अंबेडकरनगर जलालपुर, भीषण सड़क हादसा, 2 बाइक की टक्कर के बाद कार ने मारी टक्कर, 8 की मौत
2 शवों की अब तक नहीं हो सकी पहचान
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास रात करीब 12 बजे हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर जुटे ही थे कि इसी दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने वहां खड़े लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में सम्मनपुर क्षेत्र के जैनापुर निवासी सगे भाई आदित्य (25) और दिव्यांश उर्फ छोटू (14) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भाई एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जलालपुर गए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। हादसे के बाद उनके पिता मायाराम का रो-रोकर बुरा हाल है।
अन्य मृतकों में पट्टी मुइथन निवासी लालचंद्र (24), सेमरा कटका निवासी उत्तम, लोरपुर ताजन निवासी कैफी (32), सिकंदरपुर निवासी राजू गुप्ता (32) शामिल हैं। इसके अलावा दो अन्य शवों की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि अज्ञात शवों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment