Sunday, 24 August 2025

आजमगढ़ देवगांव अवैध हुक्का बार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संचालक गिरफ्तार फ्रेंड्स प्वाइंट कैफे में बिना लाइसेंस चल रहा था हुक्का बार, 3 हुक्के बरामद


 आजमगढ़ देवगांव अवैध हुक्का बार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, संचालक गिरफ्तार



फ्रेंड्स प्वाइंट कैफे में बिना लाइसेंस चल रहा था हुक्का बार, 3 हुक्के बरामद



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना देवगांव पुलिस ने लालगंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे हुक्का बार पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फ्रेंड्स प्वाइंट कैफे रेस्टोरेंट में छापा मारकर संचालक विकास चौरसिया को गिरफ्तार किया और मौके से तीन हुक्के व संबंधित उपकरण बरामद किए। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई, जिसमें पता चला था कि कैफे में बिना लाइसेंस हुक्का बार चलाया जा रहा है और कम उम्र के युवाओं को नशे की लत लगाई जा रही है।


शनिवार को लालगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि टीकरगाढ चौराहे से भीरा रोड पर स्थित फ्रेंड्स प्वाइंट कैफे में अवैध हुक्का बार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कैफे पर छापा मारा। वहां एक कमरे से धुआं निकलता देख पुलिस अंदर दाखिल हुई, जहां दो मेजों पर तीन हुक्के रखे मिले। संचालक विकास चौरसिया 19 वर्ष, निवासी कटघर लालगंज भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में विकास ने बताया कि वह रोजी-रोटी के लिए ग्राहकों को हुक्का पिलाता है। लाइसेंस मांगने पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।


पुलिस ने विकास चौरसिया को धारा 271 बीएनएस और 4/25 सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के तहत गिरफ्तार किया। मौके से बरामद तीन हुक्कों को कब्जे में लिया गया और हुक्का बार के कमरे को सील कर दिया गया। चूंकि अपराध जमानतीय था, इसलिए अभियुक्त के पिता प्रवेश चौरसिया और चाचा प्रमोद चौरसिया द्वारा जमानत मुचलका भरने के बाद विकास को मौके पर ही रिहा कर दिया गया। थाना देवगांव में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसकी जांच उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह कर रहे हैं। 


इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, कॉन्स्टेबल कमलेश कुमार सरोज, अजय कुमार पाल, दिनेशचंद्र यादव, सूर्यकांत तिवारी, प्रवीण दुबे और कमल चौरसिया शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में सख्त संदेश दिया गया है।

आजमगढ़ बरदह ठेकमा डीएम के आदेश पर पंचायत सहायक पर मुकदमा दर्ज आदेश की अवहेलना, धन गबन व शासकीय कार्यों में बाधा सहित लगे कई गंभीर आरोप


 आजमगढ़ बरदह ठेकमा डीएम के आदेश पर पंचायत सहायक पर मुकदमा दर्ज



आदेश की अवहेलना, धन गबन व शासकीय कार्यों में बाधा सहित लगे कई गंभीर आरोप


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के विकास खंड ठेकमा की ग्राम पंचायत वागपुर में तैनात पंचायत सहायक/एकाउंटेंट-कम-डाटा एंट्री आपरेटर यासिर खान पर गंभीर अनियमितताओं और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप लगे हैं। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ओम प्रकाश सिंह की तहरीर पर थानाध्यक्ष बरदह यासिर खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ओम प्रकाश सिंह के पत्र के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार यासिर खान को एग्रीस्टैक डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य के लिए ग्राम वागपुर में नियुक्त किया गया था, लेकिन उन्होंने इस आदेश की अवहेलना करते हुए कार्य करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने अन्य पंचायत सहायकों को भी भड़काकर इस सर्वे कार्य में बाधा उत्पन्न की। यासिर खान पर संगठन बनाकर सहकर्मियों को गुमराह करने, पंचायत भवन में आनलाइन उपस्थिति दर्ज कर अनुपस्थित रहने, उच्चाधिकारियों से अमर्यादित भाषा में बात करने और जन्म/मृत्यु प्रमाणपत्रों की आईडी हैक कर फर्जी प्रमाणपत्र बनाने जैसे गंभीर आरोप हैं।


पत्र में यह भी उल्लेख है कि यासिर खान ने 391 सेवाओं के लिए जनता से 11,730 रुपये (30 रुपये प्रति सेवा) वसूले, लेकिन इस राशि को ग्राम पंचायत के ओएसआर खाते में जमा नहीं किया, जिसे गबन का मामला बताया गया है। उनके इन कृत्यों से जनपद में एग्रीस्टैक डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।


जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर सहायक विकास अधिकारी द्वारा थानाध्यक्ष बरदह को दिये गये प्रार्थना पत्र के आधार पर यासिर खान के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।