Sunday, 31 May 2026

आजमगढ़ जीयनपुर फर्जी जमानत गिरोह का सक्रिय सदस्य मैकू यादव गिरफ्तार, कूटरचित दस्तावेजों से कराता था अभियुक्तों की जमानत हत्या, लूट, डकैती समेत गंभीर मामलों के आरोपियों को दिलाता था राहत, आरोपी पर दर्ज हैं 25 मुकदमे


 आजमगढ़ जीयनपुर फर्जी जमानत गिरोह का सक्रिय सदस्य मैकू यादव गिरफ्तार, कूटरचित दस्तावेजों से कराता था अभियुक्तों की जमानत



हत्या, लूट, डकैती समेत गंभीर मामलों के आरोपियों को दिलाता था राहत, आरोपी पर दर्ज हैं 25 मुकदमे


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में फर्जी जमानत प्रकरण में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को जीयनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कूटरचित अभिलेखों के माध्यम से गंभीर अपराधों में बंद अभियुक्तों की जमानत कराने वाले संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है। मामले में 30 मई 2026 को कचहरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश कश्यप ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि कुछ तथाकथित वकील एवं जमानतदार आर्थिक लाभ के लिए हत्या, डकैती, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट तथा अवैध शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध अभियुक्तों की फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत करा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि एक ही जमानतदार द्वारा समान दस्तावेजों का प्रयोग कर कई अभियुक्तों की जमानत कराई गई, जिससे एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि हुई। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 267/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।


 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त रामचन्द्र यादव उर्फ मैकू यादव उर्फ सत्यम यादव निवासी भरौली थाना जीयनपुर को गोरखपुर जिला कारागार के समीप से गिरफ्तार कर लिया। 


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध आजमगढ़, मऊ, जौनपुर और वाराणसी सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम और धोखाधड़ी से संबंधित कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फर्जी जमानत गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने और अपराधियों को अनुचित लाभ पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रयागराज महिला दरोगा का आरोप, ससुर ने किया मेरा रेप थाने में 2 घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन, केस दर्ज, विभागीय जांच भी शुरू


 प्रयागराज महिला दरोगा का आरोप, ससुर ने किया मेरा रेप



थाने में 2 घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन, केस दर्ज, विभागीय जांच भी शुरू


उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में तैनात एक महिला दरोगा ने अपने रिटायर्ड दरोगा ससुर पर दुष्कर्म और प्रॉपर्टी डीलर पति पर फायरिंग का गंभीर आरोप लगाते हुए पारा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने अन्य ससुरालीजनों पर भी उत्पीड़न और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई न होने से नाराज महिला दरोगा ने किसान यूनियन के नेताओं और परिजनों के साथ थाने में करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।


 पीड़िता के अनुसार उसने करीब एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद उसका चयन पुलिस विभाग में दरोगा पद पर हो गया। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। पति से शिकायत करने के बावजूद उसे कोई सहयोग नहीं मिला। महिला का आरोप है कि नौकरी करने को लेकर भी उसे अपमानित किया जाता था। इसी दौरान उसके रिटायर्ड दरोगा ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे चूहे मारने की दवा खिलाकर जान से मारने की कोशिश की गई और कमरे में बंद कर दिया गया। किसी तरह उसने अपने पिता को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब उसके पिता शिकायत लेकर ससुराल पहुंचे तो पति और ससुर ने उन पर हमला कर असलहा तानकर भगा दिया। महिला का कहना है कि चार दिन पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को महिला दरोगा अपने परिजनों और किसान यूनियन कार्यकर्ताओं के साथ पारा थाने पहुंची और धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेसुध हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पारा थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है और दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, थाने में प्रदर्शन करने के मामले में महिला दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। प्रयागराज पुलिस के अधिकारी पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं।