Wednesday 29 May 2024

प्रयागराज कचहरी में गश खाकर गिरे दरोगा की हुई मौत हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका

प्रयागराज कचहरी में गश खाकर गिरे दरोगा की हुई मौत


हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका





उत्तर प्रदेश प्रयागराज कचहरी में ड्यूटी पर आए दरोगा रणकेंद्र सिंह (56) की मौत हो गई। वह धूमनगंज थाने में तैनात थे। बुधवार को वह ड्यूटी पर कचहरी आए थे। यहां अचानक गश खाकर गिर गए। आनन-फानन उन्हें बेली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मूलरूप से झांसी के उल्दन थाना क्षेत्र के उल्दन गांव के रहने वाले रणकेंद्र सिंह 1987 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। कुछ समय पहले उनका प्रमोशन उप निरीक्षक पद पर हो गया था। वह 19 जनवरी 2023 से धूमनगंज थाने में तैनात थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी न्यायालय सुरक्षा में चल रही थी। बुधवार को थाने से कचहरी में ड्यूटी पर पहुंचे दरोगा सुबह करीब नौ बजे अचानक गश खाकर गिर गए। आनन-फानन उन्हें बेली अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह झूंसी में परिवार के साथ रहते थे।


 घटना की सूचना पाकर परिवार के लोग पहुंच गए। हीट स्ट्रोक से उनकी मौत होने की आशंका जाहिर की जा रही है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही चल सकेगा।

 

मथुरा दबंग ने पकड़ा दरोगा का गिरेबान, वर्दी फाड़ी विवाद की सूचना पर पहुंची थी पुलिस


 मथुरा दबंग ने पकड़ा दरोगा का गिरेबान, वर्दी फाड़ी


विवाद की सूचना पर पहुंची थी पुलिस



 उत्तर प्रदेश के मथुरा में मंगलवार देर रात दो पक्षों में गाड़ी टकराने को लेकर विवाद हो गया। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस को रोक-टोक करना भारी पड़ गया। एक युवक ने दरोगा का गिरेबान पकड़ लिया। वर्दी फाड़ दी। दरोगा के साथ हाथापाई भी की। दरोगा के साथ महज एक सिपाही था। हालांकि दरोगा और सिपाही ने हिम्मत नहीं हारी। वह आरोपी को दबोचे रहे। थाने से फोर्स आने पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया। इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


 दरोगा के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला हाईवे थाना क्षेत्र के बालाजीपुरम का है। थाना हाईवे इलाके के बालाजीपुरम चौराहे का वाकया है। रात 11 बजे के करीब यहां झगड़े की सूचना पर एक दरोगा और सिपाही पहुंचा थे। मौके पर जाकर देखा तो बालाजीपुरम के पार्षद दिनेश की स्कूटी में नीरज की गाड़ी ने टक्कर मार दी। इसके बाद जमकर हंगामा हो गया। दोनों पक्षों में पुरानी राजनीतिक अदावत चली आ रही है। इसके बाद जमकर पथराव हुआ। पुलिस जैसे ही मौके पर पहुंची। एक युवक दरोगा से भिड़ गया। उसने दारोगा की कॉलर पकड़ ली और हाथापाई करने लगा।


 सिपाही उक्त युवक को घसीटकर गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने लगा। काफी देर तक हुज्जत चलती रही। मौके पर देर रात को ही एसपी सिटी डा. अरविंद कुमार सहित कई थानों की फोर्स पहुंच गई। मौके पर शांति व्यवस्था बहाल की गई। चार लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने अपनी ओर से चार लोगों पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

रामपुर महिला सिपाही ने थानेदार की आंखों में झोंका मिर्ची पाउडर, फिर लाठी से की धुनाई महिला सिपाही ने पैर दबवाने के लिए परेशान करने सहित लगाये अन्य गंभीर आरोप


 रामपुर महिला सिपाही ने थानेदार की आंखों में झोंका मिर्ची पाउडर, फिर लाठी से की धुनाई


महिला सिपाही ने पैर दबवाने के लिए परेशान करने सहित लगाये अन्य गंभीर आरोप



उत्तर प्रदेश रामपुर दो महिला पुलिस की आपस में लड़ाई के मामले में नया मोड़ आ गया। सूत्रों के हवाले से आ रही खबरों के अनुसार रामपुर से ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां एक महिला सिपाही ने थानेदार यानी एसओ का ऐसा हाल कर दिया जिसे देख हर कोई हैरान है। साथी सिपाही से स्कूटी को लेकर हुए विवाद में खुद को प्रताड़ित महसूस कर रही खजुरिया थाने में तैनात महिला सिपाही ने थाना प्रभारी की आंख में मिर्ची पाउडर डाला। उसके बाद उन पर लाठी से हमला कर दिया। महिला सिपाही ने पैर दबवाने के लिए परेशान करने समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं।


 सूचना पर पहुंचे सीओ बिलासपुर ने मामले की जांच करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया। उधर, शुरुआती जांच के आधार पर एसपी राजेश द्विवेदी ने आरोपी सिपाही को निलंबित करके पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया है। महिला सिपाही आरजू काफी समय से खजुरिया थाने में तैनात हैं। यहां पर एक अन्य महिला सिपाही अमृता भी तैनात हैं। वह पांच दिन पहले आरजू की नई स्कूटी मांगकर ले गई थी। स्कूटी कहीं दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे नाराज आरजू ने नई स्कूटी लेकर देने को कहा। इसे लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरजू ने थानाध्यक्ष राजीव कुमार से शिकायत करते हुए अमृता के खिलाफ एफआईआर लिखने को तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने उसे समझाने की कोशिश की और रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया। आरोप है कि थाना प्रभारी ने सिपाही आरजू को धमकाया।


