Saturday, 16 May 2026

आजमगढ़ दीदारगंज बीए छात्रा व युवा पत्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत 3 भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी मृतका, गांव में शोक


 आजमगढ़ दीदारगंज बीए छात्रा व युवा पत्रकार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत


3 भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी मृतका, गांव में शोक



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के रम्मोपुर  गांव में शुक्रवार रात 20 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवती पढ़ाई के साथ-साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में भी सक्रिय थी। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को परिवार ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।


 जानकारी के अनुसार रमौपुर गांव निवासी साक्षी कन्नौजिया पुत्री सुरेश कन्नौजिया बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह 14 मई 2026 को परीक्षा देकर घर लौटी थी। परिजनों के मुताबिक साक्षी तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बड़ी बहन स्वेता और छोटे भाई अजीत का रो-रोकर बुरा हाल है। मां सुमित्रा देवी सहित पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।


 परिजनों ने बताया कि साक्षी  को पेट दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उसे दवा दिलाई गई थी। रात में वह अपने कमरे में सोने चली गई। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की तोड़कर अंदर से बंद दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर साक्षी का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। साक्षी की बड़ी बहन स्वेता ने बताया कि वह पढ़ाई के साथ मीडिया में भी काम करती थी और सामान्य रूप से व्यवहार कर रही थी। घटना से पूरा परिवार स्तब्ध है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी दीदारगंज जयप्रकाश ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

आजमगढ़ बरदह दूसरे की जमीन पर पास हुआ 2 लाख का लोन यूपी ग्रामीण बैंक बरदह शाखा पर फजीवार्ड़े का आरोप, पीड़ित ने बैंक प्रबंधन को दिया शिकायती पत्र


 आजमगढ़ बरदह दूसरे की जमीन पर पास हुआ 2 लाख का लोन



यूपी ग्रामीण बैंक बरदह शाखा पर फजीवार्ड़े का आरोप, पीड़ित ने बैंक प्रबंधन को दिया शिकायती पत्र


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह क्षेत्र स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में कथित फजीवार्ड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति की जमीन के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर दूसरे व्यक्ति के नाम पर दो लाख रुपये का ऋण स्वीकृत करा लिया गया। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने बैंक प्रबंधन को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। बरदह थाना क्षेत्र निवासी विवेक तिवारी ने बैंक प्रबंधन को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उनकी भूमि की नकल का गलत इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से दो लाख रुपये का लोन पास कराया गया। उन्होंने बताया कि जब वह अपनी जमीन की नकल निकलवाने गए, तब उन्हें इस गड़बड़ी की जानकारी हुई। जांच में पता चला कि उनकी जमीन के गाटा संख्या पर ऋण दर्ज दिखाया जा रहा है। 


पीड़ित का आरोप है कि बरदह गांव निवासी एक व्यक्ति ने उनकी जमीन के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर यह ऋण पास कराया है। उन्होंने मांग की है कि जिस व्यक्ति ने ऋण लिया है, उसी की जमीन पर उसे दर्ज किया जाए और उनकी भूमि से तत्काल हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। विवेक तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि बिना उनकी जानकारी के खाते में दूसरे व्यक्ति का नाम जोड़कर लेन-देन किया गया। उधर, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक बरदह शाखा के प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित ऋण उनके कार्यकाल में स्वीकृत नहीं हुआ था, बल्कि यह मामला पूर्व शाखा प्रबंधक के समय का है। इसके बावजूद पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।