Thursday 27 April 2023

आजमगढ़ मेहनगर मार्ग दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर मेंहनगर के खरिहानी बाजार के पास अज्ञात वाहन ने लिया चपेट में


 आजमगढ़ मेहनगर मार्ग दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर


मेंहनगर के खरिहानी बाजार के पास अज्ञात वाहन ने लिया चपेट में


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मेंहनगर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही एक युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल का इलाज चल रहा है।


मेंहनगर के सुल्तानीपुर निवासी सभाजीत दुबे (36) बुधवार शाम अपने मित्र राजेंद्र पासवान (42) के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। दोनों मेंहनगर के खरिहानी बाजार के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सभाजीत और राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही सभाजीत ने दम तोड़ दिया। राजेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


 सभाजीत दो पुत्रों का पिता था। वह वाहन चलाकर के परिवार का भरण पोषण करता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।

आजमगढ़ जेल में छापा डीएम-एसपी की कार्रवाई से मचा हड़कंप बैरकों की ली गई तलाशी


 आजमगढ़ जेल में छापा डीएम-एसपी की कार्रवाई से मचा हड़कंप


बैरकों की ली गई तलाशी


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिला कारागार का गुरुवार को जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज और एसपी अनुराग आर्य ने औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के कारागार पर पहुंचते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पूरी टीम के साथ पहुंचे अधिकारियों ने एक-एक बैरकों की जांच की। इसके साथ ही बंदियों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं का भी हाल लिया।


डीएम-एसपी का काफिला गुरुवार सुबह साढ़े 11 बजे जिला कारागार इटौरा पहुंचा। अधिकारियों के पहुंचते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन व्यवस्था को दुरुस्त कराने की कवायद की जाने लगी। फोर्स व मातहतों के साथ पहुंचे डीएम-एसपी ने बैरकों की तलाशी कराने के साथ ही अन्य सभी व्यवस्था का भी जायजा लिया। बंदियों से मिल कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया। इसके साथ ही भोजनालय में पहुंच कर अधिकारियों ने बनने वाले भोजन की गुणवत्ता को देखा। जब तक टीम जेल पर रहीं तब तक जेल का प्रशासनिक अमला हरकत में नजर आया।


 अधिकारियों के निरीक्षण कर वापस लौटने पर जेल प्रशासन ने राहत की सांस लिया। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बताया कि आगामी निकाय चुनाव को देखते हुए जेल का औचक निरीक्षण किया गया। यहां सब कुछ सामान्य मिला। थोड़ी बहुत जो कमियां देखने को मिली उसे दुरुस्त करने का निर्देश जेल प्रशासन को दिया गया है। निरीक्षण के दौरान एएसपी सिटी शैलेंद्र लाल समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।