Friday, 11 September 2026

आजमगढ़ बिलरियागंज दरोगा पर दबंगई का आरोप, वीडियो वायरल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का अधिकारियों ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश

आजमगढ़ बिलरियागंज दरोगा पर दबंगई का आरोप, वीडियो वायरल



सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का अधिकारियों ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाने में तैनात दरोगा संतोष सिंह यादव पर दबंगई और गुंडई करने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। शुक्रवार दोपहर वायरल हुआ यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। वीडियो में एक व्यक्ति खुद को भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह की टीम का जिला मंत्री बताते हुए दरोगा पर गंभीर आरोप लगाता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में संबंधित व्यक्ति बार-बार दरोगा संतोष सिंह यादव पर गुंडई करने का आरोप लगाते हुए अपनी बात रख रहा है।


 बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी से एक कार में धक्का लगने के बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके बाद दरोगा पर कथित तौर पर आक्रोशित होने का आरोप लगाया गया। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है और इसे किसने बनाया है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा दरोगा पर लगाए जा रहे आरोपों के आधार पर ही मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

 

आजमगढ़ स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण में 11 कर्मचारी मिले अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश पीएचसी जिगनी में 8 और सीएचसी मेंहनगर में 3 कर्मचारी गैरहाजिर मिले, मांगा स्पष्टीकरण करीब 2 माह से अनुपस्थित एलटी को नोटिस भेजकर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश


 आजमगढ़ स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण में 11 कर्मचारी मिले अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश


पीएचसी जिगनी में 8 और सीएचसी मेंहनगर में 3 कर्मचारी गैरहाजिर मिले, मांगा स्पष्टीकरण



करीब 2 माह से अनुपस्थित एलटी को नोटिस भेजकर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने बृहस्पतिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिगनी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 11 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया।


 पीएचसी जिगनी के निरीक्षण के दौरान डॉ. अबरार अहमद उपस्थित मिले। वहीं वार्ड ब्वाय राम सिंह, डार्क रूम असिस्टेंट सुरेंद्र विशारद, एलटी मृत्युंजय पांडेय, स्टाफ नर्स माग्रेट, डेंटल हाईजीनिस्ट अमित सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुरजीत सिंह, डेंटल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार और चिकित्साधिकारी डॉ. अमित सिंह अनुपस्थित पाए गए। सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। एलटी मृत्युंजय पांडेय के करीब दो माह से लगातार अनुपस्थित रहने को सीएमओ ने गंभीरता से लिया। उन्होंने अधीक्षक को एलटी के स्थायी पते पर तत्काल नोटिस भेजने और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 


इसके बाद सीएमओ ने सीएचसी मेंहनगर का निरीक्षण किया। यहां महिला चिकित्साधिकारी डॉ. श्रेया सिंह छह दिन से, चिकित्साधिकारी डॉ. सरफराज अहमद तीन दिन से और वरिष्ठ सहायक नरेश कुमार एक दिन से अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने तीनों का भी वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी, चिकित्सकीय परामर्श, मरीज पंजीकरण, जांच, दवा वितरण, आपातकालीन सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, वार्ड, रेफरल व्यवस्था, दवा स्टॉक और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने साफ-सफाई का भी जायजा लिया और मरीजों को सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।