Sunday, 22 March 2026

आजमगढ़ बिलरियागंज जमीन दिलाने के नाम पर 28 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने दबिश की तेज


 आजमगढ़ बिलरियागंज जमीन दिलाने के नाम पर 28 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार



अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने दबिश की तेज



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


 पीड़ित दीपक यादव, निवासी नौबरार त्रिपुरार खालसा थाना महराजगंज, बिलरियागंज में मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। आरोप है कि रौनापार थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर आरोपियों ने उनसे अलग-अलग तिथियों में 15 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए, जबकि 13 लाख रुपये नगद मेडिकल स्टोर पर ही ले लिए। कुल 28 लाख रुपये देने के बाद जब दीपक यादव रजिस्ट्री कराने के लिए रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि संबंधित जमीन पहले ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम पंजीकृत हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने बिलरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में विजय यादव, सचिन यादव, राजपाल यादव और सच्चिदानंद के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।


 इसी क्रम में पुलिस ने वांछित आरोपी विजय यादव (55) पुत्र स्वर्गीय महेश यादव, निवासी परेवा रुद्रपुर थाना रौनापार को रविवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष बिलरियागंज सुनील दुबे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आजमगढ़ देवगांव तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से पिता की मौत, पुत्र गंभीर घायल दुकान बंद कर घर लौट रहे थे दोनों, हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार


 आजमगढ़ देवगांव तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से पिता की मौत, पुत्र गंभीर घायल



दुकान बंद कर घर लौट रहे थे दोनों, हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कमालगंज (गोसाईगंज) बाजार में शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र का इलाज अभी जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरसेरवा गांव निवासी सियाराम विश्वकर्मा (60) पुत्र राम अवतार और उनके पुत्र अजय विश्वकर्मा (30) की कमालगंज बाजार में फर्नीचर की दुकान है। शनिवार की रात करीब 9 बजे दोनों दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। 


बताया जा रहा है कि वे दुकान से लगभग 100 मीटर ही आगे बढ़े थे कि जौनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के राहगीरों और बाजारवासियों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्काल घायलों के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को आनन-फानन में जौनपुर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां रविवार की सुबह तड़के इलाज के दौरान सियाराम विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि अजय विश्वकर्मा का इलाज जारी है। घटना के बाद परिजन सियाराम का शव लेकर घर वापस लौट आए और डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


 इस संबंध में कोतवाल देवगांव विमल प्रकाश राय ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है, लेकिन अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के तीन पुत्र हैं, जिनमें घायल अजय तीसरे नंबर का है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

आजमगढ़ कंधरापुर 25 हजार का इनामी शूटर गिरफ्तार, फायरिंग कांड का खुलासा अवैध तमंचा व कारतूस बरामद; फरार साथी की तलाश जारी

आजमगढ़ कंधरापुर 25 हजार का इनामी शूटर गिरफ्तार, फायरिंग कांड का खुलासा



अवैध तमंचा व कारतूस बरामद; फरार साथी की तलाश जारी


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना कंधरापुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।


 जानकारी के मुताबिक 9 जनवरी 2026 की रात बिजौरा गांव निवासी सर्वशक्ति पांडेय उर्फ श्याम पांडेय के घर पर पुरानी रंजिश को लेकर अभय सिंह अपने एक साथी के साथ पहुंचा था। आरोप है कि दोनों ने पहले घर पर ईंट-पत्थर फेंके और जैसे ही पीड़ित बाहर निकला, अभय सिंह ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली सिर के पास से गुजर गई, जिससे पीड़ित बाल-बाल बच गया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वह देवखरी अंडरपास के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि अभय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।


 तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपकर रह रहा था। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी यश पांडेय उर्फ आदित्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है।

 

आजमगढ़ फूलपुर धुएं के विवाद में बर्तन कारखाने पर हमला, मालिक समेत 4 गंभीर घायल दोनों पक्षों ने लगाए एक दूसरे पर आरोप, 5 नामजद सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ दी तहरीर


 आजमगढ़ फूलपुर धुएं के विवाद में बर्तन कारखाने पर हमला, मालिक समेत 4 गंभीर घायल


दोनों पक्षों ने लगाए एक दूसरे पर आरोप, 5 नामजद सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ दी तहरीर


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के उद्पुर ग्राम पंचायत में शुक्रवार शाम धुएं को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों द्वारा एक बर्तन कारखाने और कोल्ड स्टोरेज पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में कारखाने के मालिक कैलाशनाथ रूंगटा सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, कारखाने की चिमनी से निकल रहे प्रदूषित धुएं को लेकर पीछे रहने वाले मनोज यादव और उनके परिजनों से कहासुनी हो गई।


 विवाद बढ़ने पर आरोप है कि मनोज यादव अपने 10-15 साथियों के साथ कारखाने पर पहुंच गए और हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के मुताबिक, हमलावर लाठी-डंडा, ईंट और लोहे की रॉड से लैस थे। उन्होंने कारखाने में घुसकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर मालिक कैलाशनाथ रूंगटा व कर्मचारियों पंकज, मोहन और कमलेश को बुरी तरह पीट दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों ने कारखाने परिसर में खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की और शीशे तोड़ दिए। घटना के दौरान पुलिस को सूचना देने की कोशिश करने पर हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने थाना फूलपुर में 5 नामजद सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 वहीं, दूसरे पक्ष के मनोज यादव का कहना है कि एल्युमिनियम फैक्ट्री में पहले चिमनी नहीं थी, जिसकी शिकायत की गई थी। बाद में चिमनी बनवाई गई, लेकिन उससे निकलने वाले प्रदूषित धुएं से पूरा मोहल्ला परेशान है। उनका आरोप है कि इसी वजह से फैक्ट्री मालिक ने उनके और उनके बच्चों के नाम मुकदमा दर्ज करवा दिया है।