Saturday, 4 April 2026

मऊ दबंगों का दुस्साहस, युवक की पिटाई के बाद कपड़े उतरवाकर गांव में घुमाया मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को तलाश रही पुलिस


 मऊ दबंगों का दुस्साहस, युवक की पिटाई के बाद कपड़े उतरवाकर गांव में घुमाया



मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को तलाश रही पुलिस



उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खुरहट बाजार में युवक के साथ मारपीट, अपहरण और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी कृष्णा बीते 27 मार्च 2026 को खुरहट बाजार में लगे मेले में गया था। इसी दौरान आगे चल रहे आनंद राय की बाइक के अचानक ब्रेक लगाने से कृष्णा की गाड़ी टकरा गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर आनंद राय ने सरेराह हेलमेट से कृष्णा पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। बताया गया कि अगले दिन कृष्णा अपने ससुराल धर्मसीपुर जा रहा था। आरोप है कि ससुराल पहुंचने से पहले नहर के पास कसारी गांव निवासी प्रशांत उर्फ नितेश राय, अंकित राय, आनंद राय, रितेश राय और अनुराग उपाध्याय ने उसे जबरन पकड़ लिया। आरोपियों ने उसका मुंह गमछे से बांधकर बाइक से गांव ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। 


पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया तथा कपड़े उतरवाकर गांव में घुमाया गया। जूते-चप्पल सिर पर रखवाकर बेल्ट से पिटाई करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। करीब दो घंटे बाद आरोपियों ने कृष्णा को तमसा नदी के पास छोड़ दिया, जहां से वह किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, कसारी गांव में पुलिस दबिश का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। 


इस संबंध में थानाध्यक्ष रानीपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

आजमगढ़ पवई 4 बच्चों के पिता ने की आत्महत्या पत्नी से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम, पुलिस ने शव को लिया कब्जे में

आजमगढ़ पवई 4 बच्चों के पिता ने की आत्महत्या



पत्नी से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम, पुलिस ने शव को लिया कब्जे में



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव में गुरुवार देर शाम पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद चार बच्चों के पिता का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। 


जानकारी के अनुसार बहाउद्दीनपुर गांव निवासी 40 वर्षीय रामनरायन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार को भी वह रोज की तरह मजदूरी कर शाम को घर लौटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी पत्नी से कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। मृतक के भाई हौसिला ने बताया कि विवाद के बाद रामनरायन घर के अंदर चले गए। परिजनों ने सोचा कि कुछ देर में उनका गुस्सा शांत हो जाएगा और वह बाहर आ जाएंगे। लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद जब वह बाहर नहीं निकले तो परिजन उन्हें बुलाने के लिए कमरे में पहुंचे। कमरे के अंदर का दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए। रामनरायन टीनशेड में लगी बल्ली से रस्सी के सहारे फंदे से लटके हुए थे। आनन-फानन में शोर मचाया गया, जिसके बाद गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिवार में एक 10 वर्षीय विकलांग पुत्र और तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 12, 6 और 4 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।