बल पर लगातार अपना अवैध साम्राज्य खड़ा किया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, विवेचक निरीक्षक रफी आलम, थाना कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने न्यायालय के आदेश का पालन कर संपत्ति को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार कृष्णचन्द्र राय उर्फ के.सी. राय वर्तमान में जेल में निरुद्ध है और उसे पूर्व में प्रशासनिक आधार पर अंबेडकरनगर कारागार स्थानांतरित किया जा चुका है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, ठगी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 16 से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज बताए गए हैं।