Thursday, 6 August 2026

आजमगढ़ सरायमीर दर्दनाक सड़क हादसा, महिला की मौत पति बाल बाल बचा मजलिस से लौटते समय पवई लाडपुर मंदिर के पास हुआ हादसा


 आजमगढ़ सरायमीर दर्दनाक सड़क हादसा, महिला की मौत पति बाल बाल बचा 



मजलिस से लौटते समय पवई लाडपुर मंदिर के पास हुआ हादसा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे सरायमीर थाना क्षेत्र के पवई लाडपुर मंदिर के पास बुधवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। 


जानकारी के अनुसार, सरायमीर थाना क्षेत्र के पुरन्दरपुर रोजा मोहल्ला निवासी 48 वर्षीय अज्जन हुसैन अपनी 45 वर्षीय पत्नी किशवर बानो के साथ मेहनगर थाना क्षेत्र के शाह देवइत गांव में आयोजित एक मजलिस में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से वापस लौटते समय पवई लाडपुर मंदिर के पास पीछे से आ रहे ट्रक की साइड उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर लगने से किशवर बानो सड़क पर गिर गईं और ट्रक के पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति अज्जन हुसैन बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही सरायमीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बलिया बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर रसड़ा से लगातार तीन बार बने विधायक, जनसेवा और सामूहिक विवाह आयोजनों से बनाई थी अलग पहचान


 बलिया बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर


रसड़ा से लगातार तीन बार बने विधायक, जनसेवा और सामूहिक विवाह आयोजनों से बनाई थी अलग पहचान



उत्तर प्रदेश लखनऊ/बलिया, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ नेता एवं बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह का दिल्ली में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश विधानसभा, बलिया जनपद और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। उमाशंकर सिंह वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा के इकलौते विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे थे और बाद में उन्हें बसपा विधायक दल का नेता भी बनाया गया था। 


उमाशंकर सिंह ने पहली बार वर्ष 2012 में सामान्य घोषित हुई रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी के रूप में शानदार जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने 2017 और 2022 में भी लगातार जीत हासिल कर क्षेत्र में अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ कायम रखी। एक समय दो लाभ के पद के मामले में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हुई थी, लेकिन बाद में उनकी सदस्यता बहाल हो गई थी। राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी उमाशंकर सिंह की अलग पहचान थी। उन्होंने पहले 251 और बाद में 351 जरूरतमंद जोड़ों का सामूहिक विवाह कराकर पूरे प्रदेश में चर्चा बटोरी। शिक्षा, सामाजिक सहायता और जनकल्याण के कार्यों के कारण उन्हें क्षेत्र में एक जनप्रिय नेता के रूप में जाना जाता था। उनके निधन पर राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उमाशंकर सिंह का निधन सामाजिक और राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।


 उमाशंकर सिंह का जन्म 2 जनवरी 1971 को बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र के खनवर गांव में हुआ था। उनके पिता घुराहु सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी थे। अपने सरल स्वभाव, संगठन के प्रति निष्ठा और जनसेवा के कारण उमाशंकर सिंह ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अलग पहचान बनाई। उनके निधन से बसपा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक जगत ने एक सक्रिय जननेता को खो दिया।