Monday, 2 November 2026

आजमगढ़ पवई 5 लोगों को बैठाकर जा रही बाइक की दूसरी बाइक से भिड़ंत, मासूम की मौत शादी समारोह में शामिल होने आया था 10 वर्षीय आदर्श, हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कई लोग घायल


 आजमगढ़ पवई 5 लोगों को बैठाकर जा रही बाइक की दूसरी बाइक से भिड़ंत, मासूम की मौत


शादी समारोह में शामिल होने आया था 10 वर्षीय आदर्श, हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कई लोग घायल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के शाहमर्दानपुर गांव के पास सोमवार दोपहर पवई-कलान मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के समय एक बाइक पर पांच लोग सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक मौके से फरार हो गए। 


जानकारी के अनुसार, शाहमर्दानपुर गांव निवासी अशोक कुमार की पुत्री की शादी रविवार को थी। समारोह में शामिल होने के लिए उनके साढ़ू सूरज कुमार का परिवार भी आया था। इसी शादी में अशोक की बड़ी बेटी के ससुराल कटका, अंबेडकरनगर से मनोज निषाद भी पहुंचे थे। सोमवार दोपहर करीब एक बजे मनोज निषाद बाइक पर सूरज कुमार के 10 वर्षीय पुत्र आदर्श समेत पांच लोगों को बैठाकर पवई बाजार से शाहमर्दानपुर गांव की तरफ जा रहे थे। शीतला माता मंदिर से करीब 200 मीटर पश्चिम सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कटका गांव निवासी आदर्श को मृत घोषित कर दिया। आदर्श अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने आया था। 


बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर सवार युवक भी गिरकर घायल हो गए थे। स्थानीय लोग उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां मरहम-पट्टी कराने के बाद वे मौका पाकर फरार हो गए। चर्चा है कि दूसरी बाइक पर सवार युवक पढ़ाई करने वाले थे और कहीं से परीक्षा देकर लौट रहे थे। स्थानीय लोग कुछ युवकों को पहचानने की बात भी कह रहे हैं, लेकिन उनके बारे में खुलकर जानकारी देने से बच रहे हैं। 


मृतक के मामा सत्यजीत ने आरोप लगाया कि बाइक चला रहे मनोज निषाद शराब के नशे में थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष पवई ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गईं। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आजमगढ़ फूलपुर मानदेय के लिए भटक रहीं समूह सखियां जांच में मानदेय भुगतान नहीं होने की हुई पुष्टि, जिलाधिकारी से बकाया भुगतान और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

आजमगढ़ फूलपुर मानदेय के लिए भटक रहीं समूह सखियां


जांच में मानदेय भुगतान नहीं होने की हुई पुष्टि, जिलाधिकारी से बकाया भुगतान और दोषियों पर कार्रवाई की मांग


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर विकासखंड में समूह सखियों को मानदेय के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं होने, आवश्यक लॉगिन आईडी-पासवर्ड उपलब्ध नहीं कराने और मानदेय से संबंधित पत्रावलियों को लंबित रखने का मामला सामने आया है। पीड़ित समूह सखियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। खास बात यह है कि मामले की विभागीय जांच में भी कुछ समूह सखियों का मानदेय भुगतान नहीं किए जाने की पुष्टि हुई है।


शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, रेखा, नीलम, बविता मौर्या, सावित्री मौर्या, मिथिलेश और गुंजन को जून 2025 से फरवरी 2026 तक का मानदेय नहीं मिला है। वहीं, कुछ समूह सखियों को कार्य करने के लिए जरूरी लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया। आरोप है कि सावित्री मौर्या, मिथिलेश और नीलम की मानदेय संबंधी पत्रावलियां भी ब्लॉक मिशन प्रबंधक स्तर से जमा नहीं की गईं, जिससे भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।


समूह सखियों ने ब्लॉक मिशन प्रबंधक गोपाल गौतम और शिरीन फातिमा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जब वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय पहुंचीं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि गाली-गलौज करने के साथ ही पुलिस बुलाकर पिटवाने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि उनके पास बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।


इस मामले में खंड विकास अधिकारी के कार्यालय आदेश दिनांक 22 सितंबर 2026 के क्रम में 28 सितंबर 2026 को सहायक विकास अधिकारी (आरडी) ने जांच की थी। जांच आख्या के अनुसार, संबंधित समूह सखियों का मानदेय नवसृजित प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ कर्नरी में प्राप्त हुआ था, लेकिन आरोप है कि गोपाल गौतम द्वारा संबंधित समूह सखियों को इसका भुगतान नहीं किया गया। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भेज दी है।


समूह सखियों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, बकाया मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने, लॉगिन आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराने और लंबित पत्रावलियों का निस्तारण कराने की मांग की है। इसके साथ ही संबंधित ब्लॉक मिशन प्रबंधकों को हटाने तथा लगाए गए आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी फूलपुर फूलचंद सरोज ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

 

आजमगढ़ गंभीरपुर घर में सोते समय अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मचा कोहराम पत्नी ने जेठानी से पुराने विवाद का हवाला देकर जताई साजिश की आशंका


 आजमगढ़ गंभीरपुर घर में सोते समय अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मचा कोहराम


पत्नी ने जेठानी से पुराने विवाद का हवाला देकर जताई साजिश की आशंका



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्राबाजार में घर के अंदर सो रहे करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद चिकित्सक को बुलाया गया। जांच के दौरान चिकित्सक ने उन्हें बेहोशी की हालत में बताते हुए दूसरे डॉक्टर से दिखाने की सलाह दी। हालांकि, उपचार के लिए कहीं और ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान प्रकाश उर्फ बबलू मोदीवाल पुत्र मन्ना मोदीवाल के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में से एक थे। बताया जाता है कि उनके दो भाइयों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। 


परिजनों के अनुसार, प्रकाश अक्सर शराब का सेवन करते थे। उनकी पत्नी रूबी मोदीवाल ने बताया कि 31 अक्टूबर 2026 की शाम प्रकाश शराब पीकर घर आए थे और रात में सो गए। सुबह जब उन्होंने और बच्चों ने उन्हें जगाने की कोशिश की तो वह नहीं उठे। इसके बाद स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर उनकी जांच कराई गई। चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए किसी अन्य डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी।


 पत्नी के अनुसार, आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वह छोटे बच्चों के साथ उन्हें दूसरे चिकित्सक के पास नहीं ले जा सकीं। बाद में रात करीब तीन बजे प्रकाश की मौत हो गई। मृतक की पत्नी रूबी ने तीन दिन पहले अपनी जेठानी सुनीता मोदीवाल से हुए विवाद का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि जेठानी ने झगड़े के दौरान उन्हें घर से बाहर निकालने की धमकी दी थी। इसी विवाद को आधार बनाकर उन्होंने पति की मौत के पीछे साजिश की आशंका जताई है। फिलहाल प्रकाश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।