Thursday, 22 January 2026

मुरादाबाद प्रेम संबंध के चलते युवक-युवती की पीट-पीटकर हत्या शव बोरी में भरकर नदी किनारे दबाए, 3 भाई नामजद, गांव में तनाव, पुलिस-पीएसी तैनात


 मुरादाबाद प्रेम संबंध के चलते युवक-युवती की पीट-पीटकर हत्या


शव बोरी में भरकर नदी किनारे दबाए, 3 भाई नामजद, गांव में तनाव, पुलिस-पीएसी तैनात



उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर गांव में प्रेम संबंध के चलते युवक और युवती की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे और बीते दो वर्षों से प्रेम संबंध में थे। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और एहतियातन भारी पुलिस बल व पीएसी तैनात कर दी गई है।


एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह के अनुसार, पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर निवासी मो. हनीफ का 27 वर्षीय बेटा अरमान गांव के ही गनपत सैनी की 20 वर्षीय बेटी काजल से प्रेम करता था। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे अरमान अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा। इसी दौरान काजल के तीन भाइयों, माता और पिता ने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की गई और सिर पर फावड़ा मारकर दोनों की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को बोरी में बंद किया और करीब दो किलोमीटर दूर बाबा नीम करौली मंदिर के पास गागन नदी किनारे गड्ढा खोदकर दबा दिया। रात करीब 12 बजे दोनों की पिटाई के दौरान चीख-पुकार भी सुनी गई, लेकिन ठंड और गलतफहमी के चलते ग्रामीण बाहर नहीं निकले।


 घटना का खुलासा तब हुआ जब अरमान के पिता मो. हनीफ ने बेटे की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी और पड़ोसी परिवार पर शक जताया। पुलिस ने जांच शुरू कर युवती के पिता व भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने दोनों शव बरामद कर लिए हैं और हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त किया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की। पहले युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई गई और शक अरमान व उसके परिवार पर डाला गया, ताकि जांच की दिशा भटकाई जा सके। बाद में जब सख्ती से पूछताछ की गई तो पूरा मामला सामने आ गया। मो. हनीफ की तहरीर पर युवती के तीन भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव की मिश्रित आबादी को देखते हुए पाकबड़ा के साथ-साथ सिविल लाइंस, मझोला और मुंढापांडे थाना क्षेत्र से भी पुलिस बल बुलाया गया है। गांव की गलियों में लगातार गश्त की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

आजमगढ़ 2 थाना प्रभारियों का तबादला, एक उपनिरीक्षक लाइन हाजिर


 आजमगढ़ 2 थाना प्रभारियों का तबादला, एक उपनिरीक्षक लाइन हाजिर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा0 अनिल कुमार ने जनपद पुलिस में तैनात निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। 


जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक जय प्रकाश जो अब तक प्रभारी विशेष चोरी अनावरण टीम के रूप में कार्यरत थे, उन्हें प्रभारी निरीक्षक दीदारगंज के पद पर तैनात किया गया है। वहीं निरीक्षक राकेश कुमार सिंह जो अब तक प्रभारी निरीक्षक दीदारगंज के पद पर कार्यरत थे, उनका स्थानांतरण कर उन्हें प्रभारी निरीक्षक पवई बनाया गया है।


 इसी क्रम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार मिश्र, जो थानाध्यक्ष पवई के पद पर तैनात थे, उनका स्थानांतरण कर पुलिस लाइन भेजा गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करें।