Wednesday, 28 October 2026

आजमगढ़ गंभीरपुर युवक की गला रेतकर हत्या, नट बस्ती के पास मिला शव पाव रोटी बेचकर गुजर-बसर करता था मृतक, रातभर तलाश करते रहे परिजन सीओ सदर और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच


 आजमगढ़ गंभीरपुर युवक की गला रेतकर हत्या, नट बस्ती के पास मिला शव


पाव रोटी बेचकर गुजर-बसर करता था मृतक, रातभर तलाश करते रहे परिजन


सीओ सदर और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक का गला रेता हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गौरी ग्राम पंचायत निवासी शाहरुख खान (30) पुत्र मुस्तफा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शाहरुख बोलने में असमर्थ था और पाव रोटी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक की हत्या किसने और क्यों की, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहरुख खान मंगलवार शाम को घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने मंगलवार रात करीब 12 बजे डायल 112 और गंभीरपुर पुलिस को भी इसकी सूचना दी। वहीं, सोशल मीडिया के माध्यम से भी ग्रामीणों और परिचितों ने उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन रातभर उसका पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह तलाश के दौरान ग्रामीणों को गौरी गांव में नट बस्ती के बगल से गुजरने वाली बाहा में शाहरुख का शव पड़ा दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मौके पर सीओ सदर आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर और मेंहनगर के उपजिलाधिकारी अशोक कुमार भी पहुंचे। फॉरेंसिक जांच टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। 


बताया गया कि शाहरुख तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसकी हत्या की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।