Thursday 14 December 2023

आजमगढ़ दीदारगंज क्रय किए गए धान की निकासी न होने से धान खरीद बाधित


 आजमगढ़ दीदारगंज क्रय किए गए धान की निकासी न होने से धान खरीद बाधित 



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ विकास खंड फूलपुर क्षेत्र के खरसहन कला दीदारगंज स्थित सरकारी धान क्रय केंद्र पर कई दिनों से किसानों का धान क्रय नहीं किया जा रहा है। किसानों द्वारा क्रय केंद्र का चक्कर लगाए जा रहे हैं। क्रय केंद्र पर ताला लटक रहा है। केंद्र में पहले से खरीद किए गए धान से समिति का गोदाम पूरी तरह से भरा पड़ा है। क्रय केंद्र द्वारा गोदामों में जगह नहीं होने के कारण बाहर भी धान खरीद कर तिरपाल से ढक कर रखा पड़ा है। क्रय केंद्र प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि पहले से खरीद कर रखे हुए धान की निकासी नही हो पाई रही है। निकासी के लिए उपर से ट्रक नहीं भेजा जा रहा है जिससे किसानों से धान खरीद में बाधा पहुच रही है। निकासी होते ही खरीद शुरू हो जाएगी। खंड विकास अधिकारी फूलपुर बिमला चौधरी ने बताया कि हम इसके लिए एडीओ कोआपरेटिव से बात करूगीं।


आज़मगढ़ दीदारगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट

आजमगढ़ मेंहनगर घर के सामने से दरोगा की बाइक चोरी पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी


 आजमगढ़ मेंहनगर घर के सामने से दरोगा की बाइक चोरी


पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी



आजमगढ़ मेंहनगर थाने में तैनात दरोगा की बाइक बुधवार की शाम चोरी हो गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उपनिरीक्षक एसपी सिंह कस्बे के संतकबीर नगर में किराए के मकान में रहते हैं। वे बुधवार की शाम कमरे में पहुंचे। बाइक बाहर खड़ी कर अंदर चले गए। कुछ देर बाद बाहर निकले तो बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद बाइक का कुछ पता नहीं चला। उप निरीक्षक ने घटना की सूचना थाने पर दी। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। देर शाम तक चोरी गई बाइक का पता नहीं चल सका।

गोरखपुर फर्जी अंकपत्र पर नौकरी कर रही अध्यापिका बर्खास्त एसटीएफ की जांच में हुआ था मामले का खुलासा


 गोरखपुर फर्जी अंकपत्र पर नौकरी कर रही अध्यापिका बर्खास्त


एसटीएफ की जांच में हुआ था मामले का खुलासा



उत्तर प्रदेश गोरखपुर बीएड के फर्जी अंक पत्र पर नौकरी करने के मामले में बड़हलगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सीधेगौर में कार्यरत अध्यापिका गरिमा को बीएसए ने बर्खास्त कर दिया। एसटीएफ लखनऊ की जांच के आधार पर शैक्षिक अभिलेखों के सत्यापन में खुलासा होने के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की है। इस मामले की जांच खंड शिक्षाधिकारी बड़हलगंज ने की थी। अध्यापिका को 15 नवंबर तक पक्ष रखने का अंतिम मौका दिया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुई। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उसे बर्खास्त कर दिया है।


बेसिक शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, देवरिया के सलेमपुर तहसील क्षेत्र निवासी अध्यापिका ने वर्ष 2003 में संपूर्णानंद संस्कृत विवि वाराणसी से अनुक्रमांक 988 से तैयार फर्जी अंकपत्र के जरिए सात अगस्त 2014 को नौकरी हासिल की थी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने एसटीएफ लखनऊ से प्राप्त जानकारी के बाद जांच के लिए अध्यापिका की समस्त पत्रावलियां मांगीं। जांच में अंक पत्र व प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया था।

आजमगढ़ साइबर थाना की बड़ी सफलता आनलाइन धोखाधड़ी के 24.54 लाख रूपये कराये वापस



 

आजमगढ़ साइबर थाना की बड़ी सफलता


आनलाइन धोखाधड़ी के 24.54 लाख रूपये कराये वापस



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के साइबर थाना पुलिस द्वारा एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आनलाइन धोखाधड़ी के शिकार पीड़ित 24.54 लाख रूपये उसके खाते में वापस करवा दिये। साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा मु0अ0सं0 45/2023 धारा 66 डी आईटी एक्ट की विवेचना की जा रही है जिसमे शिकायतकर्ता कमलेश्वर दुबे के लड़के द्वारा ऑनलाइन गैंबलिंग (सट्टेबाजी) के माध्यम से 24 लाख 54 हजार रूपये साइबर अपराधियों के विभिन्न बैंक खातो में जमा किये गए थे. मुकदमे का त्वरित निस्तारण एंव फ्रॉड हुए पैसे की रिकवरी हेतु अपर पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ, पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ एवं अनुराग आर्य पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा साइबर क्राइम थाना आजमगढ़ परिक्षेत्र को निर्देशित किया गया था।


जिसके क्रम में निरीक्षक विभा पाण्डेय एवं साइबर क्राइम थाना टीम द्वारा तकनीकी संसाधनों का प्रयोग करते हुए सर्विलांस एंव बैंक/मर्चेंट गेटवे के नोडल से संपर्क कर साइबर अपराधियों को ट्रेस करते हुए उनके बैंक खातों से शिकायतकर्ता कमलेश्वर दुबे के बैंक खाते में ऑनलाइन गैंबलिंग (सट्टेबाजी) में धोखाधड़ी हुए पुरे 24 लाख 54 हजार रूपये वापस कराया गया।

आजमगढ़ में गरजे सीएम योगी, कहा दिल्ली तक पहुंचना चाहिए नारा मंच से लाभार्थी महिला की बात सुन भौचक्के हुए अधिकारी, फूली सांस नाराज भाजपा नेताओं ने जमीन पर बैठकर जताया विरोध


 

आजमगढ़ में गरजे सीएम योगी, कहा दिल्ली तक पहुंचना चाहिए नारा

मंच से लाभार्थी महिला की बात सुन भौचक्के हुए अधिकारी, फूली सांस

नाराज भाजपा नेताओं ने जमीन पर बैठकर जताया विरोध


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को आजमगढ़ पहुंचे। आजमगढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विकसित भारत संकल्प यात्रा वैन का शुभारंभ किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबोधन के दौरान कहा, कभी आजमगढ़ के नाम से कांपती थी पूरी दुनिया ऐसा लगे नारा की दिल्ली तक आवाज पहुंचे। उक्त बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबोधन के दौरान उस समय कही जब उनके द्वारा लगाए गए नारे पर लोगों की धीमी आवाज रही। बता दें कि कार्यक्रम के दौरान एक लाभार्थी महिला द्वारा योजनाओं के लाभ के बारे में बताते समय यह बताया गया कि मुझे आवास नहीं दिया जा रहा है। इतना ही नहीं उसने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वे लाभार्थी श्रेणी से उसका नाम बार-बार काट दे रहे हैं। इतना सुनते ही मौके पर मौजूद अधिकारी भौचक्के हो गये। वहीं बैठने के लिए कुर्सी न मिल पाने के कारण वरिष्ठ भाजपा नेता इसका विरोध करते कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलकर जमीन पर बैठ गये।

उन्होंने कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि करीब दस वर्ष के अंदर देश में इतना परिवर्तन देखने को मिलेगा। आज पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बड़ा है। भारत संकल्प यात्रा के ऊपर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जिन लोगों को अभी तक नहीं मिल सका है, उन्हें उनका लाभ देने के लिए इस विकसित भारत यात्रा का आयोजन किया गया है। इसके लिए 536 वीडियो वाइन चल रही हैं। जो योजनाओं का लाभ पाने से वंचित लोगों का आवेदन कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाएंगे। किसी ने नहीं सोचा था की चार करोड लोगों के घर बनेंगे। जिसमें 55 लाख घर सिर्फ उत्तर प्रदेश में बने हैं। 50 करोड लोगों का आयुष्मान कार्ड पूरे देश में बनाया गया है। जिसमें सिर्फ उत्तर प्रदेश में 10 करोड लोगों को इसका लाभ मिला है। अन्य योजना के तहत देश में 80 करोड लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है। करोड़ों लोगों को प्रदेश में राशन मिला आजमगढ़ का भाग्योदय हुआ है कि भोजपुरी के एक अच्छे कलाकार को उन्होंने अपना सांसद चुना है तो जनपद में भी विकास दिखने लगा है।

उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्ष तक प्रदेश की जनता को मुफ्त राशन दिया जाएगा। कहा कि आजमगढ़ में कई विकास के कार्य किया जा रहे हैं जिसने कभी सोचा तक नहीं था। आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है, जिसका जनवरी 2024 में उद्घाटन किया जाएगा। कभी किसी ने नहीं सोचा था कि आजमगढ़ में संगीत महाविद्यालय बनेगा। कभी किसी ने नहीं सोचा था कि आजमगढ़ में एयरपोर्ट बनेगा लेकिन हमारी डबल इंजन की सरकार ने इसे कर दिखाया। सीएम ने कहा कि सबसे बड़ी जाति गरीब जाति है, उसे हर योजना का लाभ मिलना चाहिए। कहा कि आजमगढ़ में अब आतंक नहीं बल्कि सुंदर स्वर लहरिया गूंजेंगी।

अलीगढ़ दरोगा की पिस्टल से चली गोली से जख्मी महिला की मौत फरार दरोगा पर 20 हजार का इनाम घोषित, मुंशी गिरफ्तार


 अलीगढ़ दरोगा की पिस्टल से चली गोली से जख्मी महिला की मौत


फरार दरोगा पर 20 हजार का इनाम घोषित, मुंशी गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश अलीगढ़ महानगर के ऊपरकोट कोतवाली के मुंशियाने में 8 दिसंबर को गोली लगने से जख्मी हुई महिला इशरत निगार (55) की 13 दिसंबर की रात को मौत हो गई। मामले में दरोगा को लापरवाही भरे अंदाज में पिस्टल सौंपने वाले मुंशी सुदीप कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दरोगा की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये इनाम घोषित करने के बाद उसके पोस्टर सभी जिलों में डीसीआरबी के जरिये भिजवाए जा रहे हैं।


मिली जानकारी के मुताबिक इशरत निगार कोतवाली के तुर्कमान गेट चौकी क्षेत्र के हड्डी गोदाम इलाके के बुजुर्ग हार्डवेयर/ताला व्यापारी शकील खां की पत्नी थी और वह पासपोर्ट सत्यापन के सिलसिले में बेटे ईशान संग कोतवाली गई थीं। दोपहर करीब ढाई बजे के आसपास वे मुंशियाने में पहुंचकर वहां मौजूद मुंशी (कार्यालय पुलिसकर्मी) से बात कर रही थीं। तभी मुंशी ने वहां दरोगा मनोज शर्मा को मालखाने से उनकी सर्विस पिस्टल निकालकर दी। दरोगा ने वहीं खड़े-खड़े पिस्टल को चेक करते हुए फायर कर दिया।


उसे पिस्टल का चैंबर खाली होने का अंदेशा था, लेकिन गोली थी, जो सीधे दरवाजे की ओर खड़ी महिला इशरत निगार की कनपटी के पास गर्दन पर जा लगी। गोली लगते ही वह नीचे गिर गई। तभी से उनका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। मंगलवार को डॉक्टरों ने दो घंटे प्रयास कर उनके सिर का ऑपरेशन कर सफाई की थी। इशरत निगार पहले ही दिन से होश में नहीं आई और कोमा जैसी स्थिति में थी। बुधवार दोपहर से ही इशरत निगार की हालत बिगड़ने लगी और देर रात करीब दस बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जेएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो.एम.हारिस ने महिला की मौत की पुष्टि की है।