Tuesday, 11 August 2026

आजमगढ़ गम्भीरपुर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, गैंगस्टर समेत 12 मुकदमों का आरोपी घायल दाहिने पैर में लगी गोली, तमंचा, कारतूस, चाकू, चापड़ और एक बछड़ा बरामद अंधेरे का फायदा उठाकर एक बदमाश फरार, तलाश में पुलिस की दबिश जारी


 आजमगढ़ गम्भीरपुर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, गैंगस्टर समेत 12 मुकदमों का आरोपी घायल


दाहिने पैर में लगी गोली, तमंचा, कारतूस, चाकू, चापड़ और एक बछड़ा बरामद


अंधेरे का फायदा उठाकर एक बदमाश फरार, तलाश में पुलिस की दबिश जारी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में करीब एक दर्जन मुकदमों में वांछित आरोपी विशाल यादव गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। 


पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 को गोकशी की सूचना मिलने पर गम्भीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस टीम का बदमाशों से सामना हो गया और मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस की कार्रवाई में किशनपुर काशीनाथ निवासी करीब 25 वर्षीय विशाल यादव पुत्र अनिल यादव के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, चापड़ और एक बछड़ा बरामद करने का दावा किया है।


 पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विशाल यादव के खिलाफ विभिन्न जनपदों में गैंगस्टर एक्ट, गोकशी और सामूहिक दुष्कर्म सहित करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लखनऊ महिला सिपाही की प्रताड़ना से परेशान होकर सिपाही ने की आत्महत्या सिपाही के पिता ने लगाया गंभीर आरोप, पुलिस CDR और साक्ष्यों के आधार पर करेगी जांच


 लखनऊ महिला सिपाही की प्रताड़ना से परेशान होकर सिपाही ने की आत्महत्या



सिपाही के पिता ने लगाया गंभीर आरोप, पुलिस CDR और साक्ष्यों के आधार पर करेगी जांच


उत्तर प्रदेश लखनऊ, गोमतीनगर थाने में तैनात बिजनौर जिले के चांदपुर निवासी सिपाही आकाश यादव (26) की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक सिपाही के पिता अनिल यादव ने थाने में तैनात एक महिला सिपाही पर बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर सोमवार को गोमतीनगर पुलिस ने आरोपी महिला सिपाही के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 पिता अनिल यादव के मुताबिक, आरोपी महिला सिपाही उनके बेटे को काफी समय से मानसिक रूप से परेशान कर रही थी। इसके चलते आकाश तनाव में रहता था, लेकिन उसने परिवार के किसी सदस्य से इसकी जानकारी साझा नहीं की। शनिवार को उसकी मां सुनीता देवी से वीडियो कॉल पर बातचीत भी हुई थी। उस दौरान परिवार को ऐसा कोई संकेत नहीं मिला, जिससे उन्हें अंदाजा हो कि आकाश इतना बड़ा कदम उठा सकता है।


 अनिल यादव ने बताया कि वह बेटे की शादी के लिए रिश्ता भी तलाश रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही उसकी शादी होगी, लेकिन उन्हें क्या पता था कि बेटा इस तरह दुनिया छोड़ देगा। मृतक के पिता का आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने गोमतीनगर थाने में आरोपी महिला सिपाही के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की मांग की, तो पुलिस ने पहले अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का दबाव बनाया। उनका कहना है कि आरोपी महिला सिपाही उसी थाने में तैनात होने के कारण पुलिस नामजद मुकदमा दर्ज करने से बच रही थी। हालांकि, परिवार के विरोध के बाद पुलिस ने महिला सिपाही को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की। गोमतीनगर थाने के इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सिपाही के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी। आरोपी महिला सिपाही से भी पूछताछ की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।