Friday 23 February 2024

बरेली दर्दनाक घटना, झोपड़ी में आग लगने से 4 बच्चियों की जलकर मौत लुकाछिपी खेल रही थीं चारों


 बरेली दर्दनाक घटना, झोपड़ी में आग लगने से 4 बच्चियों की जलकर मौत



लुकाछिपी खेल रही थीं चारों




उत्तर प्रदेश बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक घटना हुई है। थाना क्षेत्र के गांव नवादा बिलसंडी में शुक्रवार दोपहर को एक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे चार बच्चियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में दो सगी बहनें थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे। घटना के संबंध में परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी की। गांव नवादा बिलसंडी में रामदास का 60 वर्गगज का मकान है। उन्होंने छत पर झोपड़ी डाल रखी थी। मकान में रामदास, उनके तीन बेटे अर्जुन, अमिताभ व भीम के परिवार संयुक्त रूप से रहते हैं। छत पर एक हिस्से में पुआल रखा था। 


मिली जानकारी के अनुसार दोपहर के वक्त किसी तरह पुआल में आग लग गई। उस वक्त परिवार के लोग बाहर गए हुए थे। छत पर तीनों भाइयों की चार बच्चियां लुकाछिपी खेल रही थीं। आग से बचने के लिए चारो बच्चियां झोपड़ी में छिप गईं। जलते पुआल ने झोपड़ी को भी चपेट में ले लिया। चारों मासूम लपटों से घिर गईं। उनकी चीख सुनकर और लपटें देखकर परिजन और पड़ोसी दौड़े। उन्होंने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। प्रियांशी पुत्री भीम (5), मानवी पुत्री अमिताभ (3), नैना पुत्री अर्जुन (5) की जिंदा जलकर मौत हो गई। नीतू पुत्री अमिताभ (6) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शाम को उसने भी दम तोड़ दिया।


 डीएम और एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। जानकारी मिलते ही डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान भी फोर्स के साथ गांव पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से जानकारी की। डीएम ने कहा कि झोपड़ी में आग लगने से दर्दनाक घटना घटित हुई है। घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।

बरेली गर्भवती हुई तो चरित्र पर उठे सवाल, अब तकलीफ में है पूर्व विधायक की बेटी 4 साल पहले किया था प्रेम विवाह


 बरेली गर्भवती हुई तो चरित्र पर उठे सवाल, अब तकलीफ में है पूर्व विधायक की बेटी


4 साल पहले किया था प्रेम विवाह





उत्तर प्रदेश बरेली प्रेम विवाह करने वाली पूर्व विधायक की बेटी ने ससुराल वालों के खिलाफ छेड़खानी और दहेज एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला दर्ज होने के बाद इज्जतनगर थाने के विवेचक ने शुक्रवार दोपहर मौका मुआयना कर आरोपी पक्ष से भी बात की। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से वह ससुराल में रह रही हैं। शादी के बाद ससुर ने कहा कि विधायक की बेटी है, अभी तो विधायक नाराज हैं, लेकिन आगे चलकर संपत्ति में आधा हिस्सा मिलेगा। लंबे समय तक उनकी अपने पिता से बात नहीं हुई तो ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करने लगे।


 ससुरालवालों ने कई बार दस लाख रुपये और कार की मांग को लेकर उनकी पिटाई की और घर से निकालने की कोशिश की। वह गर्भवती हुईं तो ससुराल वालों ने चरित्र पर अंगुली उठाई और पिटाई की। जेठ भी शराब पीकर गलत हरकत करता था। पीड़िता की शिकायत पर इज्जतनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 107/2024, ससुर, सौतेली सास, दादी सास, जेठ-जेठानी व ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।


 पीड़िता की ओर से रिपोर्ट में नामजद कराए गए उसके ससुर ने जांच को गए विवेचक के सामने पक्ष रखा। कहा कि बेहद घृणित आरोप लगाए जा रहे हैं। इनकी सभी बिंदुओं पर जांच करा ली जाए। कहा कि प्रेम विवाह के दौरान वह अकेले शख्स थे, जो काफी परेशानी झेलकर भी इनके साथ खड़े थे। अब कुछ लोगों को खुश करने के लिए इल्जाम लगाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर कंटेंट बढ़ाने के लिए बेटा और बहू उनके परिवार की किरकिरी पर उतारू हैं।

आजमगढ़ जहानागंज जंगली सुअर का हमला, एक की मौत, 4 गंभीर पुलिस और वन विभाग की टीम सुअर को रेक्यू करने में जुटी


 आजमगढ़ जहानागंज जंगली सुअर का हमला, एक की मौत, 4 गंभीर


पुलिस और वन विभाग की टीम सुअर को रेक्यू करने में जुटी



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के  ग्राम बस्ती इलाके में एक जंगली सुअर ने बस्ती के लोगों पर हमला बोल दिया। इस हमले मे जहां एक की मौत हो गयी, वहीं चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और वन विभाग की टीम सुअर को रेस्क्यू करने में जुट गयी है।


जानकारी के अनुसार जहानागंज थाना क्षेत्र के बस्ती गांव में आज सुबह करीब 10 बजे जंगली सुअर ने ग्रामीणों पर हमला किया जिसमें कई लोगो को घायल कर दिया। इस हमले में बंगाली राम उम्र 58 वर्ष की मौत हो गयी। सुअर द्वारा उनके गले में काट लिया गया था जिससे काफी खून बहने से उनकी मौत हो गयी। जिसमें घायल चंद्रबली , रामकिरत , त्रिलोकी, सुभाष को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

 एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि जंगली सुअर की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम जंगली सूअर का रेस्क्यू करने में जुट गई है। जल्द ही उसका रेस्क्यू कर लिया जाएगा। मौके पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गयी है।

सुल्तानपुर महिला सिपाही द्वारा लगाए गए रेप के आरोप में इंस्पेक्टर को मिली क्लीन चिट भगोड़ा इंस्पेक्टर पर 50 हजार का ईनाम भी किया गया था घोषित


 सुल्तानपुर महिला सिपाही द्वारा लगाए गए रेप के आरोप में इंस्पेक्टर को मिली क्लीन चिट


भगोड़ा इंस्पेक्टर पर 50 हजार का ईनाम भी किया गया था घोषित


उत्तर प्रदेश सुल्तानपुर भगोड़ा इंस्पेक्टर निशू तोमर के चर्चित रेप के मामले में डेढ़ साल की विवेचना के बाद पुलिस ने 2000 पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की है। विवेचना में इंस्पेक्टर निशू तोमर पर महिला सिपाही की ओर से लगे रेप के आरोपी को पुलिस ने सत्य नहीं माना है। मामले में डीजीपी के तलब होने और सुल्तानपुर एसपी सोमेन वर्मा को व्यक्तिगत उपस्थिति करने के हाई कोर्ट के सख्त कदम के बाद यह नया प्रकरण सामने आया है।


जानकारी के अनुसार हलियापुर थाने में तैनात रहे चर्चित इंस्पेक्टर निशू तोमर से यह प्रकरण जुड़ा हुआ है। सुल्तानपुर में तैनाती के दौरान वो एक महिला सिपाही से संपर्क में आए थे। तत्कालीन एसपी विपिन मिश्रा के कार्यकाल में महिला सिपाही की तहरीर पर नगर कोतवाली में 14 जुलाई 2022 को रेप समेत अन्य धाराओं में इंस्पेक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद वह सितंबर 2022 में जिला सत्र न्यायालय पहुंचे थे जहां संदिग्ध परिस्थितियों में वह लापता हो गए थे। हाईकोर्ट में हवियस कॉरपस याचिका दाखिल की गई थी। जिसमें तत्कालीन डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान को तलब करते हुए स्पष्टीकरण हाईकोर्ट ने मांगा था। एसपी सुल्तानपुर सोमेन वर्मा भी व्यक्तिगत रूप से मामले में हाईकोर्ट तलब हो चुके हैं। नगर कोतवाल रहे राम आशीष उपाध्याय और महिला थानाध्यक्ष मीरा कुशवाहा समेत तत्कालीन क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र चतुर्वेदी पर पक्षपात का आरोप लगा था। जिसके चलते महिला थानाध्यक्ष मीरा कुशवाहा को सस्पेंड कर दिया गया था।


 इसी प्रकरण में पुलिस ने नगर कोतवाली में इंस्पेक्टर के खिलाफ भगोड़ा की धाराओं में मुकदमा भी पंजीकृत किया था। उन पर 50 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित हुआ था। बहरहाल चर्चित इंस्पेक्टर निशू तोमर अभी लापता हैं। सीबीआई के तर्ज पर दूसरे सीओ शिवम मिश्रा की तरफ से 2000 पेज का आरोप पत्र न्यायालय दाखिल किया गया है। जिसमें दुष्कर्म के इल्जाम को सही नहीं पाया गया है और इंस्पेक्टर को राहत दी गई है।


नीशू तोमर के अधिवक्ता बृजेश पाण्डेय ने बताया कि एक महिला आरक्षी ने फैब्रिकेटेड रेप का मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसमें पुलिस ने विवेचना किया और काफी उतार चढ़ाव आया। हमने जो एविडेंस दाखिल किए पुलिस ने गहराई से उसका परीक्षण किया। उनके ऊपर लगाए गए दुष्कर्म के आरोप नहीं पाए गए हैं। 504, 506 आईपीसी में पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल किया है। कोर्ट ने कहा है कि इसमें वादनी को सुना जाना आवश्यक है। अब इसमें 16 मार्च 2024 की तारीख नीयत है।

शाहजहांपुर भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बस पलटी, 15 घायल रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाते समय हुआ हादसा


 शाहजहांपुर भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बस पलटी, 15 घायल


रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाते समय हुआ हादसा



उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में शुक्रवार सुबह सड़क हादसा हो गया। रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 15 से अधिक कार्यकर्ता घायल बताए गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।


जानकारी के मुताबिक बदायूं जिले के दातागंज से भाजपा कार्यकर्ताओं की बस शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अयोध्या के लिए रवाना हुई थी। बताया गया कि बस में 40 से अधिक लोग सवार थे। शाहजहांपुर जिले के थाना जैतीपुर के गांव मानपुर नगरीय-नवादा मोड़ के बीच चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।


हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस जांच में जुट गई है। हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

बताया गया है कि कुंवरगांव के वनगढ़ गांव निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष हरवंश शाक्य के नेतृत्व में यह बस अयोध्या जा रही थी। निजी बस में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सवार थे। दातागंज में भाजपा जनप्रतिनिधियों ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।


बता दें कि बदायूं से शुक्रवार को 101 बसों और 51 कारों से 5100 भाजपाई और श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या रवाना हुए हैं। वहां से 24 फरवरी 2024 को इनकी वापसी होगी। श्रद्धालुओं के काफिले की एक बस शाहजहांपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।