Friday, 20 February 2026

आजमगढ़ कोतवाली हाईस्कूल की परीक्षा देने आया छात्र नदी में कूदा थाना कोतवाली पुलिस, पीआरवी व स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से बचाया गया युवक


 आजमगढ़ कोतवाली हाईस्कूल की परीक्षा देने आया छात्र नदी में कूदा



थाना कोतवाली पुलिस, पीआरवी व स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से बचाया गया युवक



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक 20 वर्षीय छात्र ने बाग लखराव पुलिया से तमसा नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस, पीआरवी टीम और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए संयुक्त अभियान चलाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार विकिल प्रजापति, निवासी जनपद आजमगढ़, हाईस्कूल की परीक्षा देने आया था। इसी दौरान उसने नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और युवक को सकुशल बाहर निकालकर तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा। परिजनों ने बताया कि छात्र मानसिक रूप से अस्वस्थ है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय पहल के कारण एक अमूल्य जीवन की रक्षा संभव हो सकी।

बाराबंकी थाने के पीछे किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, मौत मरने से पहले लिया आरोपी का नाम, परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का लगाया आरोप

बाराबंकी थाने के पीछे किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, मौत



मरने से पहले लिया आरोपी का नाम, परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का लगाया आरोप



उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। थाना परिसर से महज लगभग 100 मीटर की दूरी पर 17 वर्षीय किशोरी को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी ने देर शाम लखनऊ के सिविल अस्पताल के बर्न वार्ड में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, थाने के पीछे से धुआं उठता और चीख-पुकार सुनाई देने पर स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े। वहां किशोरी गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में मिली। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृत्यु से पहले किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में कस्बे के एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक का नाम लिया। उसने कहा कि युवक ने ही “फूंक देंगे” कहकर धमकी दी थी। युवक का नाम लेने के बाद किशोरी की आवाज लड़खड़ा गई और वह आगे कुछ नहीं बोल सकी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना में दो से तीन लोगों के शामिल होने की आशंका है। 


परिजनों के मुताबिक किशोरी दोपहर करीब 12 बजे घर से शौच के लिए निकली थी। करीब 12:16 बजे बड़ी बहन को सूचना मिली कि वह घर से लगभग 150 मीटर दूर खेत में जली हालत में पड़ी है। परिवार के लोग जब मौके पर पहुंचे तो किशोरी के शरीर पर कपड़े नहीं थे। पास के खेत में मचान पर पड़ी रजाई से उसे ढंका गया। पुलिस को घटनास्थल से पेट्रोल और पानी की एक-एक बोतल बरामद हुई है। बताया गया कि किशोरी करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि किशोरी के कपड़े जल गए थे और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आरोपी युवक की तलाश जारी है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।