 इससे गुस्साई आरजू मंगलवार सवेरे लाल मिर्च की थैली और लाठी लेकर थाने पहुंची। उसने एक बार फिर एसओ से कार्रवाई की मांग की लेकिन जब थानाध्यक्ष ने कार्रवाई से इंकार किया तो आरजू ने उनकी आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया और उन पर लाठी से हमला भी कर दिया। उस समय एसओ राजीव जनसुनवाई कर रहे थे। आसपास भी लोग मौजूद थे। पूरी घटना थाने के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। महिला सिपाही ने एसओ को पीटने की बात को स्वीकार करते हुए डीजीपी को व्हाट्सएप पर मैसेज भी कर दिया और खुद के लिए जान का खतरा जताते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन पर पैर दबवाने समेत कई अन्य आरोप लगाए।


 उधर, खजुरिया थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि दोनों महिला सिपाहियों में स्कूटी के एक्सिडेंट को लेकर विवाद हुआ था। दोनों में मारपीट होने पर उन्होंने बीच बचाव करवाया। इसमें वह मामूली रूप से चोटिल हो गए। सीओ रवि खोखर ने कहा कि खजुरिया थाने में तैनात महिला सिपाही आरजू ने मंगलवार सुबह थाने पर आकर जनसुवाई कर रहे थाना प्रभारी राजीव कुमार के साथ में अभद्र व्यवहार किया। जिसके बाद महिला आरक्षी द्वारा की गई अभद्रता की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने महिला सिपाही को निलंबित करके उसे पुलिस लाइन में सम्बद्ध कर दिया है।

आगरा हॉस्पिटल के ऊपर हो रहा था खेला 5 युवतियों समेत 8 गिरफ्तार, व्हाट्सएप पर पसंद होती थीं लड़कियां


 आगरा हॉस्पिटल के ऊपर हो रहा था खेला



5 युवतियों समेत 8 गिरफ्तार, व्हाट्सएप पर पसंद होती थीं लड़कियां



उत्तर प्रदेश आगरा में पुलिस ने हाईटेक सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। बोदला-बिचपुरी मार्ग स्थित एक इमारत में नीचे हॉस्पिटल और दूसरी मंजिल पर देह व्यापार का अड्डा चल रहा था। मंगलवार की दोपहर जगदीशपुरा पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने दबिश दी। मौके से संचालिका सहित पांच युवतियां और तीन युवक पकड़े गए। आरोपियों में बिल्डिंग का मालिक भी शामिल है। पुलिस का दावा है कि उसे हर बात की जानकारी थी। मौके पर तलाश में शक्तिवर्धक दवाएं सहित कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं।


 एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि बोदला-बिचपुरी मार्ग पर अमर पैलेस नाम से दो मंजिला इमारत है। इमारत का मालिक बोदला निवासी अमर सिंह है। इमारत में नीचे मृत्युंजय हॉस्पिटल चलता है। दूसरी मंजिल पर मुस्कान नाम की महिला किराए पर रहती है। वह देह व्यापार का अड्डा चला रही थी। कई महिलाएं और युवतियां उसके संपर्क में थी। वह ग्राहकों को पहले व्हाट्स एप पर उनके फोटो भेजा करती थी। ग्राहक जिस युवती को पसंद करते थे वह उस युवती को अपने अड्डे पर बुला लेती थी। कमरों में अय्याशी कराई जाती थी। वहां शराब, बीयर, शक्तिवर्धक दवाएं, शक्तिवर्धक स्प्रे आदि सामान भी मुहैया कराए जाते थे। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही खलबली मच गई। दो ग्राहक मौके पर मौजूद थे। उन्हें महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। पुलिस ने अड्डा संचालिका से पूछा कि भवन स्वामी को इस बात की जानकारी है या नहीं। उसने कहा कि उनका कार्यालय तो इसी तल पर है। उन्हें सब पता है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने भवन स्वामी अमर सिंह को भी पकड़ लिया। एसीपी ने बताया कि पकड़ी गई सभी महिलाएं लोकल हैं।


 मौके से मनोज कुमार जैन और सतीश कुमार भी पकड़ा गया था। दोनों ग्राहक थे। पुलिस इस मामले में मुस्कान के पति की तलाश कर रही है। वह भी इस अवैध धंधे में शामिल है। पुलिस ने बताया कि अमर पैलेस में नीचे हॉस्पिटल है। ऊपर देह व्यापार का अड्डा चल रहा था। हॉस्पिटल के बाहर चहल-पहल रहती है। तीमारदार बाहर बैठे रहते हैं। उनके वाहन भी आते हैं। इसलिए कोई यह शक नहीं करता है कि यहां रोज नए-नए लोग आते हैं। आरोपित इसी बात का फायदा उठा रहे थे। ऊपर देह व्यापार का अड्डा चल रहा था। किसी अनजान के आने पर आस-पास वालों को शक नहीं होता था।