Monday, 4 May 2026

आजमगढ़ मॉडिफाइड साइलेन्सर व प्रेशर हॉर्न पर पुलिस का शिकंजा, 32 चालान विशेष अभियान में ₹15,000 जुर्माना, 2 वाहन सीज, 4 दुकानदारों को नोटिस


 आजमगढ़ मॉडिफाइड साइलेन्सर व प्रेशर हॉर्न पर पुलिस का शिकंजा, 32 चालान


विशेष अभियान में ₹15,000 जुर्माना, 2 वाहन सीज, 4 दुकानदारों को नोटिस



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने जनपद में सख्त रुख अपनाते हुए मॉडिफाइड साइलेन्सर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। यह अभियान 2 मई से 3 मई 2026 तक चलाया गया, जिसमें जिले के सभी थानों और यातायात पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। 


अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेन्सर के 20 मामलों में ₹10,000 तथा प्रेशर हॉर्न के 12 मामलों में ₹5,000 का शमन शुल्क वसूला गया। इस तरह कुल 32 चालान कर ₹15,000 का जुर्माना लगाया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले 2 वाहनों को सीज भी किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस ने अवैध रूप से साइलेन्सर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन की बिक्री करने वाले 4 दुकानदारों को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहनों में अवैध उपकरणों का प्रयोग न करें, जिससे दुर्घटनाओं और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके।

आजमगढ़ फूलपुर मामूली विवाद में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर 2 नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


 आजमगढ़ फूलपुर मामूली विवाद में युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर


2 नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरहा गांव में सोमवार सुबह मामूली विवाद के दौरान दबंगों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोबरहा निवासी धर्मेंद्र (28) पुत्र राजेश सुबह करीब आठ बजे निर्माणाधीन भवन की देखरेख के लिए जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही गूंगे और सत्यम नामक युवकों ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने धर्मेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को देख आरोपी फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायल अवस्था में पड़े धर्मेंद्र को तत्काल उनके परिजनों को सूचना देकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल के पिता राजेश पुत्र गरीब ने कोतवाली फूलपुर में दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है।


 इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक फूलपुर देवेंद्र प्रताप ने बताया कि मामला संज्ञान में है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अंबेडकरनगर जलालपुर, भीषण सड़क हादसा, 2 बाइक की टक्कर के बाद कार ने मारी टक्कर, 8 की मौत 2 शवों की अब तक नहीं हो सकी पहचान


 अंबेडकरनगर जलालपुर, भीषण सड़क हादसा, 2 बाइक की टक्कर के बाद कार ने मारी टक्कर, 8 की मौत


2 शवों की अब तक नहीं हो सकी पहचान


उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास रात करीब 12 बजे हुई। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर जुटे ही थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने वहां खड़े लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में सम्मनपुर क्षेत्र के जैनापुर निवासी सगे भाई आदित्य (25) और दिव्यांश उर्फ छोटू (14) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भाई एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जलालपुर गए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। हादसे के बाद उनके पिता मायाराम का रो-रोकर बुरा हाल है।


 अन्य मृतकों में पट्टी मुइथन निवासी लालचंद्र (24), सेमरा कटका निवासी उत्तम, लोरपुर ताजन निवासी कैफी (32), सिकंदरपुर निवासी राजू गुप्ता (32) शामिल हैं। इसके अलावा दो अन्य शवों की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि अज्ञात शवों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।